अगले साल तीन देशों में खेले जाने वाले फिफ्टी-फिफ्टी विश्व कप ने मानो गति पकड़ ली है. टीमों ने अपनी प्लानिंग, तैयारी और अमलीकरण शुरू कर दिया है. और भारत और विंडीज सीरीज सहित बाकी देशों की श्रंखलाएं भी इसी परिणाम का हिस्सा हैं. बता दें कि केपटाउन में आधिकारिक शेड्यूल घोषित होने से पहले 14 टीमों के वनडे विश्व कप के लिए केवल 10 टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी. आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप का 14वां संस्करण बस एक साल दूर है. दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होने वाले इस वनडे विश्व कप के साथ, 2003 के संस्करण के बाद पहली बार यह टूर्नामेंट 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर लौट रहा है.
सिर्फ 10 टीमें क्वालीफाई करेंगी
वनडे विश्व कप क्वालीफिकेशन की प्रक्रिया में कुछ चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. 14 टीमों के इस टूर्नामेंट के आधिकारिक शेड्यूल के 1 अक्टूबर को केपटाउन में घोषित होने से पहले केवल 10 टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी.
दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे की जगह पक्की, नामीबिया को जगह नहीं
दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे सह-मेजबान होने के नाते अपने स्थान पक्के कर चुके हैं. टूर्नामेंट के सह-मेजबान होने के बावजूद, नामीबिया को सीधा स्थान नहीं मिलेगा क्योंकि वे आईसीसी के पूर्ण-सदस्य देश नहीं हैं.
विंडीज तो इस बार चूक गया!
अगली आठ टीमें जिन्हें सीधा क्वालीफिकेशन मिलेगा, उनका फैसला 30 सितंबर, 2026 तक की उनकी वनडे रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा. भारत वर्तमान में लीडर बोर्ड में शीर्ष पर है. हालांकि, तालिका में नीचे कुछ चौंकाने वाली बातें हैं, जहां दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के साथ-साथ आयरलैंड भी सीधे बर्थ से चूक जाएगी. ये दोनों पूर्ण-सदस्य टीमें 2027 की शुरुआत में होने वाले वनडे विश्व कप क्वालीफायर में अन्य आठ टीमों के साथ शामिल होंगी, जिनमें से चार टीमें विश्व कप के लिए आगे बढ़ेंगी.
ODI विश्व कप 2027: सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमें
| क्वालीफिकेशन का तरीका | क्वालीफिकेशन की तारीख | क्वालीफाई करने वाली टीमें |
मेजबान | 16 नवंबर, 2021 | दक्षिण अफ्रीका जिम्बाब्वे |
ODI टीम रैंकिंग (शीर्ष 8 टीमें, मेजबानों को छोड़कर) | 30 सितंबर, 2026 | अफगानिस्तान ऑस्ट्रेलिया बांग्लादेश इंग्लैंड भारत न्यूज़ीलैंड पाकिस्तान श्रीलंका |
जानें क्या है विश्व कप का फॉर्मेट
जुलाई 2026 में आईसीसी ने पुरुषों के वनडे विश्व कप के एक व्यापक बदलाव को मंजूरी दी. यह टूर्नामेंट एक नए तीन-चरण प्रतियोगिता प्रारूप को अपनाएगा. संशोधित के अनुसार शुरुआत क्वालीफिकेशन में 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली टीमों को शामिल करते हुए एक नई “सुपर सीरीज” के साथ होगी. ये तीनों टीमें राउंड-रोबिन फॉर्मेट में मुकाबला करेंगी, जिसमें केवल विजेता टीम ही अगले दौर में पहुंचेगी. सफल टीम इसके बाद दूसरे चरण में शेष 11 क्वालीफाई कर चुके देशों के साथ जुड़ेगी, जहां छह-छह टीमों के दो ग्रुप 30 मैच खेलेंगे. प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें, साथ ही दोनों ग्रुपों में अगली सर्वश्रेष्ठ स्थान वाली टीम, नए शुरू किए गए 'सुपर 7' चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी. सुपर 7 में सभी सात क्वालीफाइंग टीमें 21 मैचों की एक सिंगल राउंड-रोबिन लीग में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी. शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जिसमें पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान की टीम से होगा और दूसरे स्थान की टीम तीसरे स्थान की टीम से भिड़ेगी. विजेता टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी.
2027 वनडे विश्व कप का नया 3-चरण फॉर्मेट
- भाग लेने वाली टीमें: क्वालीफिकेशन प्रक्रिया के बाद 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली 3 टीमें.
- मैच का तरीका: ये तीनों टीमें आपस में राउंड-रोबिन फॉर्मेट में मुकाबले खेलेंगी
- परिणाम: इन तीनों में से केवल 1 विजेता टीम ही अगले चरण में प्रवेश करेगी, जबकि बाकी दो टीमें बाहर हो जाएंगी.
- कुल टीमें: चरण 1 से आने वाली 1 विजेता टीम + पहले से सीधे क्वालीफाई कर चुकीं 11 टीमें = कुल 12 टीमें
- ग्रुप विभाजन: इन 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुपों में बांटा जाएगा।
- मैचों की संख्या: इस चरण में कुल 30 मैच खेले जाएंगे.
अगले दौर में जाने का नियम:
- दोनों ग्रुपों से शीर्ष 3-3 टीमें (कुल 6 टीमें)- -दोनों ग्रुपों में से अगली सर्वश्रेष्ठ स्थान पर रहने वाली 1 अतिरिक्त टीम
- इस प्रकार कुल 7 टीमें अगले दौर (सुपर 7) के लिए क्वालीफाई करेंगी।
भाग लेने वाली टीमें: ग्रुप स्टेज से आईं कुल 7 टीमें.
मैच का तरीका: सभी सात टीमें एक सिंगल राउंड-रोबिन लीग में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी.
मैचों की संख्या: इस चरण में कुल 21 मैच खेले जाएंगे.
अगले दौर में जाने का नियम: इस लीग की अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली पावरफुल 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.
पहला सेमीफाइनल: सुपर 7 तालिका में पहले स्थान की टीम का मुकाबला चौथे स्थान की टीम से होगा.
दूसरा सेमीफाइनल: सुपर 7 तालिका में दूसरे स्थान की टीम का मुकाबला तीसरे स्थान की टीम से होगा.
फाइनल मुकाबला: दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों को जीतने वाली विजेता टीमें खिताब के लिए फाइनल में आमने-सामने होंगी.
1 अक्टूबर को शेड्यूल जारी होने की उम्मीद
ODI World Cup 2027 का आधिकारिक शेड्यूल टूर्नामेंट से एक साल पहले 1 अक्टूबर, 2026 को दक्षिण अफ्रीका में घोषित होने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं