विज्ञापन

अधिकांश दल परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के पक्ष में, हार देख विपक्ष कर सकता है वॉकआउट: सूत्र

सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सोमवार से आरंभ हो रही संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश करेगी. इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक होंगे.

अधिकांश दल परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के पक्ष में, हार देख विपक्ष कर सकता है वॉकआउट: सूत्र
संसद में अब इन बिलों पर आखिरी फैसला होगा. (फोटो-एनडीटीवी)
  • मोदी सरकार संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े बिलों को पास कराने के लिए पूरी तैयारी कर चुकी है
  • सरकार के पास संसद में दो-तिहाई से अधिक संख्या है और अधिकांश दल महिला आरक्षण बिल का समर्थन कर रहे हैं
  • पीएम मोदी ने 18 अप्रैल को राष्ट्र के नाम संबोधन में महिला आरक्षण का वादा किया और अब उसे पूरा कर रहे हैं

मोदी सरकार ने इस बार परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को संसद से पास कराने के लिए सारे गुणा-भाग कर लिए हैं. सरकार के टॉप सूत्रों का कहना है कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक संसद में इस बार आसानी से पारित होंगे. सरकार के पास दो-तिहाई से अधिक संख्या है. अधिकांश दल बिलों के समर्थन में हैं.

सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि संभव है कि विपक्ष संभावित हार को देखते हुए अपनी बात रखने के बाद वॉकआउट ही कर जाए. सूत्रों ने साफ किया कि पीएम मोदी ने बिल गिरने के बाद 18 अप्रैल को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था महिलाओं को आरक्षण देकर रहेंगे. अब पीएम अपना वादा पूरा कर रहे हैं. 

पीएम का वादा

पीएम ने 18 अप्रैल को कहा था- “मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे, हटाकर के रहेंगे. हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है. महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां, ये देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी भी रोक नहीं पाएंगे, सिर्फ वक्त का इंतजार है. नारी शक्ति के सशक्तीकरण का बीजेपी-एनडीए का संकल्प अक्षुण्ण है. कल हमारे पास संख्याबल नहीं था, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि हम हार गए. हमारा आत्मबल अजेय है. हमारा प्रयास रुकेगा नहीं, हमारा प्रयास थमेगा नहीं. हमारे पास आगे अभी और मौके आएंगे, हमें आधी आबादी के सपनों के लिए, देश के भविष्य के लिए, इस संकल्प को पूरा करना ही है.”

लोकसभा और विधानसभा दोनों में बदलाव

केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव किया है. इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान किया गया है. साथ ही, नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने का प्रस्ताव है.

सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सोमवार से आरंभ हो रही संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश करेगी. इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक होंगे, जबकि तीसरा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित होगा. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 होगी, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे. इसके अलावा, कुछ केंद्र शासित प्रदेशों को छोड़कर प्रत्येक राज्य में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी. राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या भी इसी अनुपात में बढ़ाने का प्रस्ताव है. 

यह भी पढ़ें | परिसीमन बिल का समर्थन क्यों? शरद पवार ने कांग्रेस को बता दी अपनी 'मजबूरी'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delimitation Bill 2026, Womens Reservation Bill, Parliament, Modi Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com