विज्ञापन

शुरुआती 4 गेंदों पर ही करियर का पहला विकेट, जानें कौन हैं मानव सुथार

कुछ गेंदबाजों की शुरुआती गेंदों को देखने के बाद ही पता चल जाता है कि बॉलर विशेष कितना दमदार है. और अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट खेल रहे मानव सुथार में दम है

शुरुआती 4 गेंदों पर ही करियर का पहला विकेट, जानें कौन हैं मानव सुथार
मानव सुथार ने भविष्य के बॉलर की उम्मीद जगाई है
source: social media

Who is Manav Suthar: पिछले कुछ सालों में टीम इंडिया में कई लेफ्ट-आर्म स्पिनर आए. और पहले याद करें, तो मुरली कार्तिक, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल. विशुद्ध टेस्ट स्पिनर के रूप में इनमें कुलदीप यादव अभी तक 17 ही टेस्ट खेल पाए कि नए लेफ्ट-आर्म स्पिनर ने जोरदार दस्तक दी. अफगानिस्तान के खिलाफ चुने गए हर्ष दुबे और मानव सुथार (Manav Suthar). इलेवन में जगह मिली मानव सुथार को और टेस्ट में आगाज उन्होंने ऐसा किया, जो शुरुआती गेंदों के हिसाब से ऊपर बताए स्पिनरों में शायद ही किसी ने किया हो. मल्लनपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे इकलौते टेस्ट (IND vs AFG 1st Test) के दूसरे दिन चायकाल होने से ठीक पहले शुरुआती चार गेंदों के भीतर ही सुथार ने अब्दुल मलिक को पवेलियन भेजकर करियर का पहला विकेट हासिल कर लिया. 

शानदार प्रभावी फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड

राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले मानव सुथार ने रणजी ट्रॉफी करियर का आगाज साल 2022 में आंध्र प्रदेश के लिए किया था. और तब से लेकर खासा प्रभावित किया है. चार सालों में मानव के हिस्से में आए तो सिर्फ 29 ही फर्स्ट क्लास मैच. इनमें भी कुछ मुकाबले दलीप ट्रॉफी और भारत ए के लिए हे, लेकिन  129 विकेट चटकाकर अगरकर एंड कंपनी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इकॉनमी देखिए आप कि 2.94 की ही है. और पारी में 4 विकेट आठ बार, तो 5 विकेट छह बार चटकाए हैं. 

निचले क्रम में उपयोगी से बेहतर बल्लेबाज

जिन फैंस ने अफगानिस्तान के खिलाफ मानव के 41 गेंदों पर 28 रन देखे होंगे, तो 2 चौकों से तो नहीं, लेकिन 2 छक्कों से यह जरूर पता चल गया होगा कि वह निचले क्रम में उपयोगी से बेहतर बल्लेबाज हैं. हालांकि, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में औसत  25.54 का ही है, लेकिन एक शतक और एक अर्द्धशतक बनाना  बताने को काफी है कि यह बल्लेबाज मौका पड़ने पर शतक भी बना सकता है. 

Latest and Breaking News on NDTV

कैप्शन: मानव सुथार भविष्य की उम्मीद जगाते हैं. कुछ खास है उनके पास जो उन्हें बाकी लेफ्ट-आर्म स्पिनरों से अलग बनाता है (स्रोत: सोशल मीडिया)

मानव सुथार की खासियत

भले ही कुलदीप यादव के पास चाइनमैन बॉलिंग है, लेकिन मानव सुथार में भविष्य दिखता है. बहुत ही अच्छा एक्शन है, हाथ एकदम कान के पास से आता है, हिप पूरा रोटेट होता है, तो गेंदों की खासियत यह है कि यह आती तो सीम के साथ दिखाई पड़ती है, लेकिन टप्पा पड़ने के बाद उम्मीद से कहीं ज्यादा टर्न होती है. हवा में घूमती भी ज्यादा है. और ऊपर से सटीक टप्पा सोने पर सुहागे का काम करता है. भाई साहब बात इतनी सी है कि भविष्य बहुत ही उज्जवल है! टेस्ट क्रिकेट में खासे दूर तक जाएंगे मानव! पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला ने कहा, 'मानव सुथार का एक्शन बहुत ही शानदार है. और जब किसी भी बॉलर का एक्शन बढ़िया होता है, तो गेंद पर बॉलर का नियंत्रण होता है.' और पीयूष चावला की बात में दम दिखाई पड़ा.  जो कंट्रोल मानव ने शुरुआती ओवरों में दिखाया, वह उच्च स्तरीय दिखाई पड़ा. 

महान अश्विन ने बता दी यूएसपी

महान अश्विन ने बहुत दिन पहले मानव सुथार की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए उनकी यूएसपी (खास बात) के बारे में भी बताया था. उन्होंने लिखा, 'इस तस्वीर में यह बिल्कुल साफ (शीशे की तरह साफ) है कि मानव सुथार को इतना ऊंचा दर्जा क्यों दिया जाता है (या उनकी इतनी तारीफ क्यों की जाती है),  बात सिर्फ रोटेशन (गेंद के घूमने) के एंगल या ओवर-स्पिन की नहीं है, बल्कि उस गति (स्पीड) की भी है जिससे गेंद घूम रही है. इस मामले में उन्हें हर्ष दुबे के साथ एक अलग ही (स्पष्ट) फायदा मिलता है.' अश्विन ने मानव सुथार की खासियत के बारे में बताया कि कैसे उंगलियों से छूटने के बाद उनकी गेंद ज्यादा ही गति से घूमती है. मुरली कार्तिक, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव सहित तमाम लेफ्ट-आर्म स्पिनरों की तुलना में कहीं तेज. और यही वह बात है, जो मानव सुथार को आगे लेकर जाएगी. जितनी तेजी से गेंद चकरी की तरफ घूमती रहेगी, उनकी बात उतनी ही ज्यादा बनेगी.

राजस्थान के कोच ने भी बताई मानव सुथार की ताकत

बहुत पहले राजस्थान के गेंदबाजी कोच और खुद एक पूर्व लेफ्ट-आर्म स्पिनर और जूनियर विश्व कप खेल चुके लेफ्ट-आर्म स्पिनर अनूप देव ने क्रिकिन्फो से बातचीत में कहा था, 'नेट सत्र के दौरान वह घंटों तक एक ही जगह पर गेंदबाजी (स्पॉट बॉलिंग) करता है, जिससे उसे अपनी सटीकता और स्टैमिना (दमखम) बढ़ाने में मदद मिली है. जब उसका दिन हो, तो वह पूरी टीम को तहस-नहस कर सकता है. और भले ही वह एक लेफ्ट-आर्म स्पिनर है, लेकिन वह बाएं हाथ के बल्लेबाजों (लेफ्ट-हैंड बैटर्स) के खिलाफ बहुत असरदार है. वह उनके खिलाफ राउंड द विकेट (अंपायर के पीछे से) गेंदबाजी करता है, और अपनी आर्म बॉल को बाहर की तरफ एंगल कराता है जिससे फर्स्ट स्लिप में कैच के मौके बनते हैं.'

यह भी पढ़ें:  सफर यहां से आसां नहीं, जानें श्रेयस अय्यर की राह में क्या हैं 5 बड़े चैलेंज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manav Jagdusakumar Suthar, Afghanistan, India, India Vs Afghanistan 06/06/2026 Inaf06062026269853, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com