पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने जांच एजेंसियों पर निशाना साधा. कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) के ऑपरेशन ने तीन दिन से पूरे पंजाब में सरकारी कामकाज को प्रभावित किया है. जिससे लोगों को परेशानी हो रही है, जबकि छापों में कुछ भी हासिल नहीं हुआ. ईडी और इनकम टैक्स विभाग समेत अन्य एजेंसियों की कार्रवाई से पंजाब के लोग, आम नेता और कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं.
मंत्री चीमा ने कहा- एक एजेंसी सर्च के नाम पर किसी सरकारी अथॉरिटी के काम में रुकावट कैसे डाल सकती है? ईडी का ऑपरेशन 36 घंटे से ज़्यादा चला, जिससे गमाडा के काम पर सीधा असर पड़ा. यह सरकारी प्रशासन में एक गलत दखल है. उन्होंने कहा कि ईडी ऑपरेशन ने पंजाब की बड़ी डेवलपमेंट अथॉरिटी के काम पर असर डाला है, जिसमें कई फ्लोर सील किए गए, सीनियर अधिकारियों से पूछताछ की गई. सरकारी रिकॉर्ड और डिवाइस भी जब्त किए गए हैं. गमाडा ग्रेटर मोहाली के योजनाबद्ध विकास और रेगुलेशन के लिए जिम्मेदार है, जिसमें शहरी प्रॉपर्टी, जमीन अधिग्रहण, हाउसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास के काम शामिल हैं, इसीलिए पब्लिक प्रोजेक्ट और नागरिकों के लिए इसका काम करना जरूरी है.
बच्चों और परिवार के सदस्यों को डराने की कोशिश की
मंत्री ने कहा- पिछले 2-3 दिनों में कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों ने ताले तोड़े हैं. बंद और खाली घरों में भी घुसे हैं, लेकिन इन जगहों से कुछ भी बरामद नहीं हुआ. अगर, कुछ नहीं मिला तो बंद घरों के ताले तोड़ने का मकसद क्या था? उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने मंत्री के एक रिश्तेदार के घर पर छापे के दौरान बच्चों और बुज़ुर्ग परिवार के सदस्यों को डराने की कोशिश की. क्या जांच एजेंसी के काम करने का यही तरीका है?
पंजाब डरने वालों में से नहीं
उन्होंने कहा- पंजाब ने हमेशा देश के लोकतात्रिंक अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है. शहीद भगत सिंह, शहीद उधम सिंह और करतार सिंह सराभा ने भारत की आजादी के लिए अपनी जानें कुर्बान कर दीं. बाबा साहेब अंबेडकर के नेतृत्व में तैयार किए गए संविधान ने हर नागरिक को लोकतात्रिंक अधिकार दिए हैं. उन अधिकारों की हर कीमत पर रक्षा होनी चाहिए. पंजाब डरने वालों में से नहीं है, पंजाबी कभी दबाव के आगे नहीं झुके हैं.
आप नेता-कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
इधर, आम आदमी पार्टी ने ईडी की छापेमारी के खिलाफ मोहाली में प्रदर्शन किया, जिसमें पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान विधायक शेरी कलसी ने कहा कि लंबी छापेमारी और जांच के बावजूद ईडी को अब तक कुछ भी नहीं मिला है. जैसे-जैसे पंजाब में चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ईडी की सक्रियता बढ़ गई है. लेकिन, हम डरने वाले नहीं, लड़ने वाले लोग हैं.
Hashpe क्रिप्टो स्कैम में ED का बड़ी एक्शन, 146 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले में दो आरोपी और गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं