सऊदी अरब की अदालत ने एक नौकरानी (हाउस हेल्प) को बिना शादी के बच्चा पैदा करने के लिए 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई है. यह हाउस हेल्प अफ्रीकी देश केन्या की है जो काम करने सऊदी आई थी. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार यह फैसला पिछले महीने सुनाया गया था और यह दिखाता है कि आज भी सऊदी में महिलाओं को 'अवैध प्रेग्नेंसी' के लिए जेल में डाला जा सकता है और सजा दी जा सकती है. यह फैसला उस मां के लिए एक बहुत बड़ा झटका है, जो पिछले एक साल से अधिक समय से अपने बच्चे के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रही है, लेकिन हर कदम पर उसे रोका गया है.
क्या है पूरा मामला?
इस मां का नाम एस्थर वांजा मुथोनी और वह पूर्वी अफ्रीका की उन हजारों घरेलू कामगारों में से एक हैं, जिन्हें सऊदी अरब में हाउसकीपर और नैनी के तौर पर काम करने के लिए लाया गया है. मुथोनी सऊदी अरब की एक कंपनी, महाराह ह्यूमन रिसोर्सेज के जरिए कानूनी तौर पर सऊदी में घरेलू कामगार के रूप में काम कर रही थीं. उसी दौरान सऊदी अरब में रहने वाले एक मिस्र के नागरिक के साथ उनके छोटे से रिलेशनशिप के दौरान वो प्रेगनेंट हो गईं. उन्होंने अगस्त 2025 में स्टाफ क्वाटर में बच्चे को जन्म दिया. एक सुपरवाइजर को जब उनके बारे में पता चला तो वो उन्हें हॉस्पिटल ले गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने प्रेगनेंसी के बारे में पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में ले लिया.
पुलिस को दिए बयानों में मुथोनी ने कहा कि बच्चे के पिता, जिसका नाम सिर्फ मोहम्मद बताया गया, वह देश छोड़कर चला गया है. उस समय तो इस महिला को रिहा कर दिया गया, लेकिन स्टाफ हाउसिंग और एक शेल्टर से उन्हें वापस भेज दिया गया. केन्या के दूतावास से भी उन्हें कोई मदद नहीं मिली. आखिरकार वो एक गैस स्टेशन पर रहने लगीं. अब उन्हें सजा सुनाई गई है.
इस्लामी कानून के आधार पर सजा
अक्टूबर में कोर्ट ने मुथोनी को विवाह के बाहर यौन संबंध बनाने का दोषी पाया. जजों ने इस्लामी कानून की एक रूढ़िवादी व्याख्या का सहारा लिया, जिसमें कुरान की एक आयत के आधार पर 100 कोड़े मारने का प्रावधान है. अदालत के फैसले से यह पता नहीं चलता कि अधिकारियों ने पिता के खिलाफ कोई कार्रवाई की हो. सऊदी कानून के तहत, महिलाओं को बैठाकर और कपड़े पहनाकर, उनके शरीर पर बांस की छड़ी से कोड़े मारे जाते हैं.
कोड़े मारने की सजा के अलावा, अदालत ने इस मां को एक साल के लिए निर्वासित करने की सजा भी सुनाई. सऊदी नियमों के अनुसार, यदि फैसले में किसी जगह का जिक्र नहीं है, तो उस महिला या पुरुष को आमतौर पर सऊदी के ही किसी दूसरे शहर भेज दिया जाता है. अगर महिलाओं के साथ जाने के लिए कोई पुरुष रिश्तेदार न हो, तो अदालतें ऐसी सजाओं पर पुनर्विचार कर सकती हैं.
यह भी पढ़ें | समंदर के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सड़क, 4 लेन वाली होगी 27 किमी लंबी सुरंग, टूटेगा जापान का रिकॉर्ड
लोग कर रहे सवाल- बच्चे के पिता को सजा क्यों नहीं
सोशल मीडिया पर लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर शादी के बिना प्रेगनेंट होना गलत है तो बच्चे के पिता को सजा क्यों नहीं दी जा रही. X पर एक पोस्ट पर एक यूजर ने लिखा कि "मैं यह जानने के लिए उत्सुक हूं कि जिसने उसे प्रेगनेंट किया है, उसके साथ वे क्या करेंगे."
एक और यूजर ने लिखा कि "यह तो पागलपन है. बच्चे को जन्म देने के बाद वह कमजोर होगी और उसे देखभाल की ज़रूरत होगी... और अदालत ने फैसला सुनाया कि उसे कोड़े मारे जाएं! अगर उसने संतों के बीच रहते हुए कोई अक्षम्य अपराध किया ही है, तो उसे देश से बाहर क्यों नहीं निकाल दिया जाता?"
एक और यूजर ने लिखा कि यह कितना पिछड़ा और आदिम देश है. लोग वहां क्यों जाते हैं?
यह भी पढ़ें | इंडोनेशिया में प्रेमी जोड़े को 'तालिबानी सजा', बिना शादी सेक्स और शराब पीने पर दोनों को 140 बार कोड़े मारे गए
यह भी पढ़ें | 66 सैनिकों को एक साथ मिलेगी फांसी, 'कायर थे, जंग में पीठ दिखाकर भाग गए तो अब मिली सजा-ए-मौत'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं