Amit Shah on Naxalism: छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के खात्मे को लेकर बड़ा और निर्णायक संदेश सामने आया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कहा है कि नक्सलवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई अब अपने अंतिम चरण में है और तय समय-सीमा के भीतर माओवाद का पूरी तरह अंत कर दिया जाएगा. रायपुर में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने भरोसा जताया कि 31 मार्च से पहले यह लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा.
दरअसल, रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली. इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, डीजीपी सहित सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षा अभियानों और उनकी प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई.
अमित शाह का बड़ा दावा
समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर लिखा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद लगातार कमजोर हो रहा है और विकास तेज़ी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा केंद्रित रणनीति, मजबूत आधारभूत ढांचा, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर कड़ा प्रहार और प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के चलते सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं.
माननीय केंद्रीय गृह मंत्री जी, आपकी अध्यक्षता में आज नवा रायपुर में आयोजित LWE सुरक्षा समीक्षा बैठक नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक प्रगति का सशक्त संकेत है।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) February 8, 2026
डबल इंजन सरकार की सटीक सुरक्षा-केंद्रित रणनीति, सुदृढ़ आधारभूत संरचना, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर कड़ा प्रहार तथा प्रभावी… https://t.co/4tOVz5yyIB
आज रायपुर में छत्तीसगढ़ सरकार व अधिकारियों के साथ नक्सलविरोधी अभियानों पर समीक्षा बैठक की।
— Amit Shah (@AmitShah) February 8, 2026
सिक्योरिटी सेंट्रिक स्ट्रेटजी, इंफ्रास्ट्रक्चर, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर प्रहार व आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम आए हैं और इस 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा है। pic.twitter.com/QF2a1ZnwhY
31 मार्च से पहले खत्म होगा माओवाद
अमित शाह ने विश्वास जताया कि तय समय-सीमा के भीतर यानी 31 मार्च से पहले नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में पूरी ताकत से काम कर रही हैं और अब नक्सलियों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं है.
छत्तीसगढ़ की बदली तस्वीर
कभी नक्सली हिंसा का गढ़ माने जाने वाला छत्तीसगढ़ अब तेजी से विकास का प्रतीक बनता जा रहा है. गृह मंत्री ने कहा कि यहां के युवा अब खेल, फॉरेंसिक और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं. साथ ही वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को भी सहेजते हुए नए अवसरों की ओर बढ़ रहे हैं.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में हुई यह बैठक नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक प्रगति का मजबूत संकेत है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की रणनीति, मजबूत सुरक्षा तंत्र और आत्मसमर्पण नीति के चलते छत्तीसगढ़ सहित अन्य नक्सल प्रभावित राज्यों में हालात तेजी से बदल रहे हैं.
पीएम मोदी के नेतृत्व में मजबूत संकल्प
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के सशक्त मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने का संकल्प अब साकार होने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है. सरकार हर स्तर पर इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.
विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा
रायपुर में हुई इस बैठक में नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई. सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं