भोपाल में मॉडल से अभिनेत्री बनीं ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में जांच अब अपने अंतिम चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है. इस बहुचर्चित मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की मांग पर अदालत ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी है. अब सभी की नजरें अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जब मामले में महत्वपूर्ण कानूनी प्रगति होने की संभावना है.
मंगलवार को भोपाल जिला एवं सत्र न्यायालय में दोनों आरोपी ऑनलाइन माध्यम से पेश हुए. त्विषा के परिजनों के अधिवक्ता अंकुर पांडेय ने बताया कि न्यायमूर्ति राम प्रताप मिश्रा की विशेष अदालत ने सीबीआई को 11 अगस्त तक अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है.
11 अगस्त तक बढ़ाई हिरासत
अदालत में सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच अंतिम चरण में है और कुछ शेष औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है. इसी आधार पर एजेंसी ने दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया. अब इस मामले की अगली सुनवाई 11 अगस्त को होगी.
अंकुर पांडेय ने बताया कि सीबीआई 11 अगस्त को अदालत में आरोपपत्र दाखिल करेगी. इससे पहले 25 जुलाई को विशेष अदालत ने गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. अदालत ने कहा था कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं. गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल के घर में कथित तौर पर फंदे से लटकी मिली थीं. इसके बाद उनकी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को दहेज के लिए प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया गया था
परिजन गए थे MP हाईकोर्ट
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब ट्विशा के परिजनों ने प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम में कथित खामियों का आरोप लगाते हुए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया. बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई. तभी से गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह न्यायिक हिरासत में हैं.
यह भी पढ़ें- सड़क पर शुरू कर दी धान की खेती! 10 महीने से रोड नहीं बना तो ग्रामीणों ने अपनाया अनोखा तरीका
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं