- दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पुलिस और STF जांच में जुटी
- 'पहले पोहा खाएंगे, फिर शो करेंगे', धमकी के बीच दिलजीत का बड़ा बयान
- IED धमकी के बाद कॉन्सर्ट सुरक्षा पर फोकस, जांच तेज
पंजाबी सुपरस्टार और सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. 15 नवंबर को होने वाले इस इवेंट को लेकर ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए एक धमकी भरे मेल में कॉन्सर्ट के स्टेज को IED से उड़ाने की चेतावनी दी गई है. धमकी मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस, भोपाल STF और इंदौर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तकनीकी जांच में मेल भेजने के लिए विदेशी नेटवर्क और VPN के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं. सुरक्षा एजेंसियां अब मेल के सोर्स और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं.
ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल पर आया धमकी भरा संदेश
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल मिला. इसमें 15 नवंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के मंच को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी आईईडी लगाकर उड़ाने की धमकी दी गई. मेल में सीधे तौर पर ग्वालियर हाईकोर्ट को निशाना नहीं बनाया गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है. ग्वालियर पुलिस ने धमकी भरा मेल मिलने की पुष्टि की है, हालांकि जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है.
विदेशी IP और VPN की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि ई-मेल भेजने के लिए जिस IP एड्रेस का इस्तेमाल किया गया, वह विदेशी नेटवर्क से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि VPN के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं और यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं पहचान छिपाने के लिए फर्जी IP एड्रेस का इस्तेमाल तो नहीं किया गया. जांच एजेंसियां ई-मेल की डिजिटल ट्रेल, सर्वर डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.
ग्वालियर और भोपाल से इंदौर तक सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
धमकी के बाद ग्वालियर पुलिस, भोपाल STF और इंदौर पुलिस के बीच समन्वय बढ़ा दिया गया है. ग्वालियर हाईकोर्ट और न्यायाधीशों के आवासों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. इंदौर पुलिस ने भी पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि कॉन्सर्ट आयोजन के लिए अभी तक औपचारिक अनुमति आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने पर सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
दिलजीत ने कहा- 15 नवंबर को जरूर आऊंगा
लगातार मिल रही धमकियों और अटकलों के बीच दिलजीत दोसांझ ने खुद सामने आकर अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया है कि इंदौर कॉन्सर्ट तय कार्यक्रम के अनुसार होगा. इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान उन्होंने कहा, '15 तारीख को इंदौर आ रहे हैं, 101 परसेंट आ रहे हैं. सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर शो करेंगे.' उन्होंने आगे कहा, 'कोई कुछ भी बोले, मैं 15 तारीख को जरूर मिलूंगा. आप सिर्फ मेरी बात पर विश्वास रखो.' दिलजीत ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में उनके कॉन्सर्ट को लेकर कई तरह की खबरें चलाई गईं और उनमें अतिरिक्त मसाला भी जोड़ा गया, लेकिन प्रशंसकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है.
स्कूलों को भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब इंदौर में किसी कार्यक्रम या संस्थान को धमकी मिली हो. हाल के दिनों में शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को भी बम धमाके की धमकी वाले ई-मेल मिले थे. उन मामलों की जांच भी साइबर एक्सपर्ट्स और पुलिस एजेंसियों द्वारा की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा मामले और पहले मिले धमकी भरे ई-मेल के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी.
पहले भी विवादों में रहा कॉन्सर्ट
इंदौर कॉन्सर्ट हाल के दिनों में अन्य कारणों से भी चर्चा में रहा है. उनके चार फेमस सॉन्ग (पटियाला पेग, 5 तारा ठेके, जेब विचो फीम और जट्ट फायर करदा) के परफॉर्मेंस पर रोक लगा दी गई थी. यह निर्णय शराब और हिंसा के कथित महिमामंडन को लेकर उठी आपत्तियों के बाद लिया गया था. इससे पहले अक्टूबर में दिल्ली में प्रस्तावित उनके कॉन्सर्ट को भी सुरक्षा संबंधी इनपुट के कारण प्रारंभिक अनुमति नहीं मिली थी. बाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद कार्यक्रम को मंजूरी दी गई और शो सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था.
यह भी पढ़ें : दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट, 'पटियाला पेग' समेत 4 गानों पर रोक, बच्चों को लेकर सख्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं