विज्ञापन

MP Crime: खरगोन में व्यापारी के घर गोलीबारी के बाद 10 करोड़ की मांग, बिश्नोई गैंग लिंक की जांच

Lawrence Bishnoi Gang Khargone Firing Links: खरगोन में व्यापारी के घर फायरिंग के बाद 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई. सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव का दावा.

MP Crime: खरगोन में व्यापारी के घर गोलीबारी के बाद 10 करोड़ की मांग, बिश्नोई गैंग लिंक की जांच
Lawrence Bishnoi Gang Threat: खरगोन फायरिंग मामला; 10 करोड़ की फिरौती; लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया

MP Crime News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले (Khargone Firing Incident) में एक व्यापारी के घर पर फायरिंग और उसके बाद 10 करोड़ रुपये (10 Crore Extortion Demand) की फिरौती मांगे जाने से हड़कंप मच गया है. अज्ञात बदमाशों ने वारदात का वीडियो भेजकर व्हाट्सएप कॉल और वॉयस नोट के जरिए व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है. मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में हमलावरों ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह (Lawrence Bishnoi Gang Link) से जुड़ा बताया है. पुलिस ने केस दर्ज कर सुरक्षा बढ़ा दी है और सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.

भिलगांव में हुई वारदात, परिवार इंदौर में था मौजूद

यह घटना सोमवार रात को कसारावद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भिलगांव में हुई. जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी दिलीप राठौर के घर पर गोलियां चलाईं. पुलिस के अनुसार, घटना के समय व्यापारी का परिवार इंदौर में था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

व्हाट्सएप कॉल और वॉयस नोट से दी गई धमकियां

जिला पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि दिलीप राठौर के बेटे सत्येंद्र की शिकायत पर बुधवार को मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में कहा गया है कि फायरिंग के बाद सत्येंद्र और उनके पिता को व्हाट्सएप कॉल और वॉयस नोट के जरिए धमकियां दी गईं. आरोपियों ने फायरिंग का वीडियो भेजते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की और घर को उड़ाने की धमकी भी दी.

विदेशी नंबरों से आए कॉल, परिवार दहशत में

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को आए एक वॉयस कॉल में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई और यह दावा किया गया कि फायरिंग सोमवार रात को ही की गई थी. बुधवार को विदेशी नंबरों से भी कई कॉल आए, हालांकि परिवार ने उन कॉल्स को नजरअंदाज कर दिया.

CCTV में दिखे तीन नकाबपोश बदमाश

फायरिंग का वीडियो मिलने के बाद परिवार ने घर के CCTV फुटेज की जांच की. फुटेज में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश घर पर गोलियां चलाते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

सोशल मीडिया पोस्ट में बिश्नोई गैंग का नाम

इस बीच सोशल मीडिया पर “हैरी बॉक्सर” और “अर्जु बिश्नोई” नाम के अकाउंट से एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा किया गया है. पोस्ट में व्यापारी और उसके परिवार को दोबारा धमकियां भी दी गई हैं.

अन्य मामलों से कनेक्शन की जांच

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है और हाल ही में अशोक नगर जिले में सामने आई इसी तरह की धमकी से संभावित कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं. व्यापारी दिलीप राठौर फिलहाल शहर से बाहर हैं और उन्होंने बताया कि उनका परिवार डरा हुआ है. उन्होंने मामले पर अधिक टिप्पणी करने से इनकार किया है.

यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में भी लारेंस बिश्नोई गैंग की एंट्री, खरगोन में शख्स के घर पर फायरिंग कराने का दावा

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 पेश; सदन में विपक्ष का हंगामा, गृह मंत्री ने SC का दिया हवाला

यह भी पढ़ें : इंदौर अग्निकांड: बिहार के 6 लोगों की मौत, CM नीतीश कुमार ने मदद का किया ऐलान

यह भी पढ़ें : MP में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत; CM मोहन ने कहा- इस बार 2500 करोड़ रुपये के होंगे काम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com