विज्ञापन

अयोध्या में सपा पर बरसे आकाश आनंद, बसपा नेता ने कहा, 'संविधान फाड़ने वाले आज संविधान लेकर घूम रहे हैं'

बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने शुक्रवार को अयोध्या में सपा पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि एससी-एसटी को प्रमोशन में आरक्षण देने वाले विधेयक का सपा ने संसद में विरोध किया था. उनका कहना था कि सपा नेताओं ने विधयेक की प्रतियां फाड़ी थीं.

अयोध्या में सपा पर बरसे आकाश आनंद, बसपा नेता ने कहा, 'संविधान फाड़ने वाले आज संविधान लेकर घूम रहे हैं'
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है. बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने शुक्रवार को अयोध्या जाकर इसे और गरमा दिया. वहां उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सपा ने प्रमोशन में आरक्षण देने वाले विधेयक का विरोध किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के सदस्य ने उस विधेयक की प्रतियां संसद में फाड़ी थीं. इसके साथ ही उन्होंने सपा पर बहुजन महापुरुषों के नाम पर रखे गए जिलों के नाम बदलने का भी आरोप लगाया. 

आकाश आनंद ने सपा पर क्या आरोप लगाए हैं

आकाश आनंद ने अयोध्या में कहा,''2012 में जब संसद में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) के कर्मचारियों को प्रमोशन में आरक्षण देने का विधेयक पेश किया गया था, तब किस पार्टी ने इसका सबसे ज्यादा विरोध किया था? वह समाजवादी पार्टी थी. उन्होंने तो लोकसभा में इस विधेयक की प्रति छीनकर फाड़ दी थीं.'' उन्होंने कहा कि आज वही लोग हाथों में संविधान की प्रति लेकर घूम रहे हैं. पहले वे संविधान को फाड़ते हैं और फिर उसे हाथ में लेकर दावा करते हैं कि वे हमारे रक्षक हैं!

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की बात न ही करें तो बेहतर है. साल 2013 को याद कीजिए, जब उनकी सरकार थी. मुजफ्फरनगर में छेड़छाड़ की एक घटना ने दंगे का रूप ले लिया था. इस हिंसा में 60 से ज्यादा लोगों की जान गई थी और हजारों परिवारों को कई महीनों तक राहत शिविरों में रहना पड़ा था. कानून-व्यवस्था पर उनकी पकड़ का यह हाल था.

बसपा नेता ने आरोप लगाया कि बहनजी (मायावती) की सरकार के दौरान बहुजन आंदोलन के महान महापुरुषों के नाम पर जिलों के नाम रखे गए थे. लेकिन 2012 में समाजवादी पार्टी के सत्ता में आते ही इन नामों को एक-एक करके हटा दिया गया था.उन्होंने कहा,''ये सिर्फ नाम नहीं थे और न ही किसी साइनबोर्ड पर लिखे कुछ शब्द थे. इन नामों के जरिए हमारी आने वाली पीढ़ियां अपना इतिहास जान सकती थीं, लेकिन जानबूझकर इन नामों को मिटा दिया गया.कांशीराम नगर को वापस कासगंज कर दिया गया, महामाया नगर को वापस हाथरस कर दिया गया, रमाबाई नगर को वापस कानपुर देहात, छत्रपति शाहूजी महाराज नगर को वापस अमेठी और ज्योतिबा फुले नगर को वापस अमरोहा कर दिया गया.'' उन्होंने कहा कि आज वही लोग दलितों और पिछड़े वर्गों से वोट मांगने के लिए 'पीडीए, पीडीए' का नारा लगा रहे हैं. दलित और पिछड़ों से वोट मांग रहे हैं. नाम मिटाने वाले आज नाम जपते फिर रहे हैं गांव-गांव,कस्बे-कस्बे.

कौन है बीजेपी की बी टीम

उन्होंने कहा कि सबसे मजेदार बात तो यह है कि ये कांग्रेस और सपा हमें बीजेपी की बी-टीम कहती हैं. ये आज मैं एक बार आप लोगों के बीच में क्लियर कर देना चाहता हूं. अभी राज्यसभा के टिकट देने की बारी आई थी, सपा ने पूरा पीडीए ढूंढ लिया. पिछड़ों में ढूंढा, दलितों में ढूंढा, अल्पसंख्यकों में ढूंढा, लेकिन इन्हें कोई नहीं मिला. मिला कौन? एक बड़ा उद्योगपति, जिनके पिताजी बीजेपी के समर्थन से राज्यसभा में बैठे हैं. टिकट मिलते ही साथियों, उन्हीं भाई साहब ने तारीफ किसकी करी सोचिए? अरे भाई...सपा के टिकट से राज्यसभा गए हैं, तो आदरणीय अखिलेश यादव जी की करनी चाहिए थी. लेकिन भाई साहब ट्वीट करकर प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद दे रहे थे.

ये भी पढ़ें: योगी और केशव मौर्य समेत यूपी भाजपा के टॉप 4 नेता खुद संभालेंगे सीट बंटवारे की कमान, CM किससे करेंगे बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Up Election 2027, BSP, Akash Anand, Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com