विज्ञापन

MP: घी में ‘महामिलावट’! जांच में 16 ब्रांड हुए फेल; कहीं आप भी तो नहीं खा रहे नकली घी? देखें पूरी लिस्ट

मध्यप्रदेश में घी में बड़े पैमाने पर मिलावट का खुलासा हुआ है. खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में 16 घी ब्रांड असुरक्षित या अमानक पाए गए हैं. कई नमूनों में पाम ऑयल सहित अन्य मिलावटी तत्व मिले हैं. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, डिंडौरी, धार और दमोह के ब्रांड जांच में फेल हुए हैं.

MP: घी में ‘महामिलावट’! जांच में 16 ब्रांड हुए फेल; कहीं आप भी तो नहीं खा रहे नकली घी? देखें पूरी लिस्ट
  • मध्य प्रदेश सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए 20 जुलाई 2026 से विशेष अभियान शुरू किया था.
  • जांच में प्रदेश के 16 घी ब्रांड असुरक्षित या अमानक पाए गए हैं जिनमें पॉम ऑयल जैसी मिलावट मिली है.
  • भोपाल के छह, इंदौर के चार, उज्जैन के दो और अन्य जिलों के घी ब्रांड जांच में फेल हुए हैं.

मध्य प्रदेश में खाने-पीने की चीजों में मिलावट के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के दौरान घी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जांच में प्रदेश के 16 घी ब्रांड ऐसे पाए गए हैं, जिनके नमूने असुरक्षित या अमानक श्रेणी में आए हैं. जांच में कई नमूनों में पॉम ऑयल समेत अन्य प्रकार की मिलावट मिलने की बात सामने आई है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुए अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है. ऐसे में अगर आप भी बाजार से घी खरीदकर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है.

मिलावट के खिलाफ अभियान में बड़ा खुलासा

प्रदेश सरकार ने 20 जुलाई 2026 से दूध और घी सहित खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया था. अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रदेशभर से 2500 से अधिक नमूने एकत्र किए. इनमें से अब तक 889 नमूनों की जांच रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट में 112 नमूने अमानक पाए, जबकि घी के कई नमूनों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.

16 घी ब्रांडों पर कार्रवाई के आदेश

खाद्य सुरक्षा नियंत्रक मनोज पुष्प ने जांच रिपोर्ट के आधार पर 16 ब्रांडों की सूची जारी की. इन ब्रांडों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं. विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी.

भोपाल के 6 ब्रांड जांच में फेल

राजधानी भोपाल से जुड़े छह घी ब्रांडों के नमूने जांच में असुरक्षित या अमानक पाए गए हैं. इनमें शगुन घी, द्वारकेश घी, दानेदार घी, भूमि घी, भूमि प्रीमियम प्योर घी और भूमि काऊ प्योर घी शामिल हैं. विभागीय जांच में इन उत्पादों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरी.

इंदौर और उज्जैन के ब्रांड भी सूची में

इंदौर से श्री सुधा प्रीमियम घी, गुमार प्योर घी, श्री मूल शुद्ध घी और श्री मूल गाय का घी के नमूने फेल पाए गए हैं. वहीं उज्जैन से एसआरएमआई मिल्क देशी घी (स्पेशल ग्रेड) और मिल्क क्रीम घी का नाम सूची में शामिल है. इन ब्रांडों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

अन्य जिलों के ब्रांड भी जांच के घेरे में

डिंडौरी जिले के वास्तु घी और गोपी श्री घी, दमोह के औरोगी गाय के घी तथा धार के मिल्क क्रीम घी के नमूने भी जांच में मानक पर खरे नहीं उतरे. विभाग ने इन सभी मामलों को गंभीर मानते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी है.

पॉम ऑयल समेत अन्य मिलावट के संकेत

जांच के दौरान कुछ घी नमूनों में पॉम ऑयल सहित अन्य मिलावटी तत्व पाए गए. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की मिलावट से उपभोक्ताओं को शुद्ध घी के नाम पर नकली या निम्न गुणवत्ता वाला उत्पाद मिल सकता है. यही कारण है कि विभाग लगातार जांच और निगरानी बढ़ा रहा है.

जांच में फेल हुए 16 घी ब्रांडों की सूची

भोपाल

  • शगुन घी
  • द्वारकेश घी
  • दानेदार घी
  • भूमि घी
  • भूमि प्रीमियम प्योर घी
  • भूमि Cow Pure घी

डिंडौरी

  • वास्तु घी
  • गोपी श्री घी

दमोह

  • औरोगी गाय का घी

धार

  • मिल्क क्रीम घी

इंदौर

  • श्री सुधा प्रीमियम घी
  • गुमार प्योर घी
  • श्री मूल शुद्ध घी
  • श्री मूल गाय का घी

उज्जैन

  • एस.आर.एम.आई. मिल्क देशी घी (स्पेशल ग्रेड)
  • मिल्क क्रीम घी 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fake Ghee Bust, Madhya Pradesh Food Safety, Ghee Adulteration, Palm Oil Health Risk, Ghee Quality Test
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com