पचमढ़ी: मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में काम करने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की दोपहर छात्रा अपने एक स्कूल फ्रेंड से मिलने के लिए बस स्टैंड पहुंची थी. वहां पीड़िता और उसके दोस्त की मुलाकात जिप्सी चालक हरिओम से हुई, उसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे. तीनों आरोपी पीड़िता और उसके दोस्त को घुमाने के बहाने दक्षिण स्काउट गाइड के पास स्थित जंगल में ले गए, जहां आरोपियों ने छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया और उसके साथ गैंगरेप किया.
आरोपियों ने छात्रा को जान से मारने की धमकी
वारदात के बाद तीनों आरोपियों ने छात्रा और उसके दोस्त को किसी को भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी. घर लौटने के बाद डरी हुई पीड़िता ने स्कूल जाना बंद कर दिया. बड़ी बहन ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी आपबीती सुनाई. इसके बाद रविवार रात परिजनों ने पचमढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. महिला सब-इंस्पेक्टर मोनिका सिंह ने पीड़िता के बयान दर्ज किए. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया.
पर्यटन स्थल की सुरक्षा पर उठे सवाल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया. पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर जिप्सी चालक की संलिप्तता से हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं