विज्ञापन

इंदौर अग्निकांड: बिहार के 6 लोगों की मौत, CM नीतीश कुमार ने मदद का किया ऐलान

Indore Fire Accident: इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान हुए अग्निकांड में बिहार के किशनगंज के 6 लोगों की मौत. सीएम नीतीश कुमार ने मुआवजे का ऐलान किया.

इंदौर अग्निकांड: बिहार के 6 लोगों की मौत, CM नीतीश कुमार ने मदद का किया ऐलान
Indore Fire Accident: किशनगंज के 6 लोगों की मौत पर CM नीतीश कुमार की मदद

Indore Fire Accident: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर (Indore) शहर में हुए भीषण अग्निकांड में बिहार के किशनगंज जिले के छह लोगों की मौत पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने गहरा शोक व्यक्त किया है. इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के आश्रित को दो‑दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है.

शवों को गांव तक पहुंचाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिए हैं कि मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना भी की है.

किशनगंज के निवासी थे सभी मृतक

मृतक मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. विजय सेठिया पिछले 30 से 40 वर्षों से किशनगंज में किराए के मकान में रह रहे थे. इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद से परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन की ओर से राहत और जांच की कार्रवाई जारी है.

कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से भड़की आग

यह दर्दनाक हादसा इंदौर के बंगाली चौराहा क्षेत्र स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी में हुआ. जानकारी के अनुसार, बुधवार को एक मकान में इलेक्ट्रिक कार को चार्ज किया जा रहा था. इसी दौरान चार्जिंग प्वाइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया.

गैस सिलेंडरों में धमाके, मकान का हिस्सा गिरा

आग इतनी तेज थी कि घर के भीतर रखे गैस सिलेंडर भी उसकी चपेट में आ गए. एक‑एक कर सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे आग और भयावह हो गई. धमाकों के कारण मकान का कुछ हिस्सा भी ढह गया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी.

इलाज के सिलसिले में इंदौर आए थे पीड़ित

बताया गया कि हादसे के शिकार विजय सेठिया की बेटी रुचिका, नाती तन्य जैन और नातिन राशि जैन मंगलवार की रात ही इंदौर अपने फूफा के घर पहुंचे थे. रुचिका अपने बीमार पिता विजय सेठिया से मिलने आई थी, जो करीब एक महीने से इंदौर में अपने बहनोई के घर इलाज के लिए रुके हुए थे. वहीं कार्तिक सेठिया अपने ताऊ‑ताई से मिलने गए थे.

यह भी पढ़ें : Indore EV Fire Case: गैस सिलेंडर और डिजिटल लॉक ने बढ़ाया मौत का खतरा, इंदौर हादसे की पूरी कहानी

यह भी पढ़ें : जबलपुर के धार्मिक स्थलों पर आपत्तिजनक सीन के आरोप; ‘लक्ष्मी निवास' सीरियल पर केस, चौसठ योगिनी मंदिर विवाद

यह भी पढ़ें : MP में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत; CM मोहन ने कहा- इस बार 2500 करोड़ रुपये के होंगे काम

यह भी पढ़ें : Hindu Nav Varsh 2026: विक्रम संवत 2083; इस साल 13 महीने का हिंदू नववर्ष, राशियों पर ऐसा होगा प्रभाव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com