Gwalior Crime News: ग्वालियर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां हाईकोर्ट में बयान देकर लौट रही एक गर्भवती विवाहिता को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा बीच सड़क पर रोककर जबरन ले जाने का आरोप लगा है. महिला के साथ आए उसके प्रेमी का दावा है कि आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर महिला को बाल पकड़कर कार में बैठाकर ले गए. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. प्रेमी ने इसे अपहरण बताया है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. वहीं पुलिस का कहना है कि महिला ने फोन पर बताया है कि वह अपनी इच्छा से पति के साथ गई है. मामले की जांच जारी है.
कोर्ट से लौटते वक्त हुआ घटनाक्रम
यह घटना ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में चेतकपुरी चौराहे और नाका चंद्रवदनी के बीच शुक्रवार दोपहर हुई. जानकारी के अनुसार, भिंड जिले की 28 वर्षीय महिला अपने प्रेमी रामेंद्र सिंह भदौरिया के साथ हाईकोर्ट में बयान देने आई थी. कोर्ट से लौटने के बाद दोनों कार से कानपुर जाने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में मामले ने अचानक गंभीर रूप ले लिया.

Gwalior Crime News: सीसीटीवी फुटेज
पति और परिजनों ने रास्ता रोका
प्रेमी रामेंद्र सिंह के अनुसार, महिला के पति, उसका भाई, पिता और बहन ने उनकी कार को बीच रास्ते में रोक लिया. इसके बाद आरोपियों ने पहले रामेंद्र के साथ मारपीट की और फिर महिला को जबरन कार से उतारकर दूसरी गाड़ी में बैठा लिया. रामेंद्र का दावा है कि पूरी घटना अचानक हुई और उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला.
“महिला का अपहरण किया गया”
रामेंद्र सिंह ने घटना के बाद पुलिस को शिकायत देते हुए कहा कि उसकी साथी का अपहरण किया गया है. उसका कहना है कि कोर्ट में महिला ने स्पष्ट रूप से अपने पति के साथ रहने से इनकार किया था, इसके बावजूद उसे जबरन ले जाया गया. रामेंद्र ने यह भी बताया कि महिला करीब 6 माह की गर्भवती है और वह खुद को उस बच्चे का पिता बता रहा है.
प्रेम संबंध की पृष्ठभूमि
पुलिस जांच में सामने आया है कि रामेंद्र सिंह भदौरिया एक बस कंडक्टर है और पहले महिला के घर किराए से रहता था. इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए. महिला पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है. करीब छह महीने पहले वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर रामेंद्र के साथ चली गई थी.
कोर्ट मैरिज के बाद कानपुर में रह रहे थे
बताया जा रहा है कि दोनों ने बाद में कोर्ट मैरिज कर ली और कानपुर में किराए के मकान में साथ रहने लगे. महिला के पति ने इस मामले में पहले ही भिंड के देहात थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस महिला और उसके प्रेमी को कानपुर से पकड़कर ग्वालियर लाई थी, जहां उसका कोर्ट में बयान कराया गया.
पुलिस का पक्ष: महिला ने खुद जाने की कही बात
झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव ने बताया कि युवक की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि देर रात महिला से फोन पर बात हुई है, जिसमें उसने बताया कि वह अपनी इच्छा से पति के साथ गई है. हालांकि, पुलिस दोनों पक्षों को तलाश रही है ताकि उनके बयान दर्ज कर स्थिति स्पष्ट की जा सके.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. दोनों पक्षों के बयान, घटनास्थल की जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. यह भी देखा जा रहा है कि घटना में वास्तव में अपहरण हुआ या पारिवारिक विवाद के चलते यह स्थिति बनी.
यह भी पढ़ें : लाड़ली बहना की 37वीं किस्त 14 जून को केसली से जारी करेंगे CM मोहन, ₹350 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी
यह भी पढ़ें : 6 साल की उम्र से क्रिकेट के प्रति जिद, जुनून और मेहनत; अब अंडर-19 टीम के कप्तान बने यशवर्धन सिंह चौहान
यह भी पढ़ें : भोपाल के क्लिनिक में काम करने वाले को कैसे और किसने बनाया 'लोन वुल्फ'? हैंडलरों ने दिलाई थी एक शपथ EXCLUSIVE
यह भी पढ़ें : सतना: नागौद राजघराने में विवाद ने लिया हिंसक रूप; परसमनिया गढ़ी में चली गोली, राजपरिवार की बहू गंभीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं