- डेयरी के नाम पर अवैध बूचड़खाना चलाया जा रहा था.
- मौके से भारी मात्रा में गौमांस और बड़े जानवर काटने के हथियार मिले.
- डेयरी करीब 4000 वर्गफीट में फैली थी, आज बुलडोजर चलाकर गिराया.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डेयरी की आड़ में अवैध बूचड़खाना संचालित कर गौकशी करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मौके से हथियार, गौमांस बरामद किया है. इसके अलावा तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. घटना के बाद प्रशासन ने अवैध डेयरी पर बुलडोजर चला कर नेस्तनाबूत कर दिया.
जानकारी के अनुसार, सड़कों पर घूम रही गायों को पकड़कर उन्हें डेयरी की आड़ में अवैध बूचड़खाने ले जाया जाता, जहां उन्हें काटकर उनका मांस बेचा जा रहा था. जब बजरंग दल कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी लगी तो उन्होंने डेयरी पर धावा बोला, सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई.
बाहर बोर्ड पर लिखा डेयरी, अंदर पड़ा था गौमांस
जब पुलिस और अन्य लोग अंदर गए तो देखा कि भारी मात्रा में गोमांस पड़ा हुआ है, जबकि बाहर डेयरी का बोर्ड लगा रखा था. अंदर हर तरफ मांस फैला हुआ था और बड़े जानवर काटने वाले हथियार भी रखे हुए थे. पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि बाकी आरोपी फरार हो गए. पुलिस ने गौवंश का वध करने वाले आरोपी अजीज, आसिफ और जुबैर को गिरफ्तार किया है. यह तीनों आपस में बाप बेटा और दामाद है.
इसके बाद अवैध रूप से संचालित डेयरी में बूचड़खाना चलाने पर प्रशासन ने उस पर बुलडोजर चला दिया. करीब चार हजार वर्गफीट पर यह डेयरी संचालित की जा रही थी.
खेत में दबा देते थे हड्डियां और अवशेष
आरोपी गौकशी के बाद हड्डियां और अवशेष पास में ही खेत में गहरा गड्ढा खोदकर गाड़ देते थे. मौके से FSL टीम ने भी सैंपल लिए हैं. वहीं, पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही है. साथ ही पता लगाने में जुटी है कि कब से यहां पर गौकशी की जा रही थी और इलाके में किस-किस की गाय चोरी हुई हैं, जिसे डेयरी के नाम पर संचालित बूचड़खाने में काट दिया गया.
एसडीएम रवीश श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल शहर में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत के एक अवैध गौशाला चल रही थी, जिसके खिलाफ शुक्रवार को शिकायत भी मिली थी, जब गौकशी के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद इसे आज गिराने का काम किया गया.
ये भी पढ़ें- Success Story: तालाब में डूबते बची, रिश्तेदारों के भी सुने ताने; अब कयाकिंग से MP का नाम रोशन कर रही सागर की बेटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं