भोपाल के ऐशबाग इलाके क सुदामा नगर में बुजुर्ग दंपती के शव मिलने के मामले में नया मोड़ सामने आया है. पुलिस को दंपती के शवों के पास तीन खाली कारतूस मिले, जिससे अब पुलिस का शक आत्महत्या के साथ हत्या पर भी गहरा गया है. दंपती के शव मरने के दो दिन बाद मिले हैं, तब शव डीकंपोज (सड़ना) होना शुरू हो चुके थे. इस वजह से गोलियों के निशान नहीं दिखे.
पुलिस को फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस हत्या के अलावा आत्महत्या के एंगल से भी जांच कर रही है. पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि बुजुर्ग दंपती के बीच विवाद भी होता रहता था. पड़ोसियों ने बताया कि उन्हें आखिरी बार 24 जून की शाम को देखा था. आशंका है कि उसी के बाद घटना घटी है.
दोनों बुजुर्ग रिटायर्ड कर्मचारी
दरअसल, हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक का शुक्रवार देर रात शव मिला था. इनकी मौत को काफी घंटे हो चुके थे, लेकिन आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी थी. हेमंत रेलवे से रिटायर्ट थे, जबकि पत्नी कस्तूरबा अस्पताल में नर्स थीं. दोनों का एक बेटा है, जो परिवार के साथ विदेश में रहता था.
ऐसे दोनों की मौत का चला पता
बुजुर्ग दंपति के घर का मामला तब सामने आया, जब उनका किरायेदार किराया देने पहुंचा. उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. ऐसे में उसे कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ और उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच में हत्या के साक्ष्य नहीं मिले और आत्महत्या की संभावना जताई.
जब तीन खाली कारतूस मिले हैं तो पुलिस अब हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- जबलपुर एयरपोर्ट पर सुप्रीम कोर्ट के वकील और अन्य यात्री के बीच मारपीट, राज्यसभा सांसद ने उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं