विज्ञापन

पंजाब में AAP-कांग्रेस टकराव में निजी आरोपों की एंट्री, खैरा के आरोपों पर गायत्री बिश्नोई का पलटवार

पंजाब में कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा द्वारा AAP नेता मनीष सिसोदिया और सह-प्रभारी गायत्री बिश्नोई को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद सियासी विवाद गहरा गया है. क्या है पूरा विवाद?

पंजाब में AAP-कांग्रेस टकराव में निजी आरोपों की एंट्री, खैरा के आरोपों पर गायत्री बिश्नोई का पलटवार
पंजाब में AAP-Congress में नया घमासान
NDTV
  • कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने AAP के मनीष सिसोदिया पर सरकारी आवास में गैरकानूनी कब्जे का आरोप लगाया है
  • खैरा ने पंजाब में मनीष सिसोदिया के साथ रहने वाली महिला के बारे में भी सवाल उठाए और स्पष्टता मांगी है
  • खैरा ने पंजाब सरकार और GMADA पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए ED की जांच का हवाला दिया है

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है. कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने AAP नेता मनीष सिसोदिया और पंजाब सह-प्रभारी गायत्री बिश्नोई को लेकर आरोप लगाए. इसके बाद यह विवाद और बढ़ गया. इस मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है.

सुखपाल खैरा ने क्या आरोप लगाए?

एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने AAP और मनीष सिसोदिया पर कई आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि मनीष सिसोदिया मोहाली के सेक्टर-79 स्थित एक सरकारी आवास में रह रहे हैं. खैरा ने कहा कि मनीष सिसोदिया सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करें कि क्या उन्होंने संबंधित सरकारी आवास पर गैरकानूनी कब्जा नहीं किया है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उस आवास में उनके साथ कौन रह रहा है.

अपने बयान में खैरा ने कहा, 'मनीष सिसोदिया को मेरी चुनौती है. दिल पर हाथ रखकर कसम खाएं कि आपने सेक्टर 79 में मकान नंबर 960 पर गैर-कानूनी कब्जा नहीं किया है. साथ ही लोगों को यह भी बताएं कि वहां आपके साथ कौन रह रहा है. गायत्री बिश्नोई को पंजाब में आम आदमी पार्टी का सह-प्रभारी बनाया गया है. आप उस घर की तस्वीरें देख सकते हैं और वहां मनीष सिसोदिया के नाम वाला एक सर्टिफिकेट भी लगा हुआ है. मुझे हैरानी है. मनीष सिसोदिया की पत्नी कहां हैं, जबकि वे कथित तौर पर पंजाब में मकान नंबर 960 में पार्टी की सह-प्रभारी के नाम पर किसी दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं?'

GMADA और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए

अपने वीडियो में खैरा ने पंजाब सरकार, GMADA और कई अधिकारियों पर भी गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि ED की कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और जानकारियां सामने आई हैं. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि उपयोग परिवर्तन (CLU) और अन्य नीतिगत फैसलों से कुछ कंपनियों को कथित तौर पर फायदा पहुंचाया गया. खैरा ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के नेता पंजाब सरकार के फैसलों को प्रभावित कर रहे हैं और राज्य के संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है.

गायत्री बिश्नोई का तीखा जवाब

खैरा के आरोपों पर AAP की पंजाब स्टेट ऑब्जर्वर गायत्री बिश्नोई ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'सुखपाल खैरा, तुमने मेरे चरित्र पर लांछन लगाया है. पहले यह देखो कि मैं कहां रहती हूं. तुमने जो आरोप लगाए हैं, उनके लिए तुम्हें कानून का सामना करना पड़ेगा. मैं तुम्हें जेल भिजवाकर ही दम लूंगी.' बिश्नोई ने खैरा के बयानों को महिला की गरिमा पर हमला बताया और कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी महिला को निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता.

महिला आयोग ने लिया संज्ञान

मामले के तूल पकड़ने के बाद पंजाब राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष राज गिल ने कहा, 'पंजाब राज्य महिला आयोग किसी भी महिला के सम्मान पर किए गए हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा. किसी महिला के चरित्र को सार्वजनिक रूप से बदनाम करना या उसके निजी जीवन पर अपमानजनक टिप्पणी करना गंभीर मामला है.' उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. राज गिल ने यह भी कहा कि महिला का सम्मान सर्वोपरि है और आयोग इस मुद्दे पर मजबूती से खड़ा रहेगा.

यह भी पढ़ें: बलजिंदर को बचाने की तेज हुई मुहिम, दोसांझ और खली की सरकार से अपील, सऊदी में दी गई है फांसी की सजा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab News, Congress, Punjab AAP, Punjab Aap Candidates, Punjab AAP Candidates List
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com