'बिग बॉस' मराठी फेम दिव्या शिंदे पर पुणे में एक डॉक्टर को घर में घुसकर बेल्ट और डंडों से पीटने का आरोप है. इस मामले में रील स्टार दिव्या शिंदे समेत 10 लोगों पर कालेपडल पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है. आरोप है कि 5 लाख रुपये की रंगदारी नहीं दिया तो डॉक्टर को जमकर पीटा और उसकी कार भी लूटकर ले गए.
पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी CMO डॉ. विद्याधर गायकवाड़ ने यह शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि 'कला आविष्कार महोत्सव' के प्रचार के बदले आरोपियों द्वारा 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी.
शिकायत के मुताबिक, अगस्त महीने से ही फोन और मैसेज के जरिए पैसों की मांग की जा रही थी. 17 सितंबर को दिव्या शिंदे और कुछ अन्य लोग डॉ. गायकवाड़ के घर भी गए थे. आरोप है कि 23 सितंबर को उन्हें एक होटल में बुलाकर फिर से 5 लाख रुपये मांगे गए और पैसे नहीं देने पर घर पर गुंडे भेजकर पिटवाने की धमकी दी गई.
24 सितंबर की रात दिव्या शिंदे समेत 8-10 लोग जबरन डॉक्टर के घर में घुस गए. डॉ. गायकवाड़ के चेहरे, पेट और पीठ पर लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई. शिकायत में धारदार हथियार, डंडे, बेल्ट और लोहे के बर्तनों से पीटने का भी जिक्र है.
दावा है कि डॉ. गायकवाड़ ने खुद को लकवा का मरीज बताकर मारपीट रोकने की भीख मांगी, लेकिन आरोपी नहीं रुके और घर के सामान की भी तोड़फोड़ की. शिकायत में कहा गया है कि 5 लाख रुपये न मिलने पर आरोपी डॉक्टर की कार छीनकर ले गए.
इस जानलेवा हमले में घायल डॉ. गायकवाड़ का फिलहाल पुणे के ससून अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. सहायक पुलिस निरीक्षक API अमित शेटे मामले की आगे की जांच कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं