विज्ञापन

ट्विशा शर्मा के पैसे चीन के बाजार में डालना चाहता था पति समर्थ, चार्जशीट से निकला नया एंगल

भोपाल ट्विशा शर्मा केस की जांच कर रही सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है. जिसने 20 लाख रुपये के एक एंगल को उजागर किया है. आरोप है कि पति समर्थ और सास गिरिबाला चीनी शेयर बाजार में निवेश के लिए ट्विशा पर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे थे.

ट्विशा शर्मा के पैसे चीन के बाजार में डालना चाहता था पति समर्थ, चार्जशीट से निकला नया एंगल
bhopal twisha sharma case cbi chargesheet 20 lakh chinese share market angle.
  • ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई की चार्जशीट में कई खुलासे हुए हैं.
  • चार्जशीट के अनुसार, उस पर मौत से कुछ घंटे पहले 20 लाख रुपये चीनी शेयर बाजार में निवेश करने का दबाव बनाया गया.
  • CBI के मुताबिक, 12 मई की शाम ट्विशा ने अपनी परचिति से कहा था- उसने वापस आने का फैसला कर लिया है.

20 लाख रुपये. इस रकम को चीनी शेयर बाजार में लगाने की कथित योजना. मौत से महज पांच हफ्ते पहले खोला गया पति-पत्नी का जॉइंट बैंक अकाउंट. लेकिन निवेश के लिए पैसे देने से ट्विशा शर्मा का इनकार, क्योंकि ट्विशा का कहना था कि यह पैसा उसके पिता का है. भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की चार्जशीट ने अब 20 लाख रुपये के इस वित्तीय एंगल को जांच के केंद्र में ला दिया है. 

CBI की चार्जशीट के मुताबिक, जांच में सामने आया कि ट्विशा शर्मा का एक डीमैट अकाउंट था, जिसमें करीब 20 लाख रुपये बाजार मूल्य के इक्विटी शेयरों में निवेश था. जांच एजेंसी का आरोप है कि इस निवेश के बारे में पता चलने के बाद पति समर्थ सिंह और उसकी मां पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर एक साझा मंशा से ट्विशा पर यह रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाना शुरू किया. 

7 अप्रैल को खोला गया समर्थ-ट्विशा जॉइंट अकाउंट 

चार्जशीट में दावा किया गया है कि इसी मकसद से 7 अप्रैल 2026 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बागमुगालिया शाखा में समर्थ सिंह और ट्विशा शर्मा के नाम से एक जॉइंट अकाउंट भी खोला गया था. लेकिन, ट्विशा ने पैसे ट्रांसफर करने से इनकार कर दिया. CBI के मुताबिक, ट्विशा का कहना था कि यह पैसा उसके पिता का है. चार्जशीट में आरोप लगाया है कि पैसे देने से इनकार करने के बाद भी दोनों आरोपी उस पर लगातार दबाव बनाते रहे. इस कारण उसे मानसिक क्रूरता का सामना करना पड़ा. 

मौत से कुछ घंटे पहले 20 लाख रुपये चीन के शेयर बाजार में लगाने का दबाव 

20 लाख रुपये की यह कहानी इसलिए और महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि, CBI ने चार्जशीट में ट्विशा की मौत से कुछ घंटे पहले हुई एक बातचीत का भी जिक्र किया है. CBI के मुताबिक, 12 मई 2026 की शाम करीब 7.51 बजे ट्विशा ने राशि अबरोल को फोन किया था. चार्जशीट के अनुसार, इस बातचीत में ट्विशा ने कहा था- उसने वापस आने का फैसला कर लिया है. 

उसने राशि को यह भी बताया कि पति समर्थ उस पर अपना निवेश ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा है, ताकि वह उस रकम को "Chinese Share Market" यानी चीनी शेयर बाजार में निवेश कर सके. उसी दिन ट्विशा की मौत हो गई. CBI ने पैसे को लेकर बनाए गए इस कथित दबाव को ट्विशा के ससुराल में उसके साथ हुई कथित मानसिक क्रूरता की परिस्थितियों का हिस्सा माना है.

शादी के बाद से ही थी 20 लाख रुपये पर नजर  

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने भी 20 लाख रुपये को लेकर कथित दबाव का जिक्र किया है. नवनिधि शर्मा के मुताबिक, "ट्विशा के अकाउंट में 20 लाख रुपये थे. शादी के कुछ दिनों बाद ही समर्थ ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया कि मुझे यह पैसा चाहिए. वह कहता था कि चीन में इससे दोगुना मुनाफा मिलेगा. मां-बेटा दोनों ट्विशा पर दबाव बना रहे थे." 

