भोपाल के बहुचर्चित मॉडल ट्विशा शर्मा केस में सीबीआई की जांच से बड़ा खुलासा हुआ है. शुरुआत में जिसे संदिग्ध हालात में हुई हत्या माना जा रहा था, सीबीआई की 30 पन्नों की शुरुआती चार्जशीट ने उस पूरे केस का रुख ही बदल दिया है. फॉरेंसिक सबूतों और एम्स दिल्ली के डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई इस नतीजे पर पहुंची है कि 34 साल की पूर्व मिस पुणे और कॉर्पोरेट पेशेवर ट्विशा की मौत हत्या नहीं, बल्कि लगातार मिल रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर की गई खुदकुशी थी. सीबीआई ने कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह को हत्या के बजाय भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 के तहत महिला से क्रूरता , 108 के तहत खुदकुशी के लिए उकसाना और 3(5) के तहत साझा साजिश का आरोपी बनाया है.
हत्या के शक से खुदकुशी के सच तक कैसे पहुंची जांच?
घटना के तुरंत बाद ट्विशा के घरवालों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोप लगाया था कि उसके साथ मारपीट की गई है. एम्स भोपाल के शुरुआती पोस्टमार्टम पर भी परिवार ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर 24 मई को एम्स दिल्ली के डॉक्टरों की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया.
डॉक्टरों की रिपोर्ट: एम्स दिल्ली की रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत फांसी लगाने से दम घुटने के कारण हुई थी.
चोट का कोई निशान नहीं: जांच में ट्विशा के शरीर पर किसी भी तरह की हाथापाई, संघर्ष या मारपीट के निशान नहीं पाए गए. इस रिपोर्ट ने सीधे तौर पर हत्या की बात को खारिज कर दिया.
मैसेज और फुटेज से सच आया सामने: सीबीआई ने जब ट्विशा की डायरी, सीसीटीवी फुटेज और व्हाट्सएप मैसेज खंगाले, तो साफ हुआ कि वह गहरे तनाव और लगातार हो रहे मानसिक उत्पीड़न का सामना कर रही थी.
शादी के 5 महीने और प्रताड़ना की पूरी कहानी
फरवरी 2025 में एक डेटिंग ऐप के जरिए मुलाकात के बाद 9 दिसंबर 2025 को ट्विशा और समर्थ की शादी हुई थी. सीबीआई के मुताबिक, शादी के बाद से ही समर्थ ट्विशा के अतीत और पुराने रिश्तों को लेकर उस पर भद्दी और अपमानजनक टिप्पणियां करने लगा था. 16 अप्रैल को जब ट्विशा को अपनी अनचाही प्रेग्नेंसी का पता चला, तो रिश्तों में चल रहे तनाव की वजह से वह काफी परेशान थी. आरोप है कि 6 मई को जब उसने अबॉर्शन की पहली दवा ली, तो उसकी सास ने उसे तीन बार 'कातिल' कहा. इसके अलावा 8 मई को दर्द से तड़पने के दौरान उस पर 'नाटक करने' और 9 मई को बच्चे पर सवाल उठाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए, जिससे ट्विशा अंदर से पूरी तरह टूट गई.
20 लाख रुपये और जासूसी का खौफ
जांच में केवल दिमागी ही नहीं बल्कि पैसों से जुड़ा विवाद भी सामने आया है. ट्विशा के डिमैट अकाउंट में करीब 20 लाख रुपये के शेयर थे, जिसे उसका पति समर्थ अपने जॉइंट अकाउंट में ट्रांसफर कराकर चीनी शेयर बाजार में लगाना चाहता था. ट्विशा के मना करने पर घर में तनाव और बढ़ गया. ट्विशा के पूर्व बॉस ने सीबीआई को बताया कि वह घर पर लगातार नजर रखे जाने और फोन ट्रैक होने के डर से अक्सर बाहर पार्क में टहलते हुए बात करती थी.
जांच अभी जारी: आईफोन, सीसीटीवी और दहेज का एंगल
अहम ये भी है कि सीबीआई ने भले ही प्राथमिक चार्जशीट में इसे खुदकुशी माना है, लेकिन जांच अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. जांच एजेंसी ने अदालत से इजाजत मांगी है ताकि दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या के एंगल से आगे की कार्रवाई जारी रखी जा सके. इसके अलावा, ट्विशा के प्राइमरी आईफोन से डिलीटेड डेटा और छिपी हुई चैट्स निकालने के लिए फॉरेंसिक एनालिसिस चल रहा है, जिससे कई नए राज फाश होने की उम्मीद है. वहीं, घर के सीसीटीवी डीवीआर को दिल्ली स्थित सीएफएसएल भेजा गया है ताकि यह जांचा जा सके कि फुटेज के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई. साथ ही, रिकॉर्ड की गई ऑडियो क्लिप्स से मिलान के लिए पति समर्थ और सास गिरिबाला के वॉयस सैंपल की रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: "मुझे अब शांति से मरने दो": सुसाइड से ठीक पहले मॉडल ट्विशा शर्मा का मैसेज, जानिए आखिरी 90 मिनट का सच
जिम्मेदार आरोपियों का क्या होगा?
ट्विशा शर्मा सुसाइड केस सिर्फ एक पारिवारिक विवाद का दुखद अंत नहीं, बल्कि उस खामोश मानसिक प्रताड़ना की बानगी भी है जो किसी इंसान को अंदर से पूरी तरह तोड़ देती है. सीबीआई की चार्जशीट ने भले ही इसे हत्या के बजाय खुदकुशी का मामला माना हो, लेकिन 20 लाख की डिमैट होल्डिंग से लेकर अबॉर्शन के दौरान दिए गए तानों तक, हर सबूत यह गवाही देता है कि ट्विशा को इस खौफनाक कदम तक पहुंचाया गया था. अब सबकी नजरें कोर्ट की अगली कार्रवाई और फॉरेंसिक रिपोर्टों पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि बंद कमरों में हुई इस क्रूरता के जिम्मेदार आरोपियों को कानून कितनी सख्त सजा दिला पाता है.
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस: CBI ने पेश की 636 पन्नों की चार्जशीट, जानिए समर्थ और गिरिबाला पर लगी कौन सी धाराएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं