- पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने मनीष सिसोदिया पर निजी संबंधों को लेकर आरोप लगाए हैं.
- खैहरा ने सिसोदिया के साथ दिख रही महिला गायत्री बिश्नोई को लेकर सवाल उठाए और उनकी असलियत पर विवाद खड़ा किया है.
- गायत्री बिश्नोई राजस्थान की रहने वाली हैं. पंजाब में आप की सह प्रभारी है.
पंजाब में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होना है. इससे पहले राज्य में सियासी संग्राम तेज हो गई है. आरोप-प्रत्यारोप के साथ-साथ निजी हमले भी किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में पंजाब के कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया को लेकर एक बड़ा संगीन आरोप लगाया है. खैहरा का आरोप है कि सिसोदिया पंजाब में किसी दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं. उन्होंने इससे जुड़ी तस्वीरें भी दिखाई. यह भी पूछा कि सिसोदिया की पत्नी कहां हैं? कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने जो तस्वीर दिखाई, उसमें सिसोदिया के साथ नजर आ रहीं महिला गायत्री बिश्नोई हैं. गायत्री बिश्नोई कौन हैं? कांग्रेस विधायक के आरोप पर गायत्री बिश्नोई का क्या कहना है? आइए जानते हैं...
कौन हैं गायत्री बिश्नोई?
गायत्री बिश्नोई आम आदमी पार्टी के तेज-तर्रार नेता हैं. वो मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं. हालांकि अभी पंजाब में आप की सह प्रभारी की भूमिका निभा रही हैं. गायत्री बिश्नोई के बाड़मेर जिले के छोटे से गांव भलीसर की रहने वाली हैं. पंजाब की सह प्रभारी के साथ-साथ आम आदमी पार्टी ने उन्हें राजस्थान में महिला विंग की जिम्मेदारी दे रखी है.

मनीष सिसोदिया के जन्मदिन पर उन्हें केक खिलाती गायत्री बिश्नोई की यह तस्वीर उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर डाला था.
Photo Credit: Gayatri Bishnoi X Post
गायत्री के पिता आर्मी के मेजर सूबेदार
गायत्री सोशल वर्क में काफी एक्टिव रहती हैं. उन्होंने जयपुर के महारानी कॉलेज से पढ़ाई की है. गायत्री के पिता बीराराम बिश्नोई आर्मी से मेजर सूबेदार के पद से साल 2006 में रिटायर्ड हो चुके हैं. गायत्री सोशल मीडिया पर भी काफी मुखर है. 2023 में ट्रेन की एक यात्रा के दौरान उन्होंने नशेड़ियों की शिकायत की थी. जिसके बाद रेलवे को तत्काल एक्शन लेना पड़ा था.
माता-पिता के साथ अभी पंजाब में रह रही गायत्री बिश्नोई
अभी गायत्री बिश्नोई पंजाब में अपने माता-पिता के साथ रह रही हैं. कांग्रेस विधायक खैहरा के आरोपों पर जवाब देते हुए गायत्री बिश्नोई ने अपने वीडियो में माता-पिता को भी दिखाया था. उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता हार्ट पेशेंट हैं. उनका इलाज चल रहा है. गायत्री ने बताया कि पंजाब के स्वास्थय मंत्री बलबीर सिंह के आवास पर वो अपने मां-पिता के साथ रह रही है.

कांग्रेस विधायक के आरोप पर कहा- तुम्हें जेल भिजवाकर ही दम लूंगी
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के आरोपों पर AAP की पंजाब स्टेट ऑब्जर्वर गायत्री बिश्नोई ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'सुखपाल खैहरा, तुमने मेरे चरित्र पर लांछन लगाया है. पहले यह देखो कि मैं कहां रहती हूं. तुमने जो आरोप लगाए हैं, उनके लिए तुम्हें कानून का सामना करना पड़ेगा. मैं तुम्हें जेल भिजवाकर ही दम लूंगी.' बिश्नोई ने खैरा के बयानों को महिला की गरिमा पर हमला बताया और कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी महिला को निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता.
महिला आयोग की अध्यक्ष बोलीं- यह गंभीर मामला, होगी सख्त कार्रवाई
पंजाब राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष राज गिल ने कहा, 'पंजाब राज्य महिला आयोग किसी भी महिला के सम्मान पर किए गए हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा. किसी महिला के चरित्र को सार्वजनिक रूप से बदनाम करना या उसके निजी जीवन पर अपमानजनक टिप्पणी करना गंभीर मामला है.' उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें - पंजाब में AAP-कांग्रेस टकराव में निजी आरोपों की एंट्री, खैरा के आरोपों पर गायत्री बिश्नोई का पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं