- बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता पर फिर हमला, केस वापस नहीं लिया तो छत से फेंका
- रात में घर में घुसे बदमाश, पीड़िता को छत पर ले जाकर दिया धक्का
- बेगूसराय में शर्मनाक वारदात, दुष्कर्म पीड़िता जिंदगी और मौत से जूझ रही
बिहार के बेगूसराय में एक गैंगरेप पीड़िता पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. परिवार का आरोप है कि दुष्कर्म मामले को वापस लेने का दबाव बना रहे बदमाशों ने महिला को उसके घर की छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना चकिया थाना क्षेत्र की है. महिला को गंभीर हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
चार महीने पहले हुई थी सामूहिक दुष्कर्म की घटना
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक चकिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला पहले से ही सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में न्याय की लड़ाई लड़ रही है. परिजनों ने बताया कि 11 जून को उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपियों के सहयोगी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे. परिवार को कई बार धमकियां दी गईं और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई.
देर रात घर पहुंचकर किया हमला
पीड़िता के पति ने बताया कि घटना की रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने पहले परिवार के एक सदस्य के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया. घर के भीतर से आवाज सुनकर महिला दरवाजा खोलने पहुंची तो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया. परिजनों के अनुसार आरोपी महिला को जबरन उठाकर घर की छत पर ले गए. वहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे नीचे फेंक दिया गया. करीब 12 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों के जुटने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए.
परिवार ने पुराने आरोपियों के गुर्गों पर लगाया आरोप
पीड़िता के पति का आरोप है कि जून महीने में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले के आरोपियों के इशारे पर ही यह हमला कराया गया है. उनका कहना है कि जेल में बंद आरोपियों के सहयोगी लगातार परिवार पर समझौते और केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे. परिवार का दावा है कि कई बार घर के बाहर आकर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई. जब परिवार ने मुकदमा वापस लेने से इनकार कर दिया तो बदमाशों ने यह हमला किया.
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
हमले में घायल महिला को तत्काल बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. परिजनों के मुताबिक महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर एक नामजद और एक अन्य आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि मामले में नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. डीएसपी के अनुसार पीड़िता ने बताया है कि रात करीब 12 बजे झांसा देकर गेट खुलवाया गया था. इसके बाद दो लोग उसे छत पर ले गए और नीचे धक्का दे दिया. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें : बेगूसराय के होटल में महिला के साथ दरिंदगी करने वाला रोहित सहनी कौन? नेपाल भागते समय गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं