Damoh News: दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आंजनी बेलखेड़ी में चाय पीने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ जाने से हड़कंप मच गया. बीमार होने वालों में पिता, पुत्र और पुत्री शामिल हैं. बताया जा रहा है कि घर में बनी चाय पीने के कुछ ही देर बाद तीनों को उल्टियां शुरू हो गईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया. जिला अस्पताल में भी स्थिति चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है.
चाय पीने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार ग्राम आंजनी बेलखेड़ी निवासी 45 वर्षीय पुस्सु पटेल, 17 वर्षीय शिवानी पटेल और 13 वर्षीय महेंद्र पटेल ने गुरुवार रात घर पर बनी चाय पी थी. परिजनों के मुताबिक चाय पीने के कुछ समय बाद ही तीनों को एक साथ उल्टियां शुरू हो गईं और उनकी हालत बिगड़ने लगी. परिवार के लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.

Food Poisoning Case: चाय की पत्ती का पैकेट
जंगल से लौटने के बाद बनाई गई थी चाय
पीड़ित परिवार के रिश्तेदार मंगल पटेल ने बताया कि उनके साढ़ू भाई पुस्सु पटेल रात में जंगल से लौटकर घर पहुंचे थे. घर आने के बाद उन्होंने अपनी बेटी शिवानी से चाय बनाने के लिए कहा. चाय तैयार होने के बाद पुस्सु पटेल, शिवानी और महेंद्र ने चाय पी. इसके कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत अचानक खराब हो गई.
पहले बटियागढ़, फिर दमोह जिला अस्पताल
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तीनों को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया. दमोह जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन पुस्सु पटेल की हालत अधिक गंभीर होने के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजने का निर्णय लिया गया.

Food Poisoning Case: पीड़ित
डॉक्टर ने जताई प्वाइजनिंग की आशंका
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ऐश्वर्या प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग या किसी विषैले पदार्थ के सेवन से जुड़ा प्रतीत होता है. डॉक्टर के अनुसार तीनों मरीजों ने बताया कि चाय पीने के बाद उन्हें लगातार उल्टियां होने लगी थीं. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है.
पुलिस को दी गई सूचना
अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है. अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी और यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि चाय में कोई विषैला पदार्थ कैसे पहुंचा. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला खाद्य विषाक्तता का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.
परिजन चिंतित, जांच का इंतजार
घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है. तीनों का उपचार जबलपुर मेडिकल कॉलेज में जारी है. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं. सभी की नजर अब चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे इस घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.
यह भी पढ़ें : मुझे मेरी बंदूकबाज पत्नी से बचाओ : ग्वालियर में पति की गुहार; 10 शादियां, ठगी और 5 लाख की वसूली मांगने का आरोप
यह भी पढ़ें : इंस्टाग्राम रील ने खोली शिकारियों की पोल: दुर्लभ विशाल गिलहरी और बंदर का शिकार करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : पिता के जेल जाने की सजा बच्ची को नहीं दे सकता स्कूल; हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, कक्षा में बैठाने के निर्देश
यह भी पढ़ें : MP में आंध्रप्रदेश से आएंगे वाइल्ड डॉग्स, राजस्थान से सोन चिड़िया; CM मोहन यादव ने टास्क फोर्स को दी मंजूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं