महाराष्ट्र के नागपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया. नागपुर के पांचपावली इलाके में 45 साल के एक शख्स पर यह आरोप लगा है कि वो अपनी ही 10 साल की बेटी के साथ बार-बार रेप कर रहा था. मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया गया. अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पीडित बच्ची चौथी कक्षा में पढ़ती है. बच्ची की मां की सूझबुझ से इस शर्मनाक मामले का खुलासा हुआ. मिली जानकारी के अनुसार बच्ची के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान देखने और पेशे से जेसीबी ऑपरेटर अपने पति के व्यवहार पर शक होने के बाद, मां ने घर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चुपके से एक सीसीटीवी कैमरा लगा दिया था. इसी कैमरे के जरिए इस घिनौनी वारदात का पर्दाफाश हुआ.
टीवी के पीछे लगाया खुफिया कैमरा
यह खुफिया कैमरा घर में टीवी के पीछे लगाया गया था. शिकायतकर्ता 32 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी दस वर्षीय बेटी के शरीर पर एक इन्फेक्शन देखा था, जिससे उसे यौन शोषण का शक हुआ. उसने अपनी सहेलियों से इस विषय पर चर्चा की और फिर घर में सीसीटीवी कैमरा लगा दिया. मिली जानकारी के अनुसार, यह कैमरा करीब एक साल से घर की गतिविधियों को रिकॉर्ड कर रहा था. इस सीसीटीवी का लाइव फीड महिला की सहेली के मोबाइल फोन पर उपलब्ध था.
सीसीटीवी फुटेज में बेटी का शोषण करते दिखा आरोपी
सहेली इस रिकॉर्डिंग पर नजर रखती थी. इसी दौरान उसने एक ऐसा फुटेज सेव किया, जिसमें आरोपी अपनी ही बेटी का कथित तौर पर यौन शोषण करता हुआ नजर आ रहा था. बाद में यह फुटेज बच्ची की मां ने देखा. इस दृश्य को देखकर सदमे में आई मां ने अपनी बेटी से इस बारे में बात की, तब 10 वर्षीय बच्ची ने बताया कि उसके पिता ने उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार उसके साथ यौन उत्पीड़न किया है.
बच्ची ने यह भी बताया कि पिता ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा, जिसके डर से वह चुप रहने को मजबूर थी. इस खुलासे के बाद मां ने तुरंत पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई.
26 अगस्त से शुरू हुआ शोषण
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार, गंभीर यौन उत्पीड़न, आपराधिक धमकी और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि यह कथित अपराध 26 अगस्त से शुरू हुआ था और आखिरी घटना 9 नवंबर को सामने आई.
अब इस जांच में सीसीटीवी की यह रिकॉर्डिंग एक बेहद अहम सबूत साबित होगी.पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला दर्ज होने के तुरंत बाद सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. कथित उत्पीड़न की पूरी गंभीरता और सच्चाई को समझने के लिए जांच अधिकारी अब रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों की बारीकी से जांच कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें - बंगाल में रेप और हत्या के एक और आरोपी का एनकाउंटर, चार महीने में चार ढेर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं