विज्ञापन

SL vs IND: यशस्वी 0 पर आउट, देवदत्त ने अकेले पलट दिया मैच, स्टंप्स तक भारत 6 रन पीछे

भारत ने तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ दूसरे दिन की समाप्ति तक पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं. मेहमान टीम मेजबान टीम की पहली पारी से सिर्फ 6 रन पीछे है. 

SL vs IND: यशस्वी 0 पर आउट, देवदत्त ने अकेले पलट दिया मैच, स्टंप्स तक भारत 6 रन पीछे
रविंद्र जडेजा और देवदत्त पडिक्कल
IANS

भारत ने नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में जारी तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं. मेहमान टीम मेजबान टीम की पहली पारी से सिर्फ 6 रन पीछे है. 

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी 363/8 के स्कोर पर घोषित की. निशान मदुष्का और रविंदु रसनथा ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की. निशान 12 बाउंड्री के साथ 66 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रविंदु ने पसिंदु सूरियाबंदारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 171 के स्कोर तक पहुंचाया.

पसिंदु सूरियाबंदारा 6 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रविंदु ने 7 बाउंड्री के साथ 71 रनों की पारी खेली. इसके बाद कप्तान सोनल दिनुशा ने रमेश मेंडिस के साथ सातवें विकेट के लिए 63 रन जुटाते हुए टीम को 300 के पार पहुंचाया. सोनल ने टीम के खाते में 52 रन जोड़े. उनकी इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल रहे, जबकि रमेश मेंडिस ने 32 रन का योगदान दिया. भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि गुरनूर बरार ने 1 विकेट हासिल किया.

इसके जवाब में भारत को पारी की दूसरी ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल (0) के रूप मे झटका लगा. इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने कप्तान केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी करते हुए भारत को संभाला. केएल राहुल 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

भारत की तरफ से इस पारी में देवदत्त पड्डिकल ने 18 चौकों के साथ नाबाद 142 रन बना लिए हैं. वहीं, रवींद्र जडेजा 63 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. मानव सुथार ने 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. श्रीलंकाई खेमे से रमेश मेंडिस और असंका मनोज ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि विश्वा फर्नांडो और केशरा नुवानथा 1-1 विकेट अपने नाम कर चुके हैं.

इस वार्म-अप मैच के बाद टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मैच 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा. सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा.

ये भी पढ़ें-  Sai Sudharsan Replacement: साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट का जल्द होगा ऐलान, 2 नाम सबसे आगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Sri Lanka, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com