'तुझे तो इंग्लिश बोलनी भी नहीं आती, इसलिए तेरी नौकरी गई'

CBI की चार्जशीट में ट्विशा की नौकरी छूटने के बाद उसे कथित तौर पर अपमानित किए जाने का भी जिक्र है. जांच एजेंसी के मुताबिक, ट्विशा ने अपने माता-पिता को बताया था कि नौकरी जाने के बाद पति समर्थ सिंह उसे ताने मारता था. चार्जशीट में समर्थ द्वारा कथित तौर पर कही गई एक बात का भी जिक्र है, "तुझे तो इंग्लिश (English) बोलनी भी नहीं आती, इसलिए तेरी नौकरी चली गई." 

CBI का आरोप है कि इस तरह की बातें ट्विशा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के इरादे से कही जाती थीं. लेकिन चार्जशीट में दर्ज आरोप सिर्फ पैसे और नौकरी तक सीमित नहीं हैं. जांच के अनुसार, ट्विशा ने अपने माता-पिता से यह भी कहा था कि उसे लगता है कि ससुराल में दोनों आरोपी हर समय उस पर नजर रखते हैं, वह लगातार निगरानी में है. 

आखिर 7 अप्रैल को क्यों खुलवाया गया जॉइंट अकाउंट? 

CBI की जांच में सामने आया डीमैट अकाउंट अब इस मामले में महत्वपूर्ण कड़ी बन सकता है. सवाल है कि 7 अप्रैल को समर्थ और ट्विशा के नाम पर जॉइंट बैंक अकाउंट आखिर क्यों खोला गया था. क्या ट्विशा पर उसके करीब 20 लाख रुपये के इक्विटी निवेश को बेचने या ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जा रहा था. जिस चीनी शेयर बाजार में पैसा लगाने की बात ट्विशा ने कथित तौर पर अपनी परिचित से कही थी, वह निवेश आखिर क्या था. इन सवालों की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि CBI ने अदालत को साफ तौर पर बताया है कि कथित आर्थिक मांगों से जुड़े पहलुओं पर उसकी जांच अभी पूरी नहीं हुई है. 

ट्विशा शर्मा केस: CBI चार्जशीट में सनसनीखेज खुलासे, मानसिक प्रताड़ना, अपमान और चरित्रशंका का करना पड़ा सामना

दहेज की मांग और दहेज मृत्यु का एंगल भी जांचेगी सीबीआई  

अपनी फाइनल रिपोर्ट यानी पहली चार्जशीट में CBI ने अदालत को बताया है कि मामले में आगे की जांच दहेज की कथित मांग और दहेज मृत्यु से जुड़े पहलुओं पर भी की जाएगी. यानी ट्विशा के 20 लाख रुपये के निवेश, इस रकम को ट्रांसफर करने के कथित दबाव और आखिर यह पैसा किस उद्देश्य से मांगा जा रहा था, जैसे सवाल आगे की जांच में और महत्वपूर्ण हो सकते हैं. 

CBI को फोन के डेटा का इंतजार, जो कर सकता है कई खुलासे    

इस मामले में CBI को कुछ अहम डिजिटल सबूतों की रिपोर्ट का भी इंतजार है. चार्जशीट के मुताबिक, ट्विशा के मुख्य मोबाइल फोन और iPhone से डेटा निकालने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है. CBI ने अदालत को बताया है कि फोन से मिलने वाला डेटा आरोपियों के खिलाफ महत्वपूर्ण सामग्री सामने ला सकता है. इससे दूसरे लोगों की संभावित भूमिका का पता चल सकता है या मामले में नए गवाह भी सामने आ सकते हैं. पहली चार्जशीट दाखिल किए जाने तक iPhone की डेटा एक्सट्रैक्शन रिपोर्ट नहीं आई है. सीबीआई उसका इंतजार कर रही है.  

ट्विशा शर्मा ने खुदकुशी की थी, हत्या नहीं हुई: CBI की चार्जशीट ने बदल दिया केस का रुख

घर में लगे DVR की दिल्‍ली में की जा रही जांच  

CBI की जांच में एक और महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत आरोपियों के घर में लगा DVR है. इस DVR से निकाले गए डेटा को फॉरेंसिक जांच के लिए नई दिल्ली स्थित CFSL भेजा गया है.  CBI ने अदालत को बताया है कि अगर फॉरेंसिक रिपोर्ट में DVR के डेटा से किसी तरह की छेड़छाड़ सामने आती है तो उस पहलू की भी आगे जांच की जाएगी.

"मुझे अब शांति से मरने दो": सुसाइड से ठीक पहले मॉडल ट्विशा शर्मा का मैसेज, जानिए आखिरी 90 मिनट का सच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Twisha Sharma Latest News, Twisha Sharma Case Update News, Twisha Sharma Case Update, Bhopal News, MP Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com