विज्ञापन

नेपाल में कुदरत की तबाही का पार्ट- 2, पूरी पहाड़ी ढहने से 'बर्फीली बाढ़' तक के 5 डरावने VIDEO

Nepal natural disasters: नेपाल में भोटेकोशी की प्रलयकारी बाढ़ के एक महीने बाद प्रकृति ने फिर रौद्र रूप दिखाया है. 24 सितंबर से ही हो रही लगातार बारिश के कारण आई बाढ़, लैंड स्लाइड, एवलांच, जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी आपदाओं से नेपाल में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है.

Nepal में कुदरत में फिर मचाई तबाही
  • नेपाल में इस साल 26 अगस्त की प्रलयकारी बाढ़ में 1400 से अधिक लोगों की मौत और लगभग 5000 लापता हुए थे
  • फिर से लगातार बारिश और भूस्खलन से पिछले पांच दिनों में नेपाल में कम से कम 27 लोगों की मौत और सात घायल हुए हैं
  • मनांग जिले के हिमलुंग हिमाल में हिमस्खलन से 22 लोग लापता हुए, जिनमें चार शव बरामद किए जा चुके हैं

नेपाल में इस साल प्रकृति ने जो कहर ढाहा है, वैसा दशकों में देखने को नहीं मिला है. पहले तो 26 अगस्त को आई प्रलयकारी बाढ़ के कारण भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के इलाकों में 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और करीब 5000 लोग लापता हो गए. लगा कि अब जीवन फिर से पटरी पर लौटेगा, नेपाल अपने पैरों पर खड़ा होगा. लेकिन एक बार फिर यहां प्राकृतिक आपदाओं ने अपना क्रूर रूप दिखाया है. पिछले 5 दिनों से लगातार बारिश के कारण आई बाढ़, जमीन खिसकने (लैंड स्लाइड), जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी आपदाओं से नेपाल में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए. ताबाही सिर्फ जमीन पर नहीं है, पहाड़ों पर एवलांच (हिमस्खलन) आया है, बर्फ बाढ़ की तरह पहाड़ों पर टूटकर नीचे आ रहा और लोगों की जान ले रहा है.

यहां यह आपको नेपाल में हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदाओं के 5 ऐसे मंजर दिखाएंगे जो दिल को दहला देते हैं.

नेपाल के हिमलुंग हिमाल में हिमस्खलन

रविवार को नेपाल के मनांग जिले के नार फू इलाके में 7,126 मीटर ऊंची हिमलुंग हिमाल चोटी के बेस कैंप पर हिमस्खलन हुआ. सामने आए वीडियो में ऐसा लगा जैसे बर्फीली बाढ़ पहाड़ से नीचे आ रही है. सोमवार को भी हिमस्खलन वाली जगह से दो और शव बरामद किए गए, जिससे मरने वालों की संख्या चार हो गई है, जबकि आठ लोग अभी भी लापता हैं. इस हिमस्खलन से वे टेंट दब गए जिनमें सपोर्ट स्टाफ और माउंटेन गाइड रुके हुए थे. कुल मिलाकर 22 लोग लापता हो गए थे और ये सभी नेपाली थे. अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने अब तक 10 लोगों से संपर्क कर लिया है. अब तक बरामद किए गए चार शवों की पहचान छेबी भोटे, पासांग भोटे, बीरेंद्र गुरुंग और घन श्याम राय के तौर पर की गई है.

नेपाल के गंडकी प्रांत में भारी भूस्खलन

रविवार को नेपाल के मनांग जिले में ही जबरदस्त भूस्खलन हुआ, जिससे मलबा मर्स्यांगडी नदी में जा गिरा और नदी का कुछ हिस्सा कुछ समय के लिए रुक गया. बारिश के कारण हुए इस भूस्खलन के बाद अधिकारियों ने नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है. पहाड़ का एक पूरा हिस्सा ढहकर मार्स्यांगडी नदी में जा गिरा और सामने आए इसके वीडियो ने लोगों की दहला दिया.

नेपाल से एक और खौफनाक वीडियो आया जिसमें कुछ ही सेकंड में पूरी चट्टान ढह गई और पेड़-मकान आंखों के सामने गायब हो गए. यह वीडियो भी मनांग जिले के चामे का बताया जा रहा है. वीडियो में चट्टान के साथ उस पर खड़े पेड़ और मकान भी पलभर में नीचे गिरते नजर आए. वीडियो में एक महिला को रोते और चिल्लाते हुए सुना जा सकता है.

एक और वीडियो में पूरा का पूरा घर करवट लेकर बाढ़ में बहता दिखाई दिया.

ललितपुर के लेले के चापागांव में भी हद से अधिक बारिश की वजह से पहाड़ी की मिट्टी कमजोर हो गई और कई पेड़ों के साथ पहाड़ी का बड़ा हिस्सा नीचे आ गया. यह वीडियो बता रहा कि इन दिनों नेपाल के पहाड़ी इलाकों में सफर करना कितना डरावना और खतरनाक है.


नई आपदा में हजारों परिवार प्रभावित

नेपाल के प्रधानमंत्री सचिवालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि सरकार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 सितंबर से 28 सितंबर तक लगातार बारिश के कारण कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए. चार लोग लापता हो गए और मॉनसून से जुड़ी 513 घटनाओं से 1,065 परिवार प्रभावित हुए. इन आपदाओं में 225 घर पूरी तरह और 137 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए.

देश भर में बाढ़ और भूस्खलन से हाईवे और मुख्य सड़कों पर 147 जगहों पर नुकसान पहुंचा. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 125 जगहों की मरम्मत कर उन्हें फिर से खोल दिया गया है. बाढ़ से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है. कालीगंडकी, मार्स्यांगडी और सेती-माडी नदी कॉरिडोर में राष्ट्रीय ट्रांसमिशन सिस्टम के जरिए कुल 1,013.2 मेगावाट बिजली की आपूर्ति बाधित हुई.

यह भी पढ़ें: नेपाल में शांत पहाड़ भी अब डरा रहे, आखिर क्यों गुस्से में है प्रकृति? भारत को भी लेनी चाहिए सीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal, Nepal News, Nepal Flood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com