Datia Vidhan Sabha Seat Result 2026: दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का रिजल्ट आ गया है और कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज कर ली है. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया है. उपचुनाव के परिणाम बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव का भी बयान आया है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए जनादेश को स्वीकार किया और कहा कि कांग्रेस की सीट कांग्रेस के ही पास है, लेकिन हमने पिछले विधानसभा चुनावों के मुकाबले इस बार सीट पर 1700 वोट ज्यादा पाए हैं. बता दें कि विधानसभा चुनाव 2023 में भी दतिया सीट कांग्रेस ने ही जीती थी.
और क्या बोले सीएम?
उन्होंने कहा, 'यह अलग बात है. हमने पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले 1,700 वोट अधिक हासिल किए. विधानसभा चुनाव (2023) के साथ भाजपा ने राज्य की सभी 29 लोकसभा सीट जीती. आजादी के बाद पहली बार भाजपा ने यह उपलब्धि हासिल की.'
#WATCH | Bhopal | On Datia bypoll results, Madhya Pradesh Chief Minister Mohan Yadav says, "...It is a different matter that we received 1,700 more votes than we did in the last Assembly election. The trust that the public places in us through elections and democracy reflects our… pic.twitter.com/PGH7KMXT8m
— ANI (@ANI) August 3, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधनी विधानसभा का उपचुनाव भाजपा जीती और उसके बाद अमरवाड़ा उपचुनाव में पार्टी ने कांग्रेस से सीट छीनी. उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने तीनों सीट जीतीं. उन्होंने कहा, 'लोकतंत्र में चुनाव के दौरान सब अपनी बात रखते हैं. हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी. जनता ने जो निर्णय किया उसे हम स्वीकार करते हैं. उम्मीद करते हैं आगे आने वाले चुनाव में पूरी ताकत से लड़ेंगे.'

किसे कितने वोट मिले
घनश्याम सिंह को 66,757 मत मिले, जबकि तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए. आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव को 22,527 मत मिले हैं जो तीसरे स्थान पर रहे. दतिया उपचुनाव में भाजपा को वोट लगभग 40.5% पड़े, जबकि कांग्रेस का वोट शेयर 44.5% रहा. वहीं, आजाद समाज पार्टी को 15% वोट पड़े. कुल मिलाकर देखें तो सत्ता के खिलाफ लगभग 60 प्रतिशत वोट पड़ा.
तब नरोत्तम मिश्रा हारे थे दतिया सीट
विधानसभा चुनाव 2023 में भी इसी सीट पर कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने जीत दर्ज की थी, लेकिन सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दतिया के कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को दो साल की सजा मिली थी. इसके बाद सीट खाली हो गई और उपचुनाव की घोषणा हुई. 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों से हराया था.
ये भी पढ़ें- Datia Upchunav 2026: हार के बाद बोले आशुतोष तिवारी- जिन्होंने पाप किया है, उन्हें मिलेगा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं