विज्ञापन

तालाब में स्विमिंग सीख कयाकिंग में बनाया करयिर, एक बार डूबते बची; अब सफलता का नया अध्याय लिख रही सागर की बेटी

डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विद्यालय की छात्रा रोशनी को बचपन से तालाब किनारे घूमना पसंद था. वहीं, उन्होंने स्विमिंग सीखी और फिर कयाकिंग में भी करियर बना लिया.

तालाब में स्विमिंग सीख कयाकिंग में बनाया करयिर, एक बार डूबते बची; अब सफलता का नया अध्याय लिख रही सागर की बेटी
सागर की रोशनी पटेल ने कयाकिंग में बनाया करियर.
NDTV
  • "इरादे मजबूत हों तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है" - ये कहावत सागर की रोशनी पटेल ने सच कर दिखाई.
  • छात्रा रोशनी को बचपन से तालाब किनारे घूमना पसंद था.
  • स्विमिंग सीखने की इच्छा से ट्रेनिंग शुरू की, वहीं कयाकिंग से पहली मुलाकात हुई.

सागर. कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है. सागर की बेटी रोशनी पटेल ने इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है. कभी तालाब किनारे घूमते हुए मन में सिर्फ स्विमिंग सीखने की इच्छा जागी थी, लेकिन किस्मत ने उन्हें कयाकिंग की दुनिया से परिचित कराया. आज वही रोशनी राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और अपनी मेहनत, साहस तथा लगन से जिले का नाम रोशन कर रही हैं.

डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विद्यालय की छात्रा रोशनी पटेल ने हाल ही में विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय कयाकिंग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. उनकी सफलता केवल एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है जो सामाजिक सोच और पारिवारिक दबाव के बीच अपने सपनों को पूरा करने का साहस जुटाती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

बचपन से घूमना पसंद था तालाब

रोशनी बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही तालाब किनारे घूमना पसंद था. एक दिन मन में विचार आया कि क्यों न तैराकी सीखी जाए. इसी सोच के साथ उन्होंने स्विमिंग की ट्रेनिंग शुरू की. प्रशिक्षण के दौरान उनकी नजर कयाकिंग खेल पर पड़ी. इस खेल की रोमांचक दुनिया ने उन्हें इतना आकर्षित किया कि उन्होंने तय कर लिया कि अब भविष्य इसी खेल में बनाना है.

रिश्तेदारों पर परिवार के फैसले पर उठाए थे सवाल

हालांकि, यह फैसला आसान नहीं था. जैसे ही रिश्तेदारों और परिचितों को पता चला कि रोशनी कयाकिंग जैसे साहसिक खेल में हिस्सा ले रही हैं, उन्होंने परिवार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई लोगों ने उनके पिता को समझाया कि बेटी को ऐसे खेलों में भेजना ठीक नहीं है. कुछ ने ताने दिए कि लड़कियों को घर की चारदीवारी तक ही सीमित रहना चाहिए. लेकिन रोशनी के पिता ने समाज की बातों की परवाह किए बिना अपनी बेटी के सपनों को प्राथमिकता दी और हर कदम पर उसका साथ दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

रोशनी का कहना है कि यदि परिवार का विश्वास और सहयोग नहीं मिलता तो शायद वह आज इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं. उनके पिता ने न केवल उन्हें अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया, बल्कि हर मुश्किल समय में उनका मनोबल भी बढ़ाया. यही विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गया.

सुबह-सुबह करतीं अभ्यास

राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर भी संघर्षों से भरा रहा. रोशनी रोज सुबह चार बजे उठकर अभ्यास के लिए जाती थीं. कई घंटे पानी में मेहनत करने के बाद घर लौटतीं, घरेलू कामों में परिवार का हाथ बंटातीं और फिर पढ़ाई के लिए विद्यालय जातीं. खेल और शिक्षा के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने कभी इसे बोझ नहीं माना.

बोट का संतुलन बनाए रखना सबसे कठिन

रोशनी बताती हैं कि कयाकिंग में सबसे कठिन काम बोट का संतुलन बनाए रखना होता है. शुरुआती दिनों में कई बार उनकी बोट पलट गई. कई बार वे तालाब में डूबते-डूबते बचीं और चोटें भी आईं, लेकिन इन घटनाओं ने उनका आत्मविश्वास कम नहीं किया. हर गिरावट के बाद उन्होंने फिर से उठना सीखा और पहले से अधिक मेहनत के साथ अभ्यास जारी रखा.

उनका मानना है कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और संघर्ष करना भी सिखाता है. लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने खुद को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया और मध्य प्रदेश की टीम में अपनी जगह बनाई.

सागर जिले के लिए गर्व की बात

आज रोशनी पटेल की उपलब्धि पूरे सागर जिले के लिए गर्व का विषय है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि बेटियों को अवसर और विश्वास मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं. सामाजिक ताने, कठिन परिस्थितियां और असफलताएं उनके हौसलों को नहीं रोक सकीं.

रोशनी की कहानी उन अभिभावकों के लिए भी एक प्रेरणा है जो समाज के डर से अपनी बेटियों के सपनों को सीमित कर देते हैं. यदि परिवार साथ खड़ा हो और बेटी के सपनों पर भरोसा करे तो वह हर चुनौती को पार कर सकती है.

सागर की यह बेटी आज केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि संघर्ष, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी है. उनकी सफलता यह साबित करती है कि मंजिल उन्हीं को मिलती है जो कठिन रास्तों पर भी कदम बढ़ाने का साहस रखते हैं. रोशनी की उड़ान अब उन हजारों बेटियों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो अपने सपनों को सच करने का हौसला रखती हैं.

ये भी पढ़ें- सिद्धू मूसेवाला की मां की तरह MP में 52 साल की महिला बनेगी मम्‍मी, जवान बेटे की मौत से सूनी हो गई थी गोद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, Roshni Patel, Kayaking, Sagar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com