विज्ञापन

15 सेकंड में 30 से ज्यादा गोलियां.. कुलगाम CRDF कैंप पर आतंकी हमले का CCTV वीडियो आया सामने

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने CRPF के नाके पर हमला कर दिया. बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षा बलों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

कुलगाम आतंकी हमले का वीडियो आया सामने
NDTV
  • जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ के नाके पर बाइक सवार आतंकियों ने दिनदहाड़े हमला किया था
  • इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए, जिनका इलाज अनंतनाग के जीएमसी अस्पताल में चल रहा है
  • हमले के दौरान आतंकियों ने मात्र पंद्रह सेकंड में तीस से अधिक गोलियां चलाईं और फिर भाग गए

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके पर हमला कर दिया. बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर मौके से भाग गए. इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए. इस हमले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि सीआरपीएफ जवान ड्यूटी पर तैनात हैं. इसी दौरान हमलावर ताबड़तोड़ फायरिंग कर देते हैं. वीडियो में हमलावर तो दिखाई नहीं दे रहे, लेकिन गोलीबारी और जवानों को देखा जा सकता है. महज 15 सेकंड में हमलावर 30 से ज्यादा गोलियां चला देते हैं.

सीआरपीएफ के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी. हमला इतना अचानक हुआ कि जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया. यह सीआरपीएफ पार्टी पर हमला था और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है. घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है.

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, घायल जवानों की पहचान सीटी/जीडी राकेश दास, सीटी/जीडी संतोष चंद्रू और एचसी/जीडी सोमवीर सिंह के रूप में हुई है. राकेश दास असम के रहने वाले हैं। उनके पैर में गोली लगी है लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

दूसरे घायल जवान संतोष चंद्रू पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. उनके पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है. उन्हें तुरंत ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल गंभीर है.

तीसरे घायल जवान एचसी/जीडी सोमवीर सिंह मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं. उनके बाएं हाथ में गोली लगी है और उनकी हालत स्थिर है. शुरुआत में सूत्रों ने बताया था कि इस हमले में दो जवान घायल हुए हैं लेकिन बाद में आधिकारिक जानकारी में तीन जवानों के घायल होने की पुष्टि हुई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kulgam, Kulgam Attack, Kulgam Assembly Seat, Kulgam Attack News, Kulgam Attack Compensation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com