भोपाल की लेकपर्ल कॉलोनी के एक मकान में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का शव मिला है, जबकि मकान के ही पास मीनाक्षी के प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी का शव एक पेड़ से लटका मिला है. मीनाक्षी दतिया जिले में आरटीओ इंस्पेक्टर थी. शव के पास खून से सना एक हथौड़ा मिला है, जबकि सिर पर चोटों के निशान भी मिले हैं. पुलिस का कहना है कि पहली नजर में यह मामला मीनाक्षी की हत्या के बाद पवन के सुसाइड का लग रहा है. जहां पहले पवन ने मीनाक्षी को मारा और फिर खुद सुसाइड कर लिया. क्योंकि रविवार की रात में दोनों एक साथ रुके हुए थे.
रविवार की घटना
खजूरी सड़क पुलिस ने बताया कि मीनाक्षी गोखले रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी दोस्त कृतिका और उसकी तीन साल की बेटी के साथ लेकपर्ल कॉलोनी वाले घर में पहुंची थी. यह घर पवन कुमार द्विवेदी का है, जो मीनाक्षी का प्रेमी था. रात के वक्त कृतिका अपनी बच्ची के साथ अंदर वाले कमरे में सो गई, जबकि मीनाक्षी बाहर वाले कमरे में थी. सुबह 7 बजे जब कृतिका जगी तो उसने मीनाक्षी का शव देखा. जिसके बाद उसने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी.
पेड़ पर लटका मिला पवन का शव
घर से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ से पवन का शव भी लटका हुआ मिला है. पुलिस ने बताया कि उनकी जेब से एक बैंक पासबुक मिली है. पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि द्विवेदी गोखले से शादी करना चाहते थे, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थीं. रविवार देर रात इस मुद्दे पर हुई बहस के कारण यह कथित हमला हो सकता है. पुलिस की पहली थ्योरी यही कहती नजर आ रही है कि पवन ने पहले मीनाक्षी की हथौड़े से हत्या की होगी और उसके बाद खुद फांसी लगा ली. एडिशनल DCP संजीव पाठक के मुताबिक जांच से पता चलता है कि शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद था. क्राइम सीन की जांच की गई है और फोरेंसिक सबूत इकट्ठा किए गए हैं. पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी.
दतिया की रहने वाली थी मीनाक्षी
मीनाक्षी गोखले दतिया जिले की रहने वाली थी, जबकि पवन सीधी जिले का था. पुलिस ने बताया कि द्विवेदी पहले इंदौर में कोचिंग क्लास चलाते थे, जहां दोनों की मुलाकात तब हुई थी जब मीनाक्षी की शादी नहीं हुई थी और वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं. बाद में मीनाक्षी ने शादी कर ली, लेकिन 2 साल बाद पति से तलाक ले लिया था. जिसके बाद पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था. इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने की आशंका है.
ये भी पढे़ंः दोस्त के साथ घूम रही नाबालिग को लड़कों ने घेरकर छेड़ा, पीटा, वीडियो वायरल होने पर तलाश में जुटी पुलिस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं