Datia Upchunav 2026: दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है. भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल के निर्देश पर दतिया भाजपा की पूरी जिला संगठनात्मक इकाई तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई है. दरअसल, दतिया उपचुनाव में हार की समीक्षा के बाद मंगलवार सुबह ही दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था, इसी कमेटी की अनुशंसा के आधार पर मध्य प्रदेश भाजपा ने यह कार्रवाई की है.
कार्रवाई के तहत जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है. भंग की गई इस व्यवस्था में जिला अध्यक्ष के अलावा तमाम जिला पदाधिकारी और पूरी जिला कार्यसमिति को उनके पदों से मुक्त कर दिया है. इतना ही नहीं, पार्टी के भीतर चल रहे सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों को भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है.

सुबह सीएम आवास पर हुई थी बैठक
उपचुनाव में मिली हार के वजहों की चर्चा के लिए भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर सुबह हाईलेवल समीक्षा बैठक की गई थी. सूत्रों के अनुसार, बैठक में भीतरघात का मुद्दा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. दतिया सीट पर भाजपा के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों के साथ बैठक में पहुंचे थे. इन्हें समीक्षा बैठक में उन्होंने रखा था. वहीं, बैठक में दतिया और बरौनी क्षेत्र के कई पार्षदों की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं.
6000 से ज्यादा वोट भाजपा प्रत्याशी को कम मिले
दतिया सीट पर 30 अगस्त को हुए उपचुनाव का रिजल्ट सोमवार को आया था, जहां कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया. घनश्याम सिंह को 66,757 मत मिले, जबकि तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए. आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव को 22,527 मत मिले हैं जो तीसरे स्थान पर रहे. दतिया उपचुनाव में भाजपा को वोट लगभग 40.5% पड़े, जबकि कांग्रेस का वोट शेयर 44.5% रहा. वहीं, आजाद समाज पार्टी को 15% वोट पड़े. कुल मिलाकर देखें तो सत्ता के खिलाफ लगभग 60 प्रतिशत वोट पड़ा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं