- दिल्ली-NCR में 2026 की सर्दियों की शुरुआत में वायु प्रदूषण का स्तर पिछले सालों की तुलना में अधिक गंभीर रहा है
- दिवाली से पहले PM2.5 का औसत स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया
- दिल्ली में ट्रैफिक जाम और वाहनों से निकलने वाला धुआं स्थानीय प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बना हुआ है
2026 में सर्दियों की शुरुआत (अक्टूबर से मध्य नवंबर तक) में दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण और खराब हो गया है. पर्यावरण पर नजर रखने वाली संस्था - सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) ने अपने नए विश्लेषण रिपोर्ट में ये खुलासा किया है.
CSE में रिसर्च एंड एडवोकेसी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, अनुमिता रॉयचौधरी के मुताबिक, "दीवाली का प्रदूषण हर साल एक अहम tipping point होता है, लेकिन इस साल त्योहार से पहले ही हवा में कणों का बढ़ा हुआ स्तर यह दिखाता है कि प्रदूषण का शुरुआती स्तर पिछले सालों के मुकाबले ज्यादा है.
बढ़ा रहा प्रदूषण का संकट: CSE
साल 2026 में दिवाली से पहले वाले हफ्ते में PM2.5 का औसत स्तर 236 µg/m³ दर्ज किया गया, जो पिछले तीन सालों में सबसे ज्यादा है.
यह 2025 में दर्ज किए गए PM2.5 के औसत स्तर 120 µg/m³ के मुकाबले 97 प्रतिशत ज्यादा है.
2024 के 179 µg/m³ के मुकाबले ये 32% ज्यादा है.
इन आंकड़ों से पता चलता है कि इस साल त्योहार से पहले प्रदूषण में काफी ज्यादा तेजी आई है. ये आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पोर्टल पर मौजूद एयर क्वालिटी डेटा के विस्तृत विश्लेषण, भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान द्वारा जारी प्रदूषण के स्रोतों के योगदान और टॉम टॉम से प्राप्त ट्रैफिक डेटा के विश्लेषण से इकट्ठा किये गए हैं.
CSE की डिप्टी प्रोग्राम मैनेजर, शरणजीत कौर के मुताबिक, '2026 में दिल्ली में सर्दियों से पहले का प्रदूषण, 2025 के मुकाबले आम तौर पर ज्यादा रहा. सिर्फ सितंबर के आखिर में बारिश की वजह से इसमें कुछ समय के लिए कमी आई थी. दोनों ही सालों में, दिवाली से कुछ दिन पहले प्रदूषण काफी बढ़ गया था. हालांकि, त्योहार से पहले के इस हफ्ते में, पिछले सालों की तुलना में 2026 में जहरीले तत्वों का स्तर काफी ज्यादा और खराब था.
CSE के आंकलन के मुताबिक, Delhi-NCR में प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों में परिवहन प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बना हुआ है. ट्रैफिक जाम के विश्लेषण से पुष्टि होती है कि वाहनों से निकलने वाला धुआं रोजाना लोगों को जहरीले प्रदूषण के संपर्क में लाने का मुख्य कारण है.
अनुमिता रॉयचौधरी कहती हैं, मुख्य स्रोतों से होने वाले उत्सर्जन को नियंत्रित करने के लिए जो उपाय साल भर किये गए वो नाकाफी रहे हैं. अगर सर्दियों की शुरुआत में हवा साफ होती और खेतों में पराली जलाने या पटाखे फोड़ने जैसी घटनाओं पर लगाम लगी होती, तो मौसम में बदलाव के कारण इतना गंभीर प्रदूषण नहीं होता.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि BS-VI से पहले के वाहनों पर लगाई गई इमरजेंसी पाबंदियां भी ट्रैफिक कम करने में विफल रही हैं. इस दौरान पराली जलाने से होने वाले धुएं का हिस्सा बढ़ा है, लेकिन खेतों में आग लगने की घटनाएं कम होने पर भी गंभीर प्रदूषण की स्थिति बनी रही.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं