- मुंबई कॉन्सर्ट में दिलजीत का जवाब, बोले- लोगों को डराकर शो से दूर रखना चाहते हैं
- धमकियों के बीच स्टेज पर गरजे दिलजीत, कहा- नफरत का जवाब प्यार से दूंगा
- 'शहरों में बारूदों का मौसम है...', दिलजीत की लाइन पर झूमे हजारों फैंस
बम धमकियों और सुरक्षा अलर्ट के बीच मुंबई में अपने कॉन्सर्ट के दौरान पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने स्टेज से ही धमकी देने वालों को जवाब दिया. महालक्ष्मी रेसकोर्स में हजारों फैंस की मौजूदगी में दिलजीत ने कहा कि लोगों को डराकर उनके शो में आने से रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह ऐसे लोगों को भी केवल प्यार ही देंगे. दिलजीत ने अपने अंदाज में गांव, मिट्टी और प्रेम की बात करते हुए कहा कि नफरत और धमकियां उनके संदेश को नहीं बदल सकतीं.
मंच से दिया प्यार का संदेश, कहा- शहरों में बारूदों का मौसम है…
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि लोग उनके शो में न आएं और डर के कारण कार्यक्रम से दूरी बना लें. उन्होंने स्टेज से कहा ‘कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे. उनका सिर्फ एक ही मकसद है कि लोग दिलजीत के शो में न आएं, डर जाएं और किसी भी तरह से रोके जाएं.'
धमकियों के बावजूद दिलजीत पूरे कॉन्सर्ट के दौरान उत्साहित दिखाई दिए. उन्होंने लगातार दर्शकों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया.
MUMBAI WE DID IT 😎🤘 AURA INDIA TOUR 2026 https://t.co/cXaGMI14jG
— DILJIT DOSANJH (@diljitdosanjh) November 27, 2026
उन्होंने कहा कि वह खुद गांव से आते हैं और उनके गीत भी गांव की मिट्टी से जुड़े हैं. दिलजीत ने कहा कि भले ही कोई उनके सभी गीतों को न समझे, लेकिन गांव की मिट्टी की खुशबू जरूर महसूस कर सकता है.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का जताया आभार, पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां
दिलजीत ने कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, जबकि कई लोग बाहर भी इंतजार कर रहे थे. सुरक्षा जांच में समय लगना स्वाभाविक है क्योंकि पुलिस अपना काम अच्छी तरह से कर रही है. उन्होंने मुंबई पुलिस का विशेष रूप से धन्यवाद भी किया.
धमकी भरे संदेशों में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास 'जलसा' और अन्य स्थानों का भी जिक्र किया गया था. इसके बाद मुंबई पुलिस ने जांच और सुरक्षा जांच अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
बेंगलुरु शो को भी मिली धमकी, धमकियों के बीच जारी है 'ऑरा टूर'
मुंबई के बाद दिलजीत दोसांझ का अगला बड़ा कार्यक्रम 29 नवंबर को बेंगलुरु में प्रस्तावित है. रिपोर्टों के अनुसार बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर भी धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद नॉर्थ CEN क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
दिलजीत दोसांझ का भारत दौरा 'ऑरा टूर' के तहत जारी है. दिल्ली-एनसीआर, इंदौर, अहमदाबाद और मुंबई में प्रस्तुति देने के बाद वह बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ में भी अपने शो करने वाले हैं.
यह भी पढ़ें : दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट से पहले MNS का विरोध, ड्रग्स को लेकर पुलिस में शिकायत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं