मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर है. बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही दलों ने इस सीट को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. हालांकि इस चुनावी गहमा-गहमी के बीच एक बेहद दिलचस्प सियासी तस्वीर सामने आई है, जहां दोनों धुर विरोधी दलों के प्रदेश अध्यक्ष एक ही ट्रेन में आमने-सामने बैठकर सफर करते नजर आए. दतिया दौरे के दौरान ट्रेन में हुई इस मुलाकात और उनके बीच हुई चर्चा ने प्रदेश के सियासी गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है.
एक ही ट्रेन से पहुंचे दतिया, सफर के दौरान हुई मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, दतिया में चुनाव प्रचार की कमान संभालने के लिए बीजेपी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एक ही ट्रेन से रवाना हुए थे. सफर के दौरान जब दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ, तो कटुता से परे एक शिष्टाचार की तस्वीर देखने को मिली. उपचुनाव की भारी सरगर्मियों और एक-दूसरे के खिलाफ जारी तीखी बयानबाजी के बीच दोनों नेताओं ने एक साथ बैठकर काफी देर तक बातचीत की. माना जा रहा है कि इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश की मौजूदा राजनीति और दतिया उपचुनाव के समीकरणों को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई है.
📍 दतिया। pic.twitter.com/9emnTmOGKu
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) July 17, 2026
दोनों अध्यक्षों ने खुद संभाला चुनावी मोर्चा
देखा जाए तो दतिया उपचुनाव दोनों ही पार्टियों के लिए नाक का सवाल बन चुका है, यही वजह है कि दोनों अध्यक्षों ने खुद ग्राउंड जीरो पर जाकर मोर्चा संभाल लिया है. एक तरफ जहां सत्ताधारी दल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं के दम पर इस किले को सुरक्षित रखने की रणनीति बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने पहुंचे हैं. दोनों नेताओं के दतिया में डेरा डालने से चुनावी अभियान अब और आक्रामक होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: 'आशुतोष की क्षमता है टिकट काटने की? टिकट काटने वाले कोई और हैं'... नरोत्तम मिश्रा का VIDEO वायरल
कांग्रेस ने उतारा 'विजयपुर मॉडल', नरोत्तम मिश्रा बने सियासी केंद्र
बता दें कि दतिया के इस चुनावी रण को जीतने के लिए कांग्रेस ने विजयपुर उपचुनाव में जीत दिलाने वाले अपने 'माइक्रो मैनेजमेंट फॉर्मूले' को यहां भी लागू कर दिया है. पार्टी ने पूरे दतिया क्षेत्र को 5 क्लस्टर और 7-8 सेक्टरों में बांटकर करीब 200 बूथों पर सीधा माइक्रो मैनेजमेंट करने के लिए 40 दिग्गज नेताओं की 'सुपर-40' टीम मैदान में उतारी है. वहीं दूसरी तरफ, बीजेपी ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को चुनाव संचालन समिति का प्रमुख बनाकर साफ संकेत दे दिया है कि इस उपचुनाव में संगठन की कमान उनके हाथ में रहेगी. ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ कांग्रेस और बीजेपी के बीच नहीं, बल्कि नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक साख की भी बड़ी परीक्षा माना जा रहा है.
भाजपा कार्यकर्ताओं में है उत्साह अपार
— BJP Madhya Pradesh (@BJP4MP) July 17, 2026
दतिया में फिर भाजपा को जिता रही जनता इस बार!#DatiaWithBJP pic.twitter.com/ryJ4P9pqOm
संगठन बनाम माइक्रो मैनेजमेंट की जोरदार टक्कर
दतिया के इस दंगल में जहां कांग्रेस अपने विजयपुर मॉडल, बूथ मैनेजमेंट और जातीय समीकरणों के भरोसे मैदान मारना चाहती है, वहीं बीजेपी अपने मजबूत कैडर, बूथ स्तर तक फैले संगठन और नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव के दम पर पलटवार करने की तैयारी में है. स्थानीय मुद्दों से ज्यादा यह चुनाव अब संगठनात्मक ताकत और चुनावी मैनेजमेंट की जंग में तब्दील हो चुका है. अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रेन के सफर से शुरू हुई यह सियासी जंग दतिया की जमीन पर क्या रंग लाती है और जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है.
ये भी पढ़ें; MP का 'गोल्डेन ग्रेन' बना ग्लोबल स्टार, खाड़ी के देश हो रहे दीवाने, बदल रही किसानों की किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं