देश में पेपर लीक और लचर शिक्षा व्यवस्था को लेकर सियासत एक बार फिर चरम पर है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के मुद्दे पर केंद्र सरकार, खासकर गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया है.
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखे एक पोस्ट में साफ कर दिया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को शांत नहीं होने देगी. राहुल ने एक्स पर लिखा, "'अब मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा'-कल प्रयागराज में एक छात्र ने मुझसे यही कहा. सालों की तैयारी, घर की जमीन बेची, मां-बाप का कर्ज और फिर भी हाथ में कुछ नहीं. यह हार उसकी नहीं है. यह उस व्यवस्था की हार है जिसने उसकी मेहनत का दाम देने से इनकार कर दिया.
“अब मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा” - कल प्रयागराज में एक छात्र ने मुझसे यही कहा। सालों की तैयारी, घर की ज़मीन बेची, माँ-बाप का कर्ज़ और फिर भी हाथ में कुछ नहीं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 9, 2026
यह हार उसकी नहीं है। यह उस व्यवस्था की हार है जिसने उसकी मेहनत का दाम देने से इनकार कर दिया।
तेरह दिन हो गए - गृह…
राहुल गांधी ने अमित शाह से क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों का यह दर्द किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे देश के लाखों युवाओं का है जो सालों-साल कड़ी मेहनत के बावजूद पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार हो रहे हैं.
अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि गंभीर संकट के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या बयान नहीं आया है. राहुल गांधी ने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर 13 दिन बीत जाने के बावजूद गृह मंत्री अमित शाह के मुंह से एक शब्द नहीं निकला है.
राहुल ने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर की सड़कों पर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे छात्रों और बच्चों पर लाठियां बरसाई गईं और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन सरकार मौन रही.
जवाबदेही तय होगी, हम पीछे नहीं हटेंगे- राहुल
राहुल गांधी ने कहा, "गृह मंत्री जी, यह मत समझिए कि हम जवाबदेही मांगना बंद कर देंगे. आज नहीं तो कल, इस जुर्म का जवाब आपको देना ही पड़ेगा. छात्र देश की रोशनी हैं, और मैं उनकी पूरी शक्ति के साथ खड़ा हूं."
राष्ट्रव्यापी आंदोलन की तैयारी में कांग्रेस
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी आने वाले दिनों में पेपर लीक, राष्ट्रीय परीक्षाओं की धांधली और युवाओं के रोजगार के मुद्दे को थमने नहीं देंगे. पार्टी जानकारों का कहना है कि छात्रों की इस मांग और शिक्षा नीति को लेकर अब एग्रेसिव कैंपेन आयोजित किए जाएंगे.
साल 2024 में राहुल गांधी ने संविधान का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया था और अब कांग्रेस नई रणनीति के साथ पेपर लीक और खास तौर पर लाठी चार्ज और पैलेट गन का मुद्दे को भुनाने में लगी है.
यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान ने क्यों दिया शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा? पहली बार दिया बयान, कहा-मेरे लिए पद जरूरी नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं