- आदिवासी बच्चों की मौत पर आज बालाघाट जाएंगे राहुल गांधी
- 15 दिन में दूसरी बार मध्य प्रदेश दौरे पर राहुल गांधी
- बच्चों की मौत पर कांग्रेस का दबाव, भाजपा ने बताया राजनीति
मध्य प्रदेश में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा लगातार राजनीतिक चर्चा में बना हुआ है. इसी बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज गुरुवार को बालाघाट पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे. पिछले 15 दिनों में यह राहुल गांधी का दूसरा मध्य प्रदेश दौरा है. कांग्रेस इसे आदिवासी समुदाय के साथ संवेदना और न्याय की लड़ाई बता रही है, जबकि भाजपा राहुल गांधी के दौरे को राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करार दे रही है. ऐसे में बालाघाट दौरे पर पूरे प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं.
जलगा गांव पहुंचेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी बालाघाट जिले की बैहर तहसील स्थित जलगा गांव जाएंगे. यहां वे उन परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अपने बच्चों को खोया है. बताया गया है कि राहुल गांधी करीब 30 से अधिक बच्चों के माता-पिता से सीधे बातचीत करेंगे और स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण तथा अन्य समस्याओं की जानकारी लेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले स्थित बिरसी हवाई पट्टी पर राहुल गांधी की अगवानी करेंगे. इसके बाद वे सड़क मार्ग से बालाघाट पहुंचेंगे.

राहुल गांधी का बालाघाट दौरा
राहुल गांधी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
- सुबह 10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से महाराष्ट्र के गोंदिया के लिए रवाना होंगे
- 11:45 पर गोंदिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे राहुल गांधी
- दोपहर 12 बजे गोंदिया से बाय रोड बालाघाट के जगला गांव के लिए रवाना होंगे
- दोपहर 2:15 पर जगला गांव पहुंचेंगे राहुल गांधी
- कुपोषण और मलेरिया में जिन बच्चों की मौत हुई उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे
- जगला गांव में करीब 45 मिनट रुकेंगे राहुल गांधी
- दोपहर 3 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
- दोपहर 3:10 पर जगला गांव से गोंदिया एयरपोर्ट के लिए होंगे रवाना
- शाम 5:44 पर गोंदिया एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे

ऐसा है राहुल गांधी का कार्यक्रम
Photo Credit: Congress
बच्चों की मौत के बाद गरमाई राजनीति
आदिवासी बच्चों की मौत का मामला पिछले कुछ सप्ताह से प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बना हुआ है. राहुल गांधी ने 17 सितंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से दावा किया था कि बालाघाट क्षेत्र में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत हुई है. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, कुपोषण, स्वच्छ पेयजल और बीमारियों की रोकथाम को लेकर राज्य सरकार से सवाल पूछे थे. इसके बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार को घेरा और प्रदेशभर में इसे बड़ा राजनीतिक विषय बनाया.
कांग्रेस ने निकाली थी न्याय यात्रा
बच्चों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बालाघाट में ‘न्याय यात्रा' भी निकाली थी. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की थी. पार्टी नेताओं का कहना है कि आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किए जाने की जरूरत है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
सरकार ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है. मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी बहुत देर से बालाघाट आ रहे हैं और उनका दौरा केवल राजनीतिक फायदा उठाने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाए गए हैं.
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी राहुल गांधी के दौरे पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी का स्वागत करती है, लेकिन कांग्रेस को अपने पुराने राजनीतिक रिकॉर्ड पर भी जवाब देना चाहिए. खंडेलवाल ने नक्सलवाद प्रभावित दौर का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता लेखीराम कांवरे की हत्या का मामला उठाया और पूछा कि उस समय कांग्रेस ने क्या कदम उठाए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी वर्तमान मुद्दे को राजनीतिक रूप से भुनाने के लिए बालाघाट आ रहे हैं.
कई बीमारियों को माना गया कारण
स्वास्थ्य विभाग के आकलन के अनुसार बच्चों की मौतों को किसी एक बीमारी से नहीं जोड़ा गया है. रिपोर्टों में खसरा, मलेरिया, सांस संबंधी परेशानियां, डिहाइड्रेशन, कुपोषण, एनीमिया और शॉक जैसी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का उल्लेख किया गया है. अधिकांश प्रभावित बच्चे बैगा और गोंड आदिवासी समुदाय से संबंधित बताए गए हैं.
हाईकोर्ट में भी पहुंचा मामला
आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर दायर जनहित याचिका पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भी राज्य सरकार से जवाब मांगा है. अदालत ने संबंधित दस्तावेज और तथ्यों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद यह मामला प्रशासनिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा दौरा
राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब कांग्रेस लगातार आदिवासी मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है. एक तरफ कांग्रेस इस दौरे को पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना और न्याय की पहल बता रही है, तो दूसरी ओर भाजपा इसे राजनीतिक दौरा करार दे रही है.
यह भी पढ़ें : बालाघाट में दूषित पानी से 19 बच्चों की मौत- उमंग सिंघार का बड़ा दावा; सरकार पर आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं