पंजाबी गायक और एक्टर दिलजीत दोसांझ अपनी गायकी और शानदार अंदाज के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं. वह जहां भी जाते हैं, अपने खास अंदाज से लोगों का दिल जीत लेते हैं. इस बीच दिलजीत ने गुजरात में एक ऐसी जगह का दौरा किया, जहां का नजारा देखकर वह काफी प्रभावित हुए. यहां दूर-दूर तक फैले सोलर पैनल और ऊंचे-ऊंचे विंड टर्बाइन देखकर उनके मुंह से निकला, 'बोहोत वधिया'. दरअसल दिलजीत दोसांझ ने कच्छ के खावड़ा में अदाणी ग्रुप के बड़े रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट का दौरा किया.
गुजरात के खावड़ा पहुंचे दिलजीत दोसांझ
दिलजीत दोसांझ हाल ही में अपने नेशनल कॉन्सर्ट टूर के सिलसिले में गुजरात पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट का दौरा किया. यह प्रोजेक्ट करीब 538 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है. इसे दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी और बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट बताया जा रहा है. दिलजीत ने वहां काम कर रहे इंजीनियरों से मुलाकात की. उन्होंने इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में आने वाली चुनौतियों और तकनीकी कामकाज के बारे में जानकारी ली. यह जगह काफी दूर और खारी जमीन वाले इलाके में स्थित है. यहां से सबसे नजदीकी आबादी वाली जगह भी करीब 70 से 100 किलोमीटर की दूरी पर है.

सोलर पैनल और विंड टर्बाइन देखकर हुए प्रभावित
दिलजीत ने प्रोजेक्ट के व्यूइंग टावर से पूरे इलाके का नजारा देखा. दूर-दूर तक फैले सोलर पैनल और हवा से बिजली बनाने वाली बड़ी-बड़ी टर्बाइन देखकर वह काफी प्रभावित हुए. इसके बाद उन्होंने प्रोजेक्ट के सेंट्रल कंट्रोल रूम का भी दौरा किया. यहां उन्हें बताया गया कि किस तरह डिजिटल तकनीक की मदद से इतने बड़े प्रोजेक्ट के कामकाज पर नजर रखी जाती है. दिलजीत ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने वाले कर्मचारियों की भी तारीफ की. उन्होंने वहां एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. इस मौके पर प्रोजेक्ट की टीम ने दिलजीत को कच्छ की मशहूर पारंपरिक रोगान कला से जुड़ी कलाकृति और अजरख प्रिंट वाला स्कार्फ भी भेंट किया.
2029 तक पूरा करने का है लक्ष्य
खावड़ा प्रोजेक्ट की कुल क्षमता 30 गीगावाट रखी गई है. इसमें 26 गीगावाट सौर ऊर्जा और 4 गीगावाट पवन ऊर्जा से बिजली बनाने की योजना है. अब तक यहां 11 गीगावाट से ज्यादा की रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादन क्षमता चालू हो चुकी है.
खावड़ा प्लांट में 6.63 GWh क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा, एक ही जगह पर स्थित और चालू 'बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम' (BESS) मौजूद है. यह भारत की कुल चालू BESS क्षमता का 50% से अधिक है, जो चौबीसों घंटे भरोसेमंद हरित ऊर्जा और ग्रिड की स्थिरता सुनिश्चित करता है. इस प्रोजेक्ट में 15 हजार से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं. इसके पूरा होने पर हर साल 1.7 करोड़ से ज्यादा घरों को बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है. साल 2029 तक इसे पूरा करने की योजना है.
यह प्रोजेक्ट पेरिस से पांच गुना बड़ा है और पूरा होने के बाद अंतरिक्ष से भी दिखाई देगा. अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) द्वारा क्रियान्वित, खावड़ा प्लेटफॉर्म भारत के ऊर्जा परिवर्तन में पांच वर्षों के भीतर लगभग 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की अदाणी समूह की प्रतिबद्धता का एक मुख्य आधार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं