विज्ञापन

52 साल बाद लौटी कांगो DR, डरावना इतिहास और FIFA वर्ल्ड कप में पहली जीत का इंतजार

अमित कुमार कड़वासरा
  • ब्लॉग,
  • Updated:
    जून 15, 2026 16:58 pm IST
    • Published On जून 15, 2026 16:58 pm IST
    • Last Updated On जून 15, 2026 16:58 pm IST
52 साल बाद लौटी कांगो DR, डरावना इतिहास और FIFA वर्ल्ड कप में पहली जीत का इंतजार

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो  ने 52 साल के सूखे को खत्म कर फुटबॉल वर्ल्ड कप में वापसी की है. वो 17 जून को पुर्तगाल के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा. उसकी कोशिश होगी की यह वर्ल्ड कप उनके लिए 1974 जैसा साबित न हो. दरअसल 1974 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में पहली दो हार के बाद कांगो के खिलाडियों की घर वापसी के दरवाजे ही लगभग बंद हो गए थे. कांगो की टीम इस वर्ल्ड कप में अपनी छवि बदलने के इरादे से उतरेगी.वह दुनिया को दिखाएगी कि उनका फुटबॉल कितना बदल चुका है.

कांगो डीआर का विश्व कप फुटबॉल में सफर

कांगो डीआर को 1974 के वर्ल्ड कप में स्वीडन के खिलाफ 2-0 से हार के बाद तत्कालीन यूगोस्लाविया से 9-0 के अंतर से बड़ी हार का सामना करना पड़ा.यह वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे शर्मनाक हारों में से एक थी. उस समय कांगो डीआर का नाम जायरे थे. शुरुआत की दो हारों के बाद कांगो डीआर के तानाशाह मोबुतु सेसे सेको ने टीम को चेतावनी दी थी की अगर वो अगला मैच तीन से ज्यादा गोलों से हारे तो उनको देश में एंट्री नहीं मिलेगी. कांगो डीआर का अगला मैच ब्राजील जैसी मजबूत टीम से था. इससे तानाशाह की चेतावनी का बोझ खिलाड़ियों पर और बढ़ गया. लेकिन कांगो डीआर के खिलाड़ियों ने किसी तरह ब्राजील को तीन गोल पर रोक दिया. इस तरह उनके लिए भयानक वर्ल्ड कप का अंत हुआ.उस पूरे वर्ल्ड कप में कांगो डीआर एक भी गोल स्कोर नहीं कर पाया था. उस वर्ल्ड कप के बाद कांगो डीआर ने इस बार वर्ल्ड कप के लिए एक बार फिर क्वालीफाई किया है.

वर्ल्ड कप में वापसी की कहानी कांगो डीआर के लिए आसान नहीं रही. कई दशकों से राजनितिक अस्थिरता से घिरे इस देश की 22 फीसदी जनसंख्या भोजन के तीव्र संकट से जूझ रही है. इसका असर कांगो डीआर की फुटबॉल पर भी पड़ा. वो अपनी क्षमता के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर पाया. साल 1974 में कांगो डीआर पहला सब-सहारन अफ्रीकन देश था, जिसने वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था. लेकिन उसके बाद अब कांगो डीआर का फुटबॉल मजबूत स्थिति में पहुंचा है. टीम के मैनेजर सेबेस्टियन देसबरे का योगदान इसमें बहुत खास रहा है. उन्होंने 2022 में कमान संभालने के बाद इस टीम को संकट से बाहर निकाला और अफ्रीकन कप ऑफ नेशन 2023 में चौथे स्थान तक पहुंचाया. 'les leopards' यानी तेंदुए के नाम से मशहूर इस टीम ने वर्ल्डकप क्वालीफायर में केमरून और नाइजीरिया जैसी मजबूत अफ्रीकी टीमों को हराकर क्वालीफाई किया है. जमैका के खिलाफ फीफा इंटर कॉन्फेडरेशन प्लेऑफ के मैच में एक्स्ट्रा टाइम के 99वें मिनट में एक्सेल टाउनजेबे ने मैच का एकमात्र गोल कर टीम को वर्ल्ड कप में पहुंचा दिया. कांगो डीआर के लिए यह कितनी बड़ी बात थी, यह इसी से पता चलता है कि इस जीत के अगले दिन पूरे देश में नेशनल हॉलीडे घोषित कर दिया गया था. 

कांगो डीआर की टीम ने इससे पहले 1974 के वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था. उस समय उसका नाम जायरे था.
Photo Credit: FIFA

कैसी है कांगो डीआर के फ्रांसीसी कोच की रणनीति

मैनेजर देसबरे एक टैक्टिकल नियंत्रण वाले कोच हैं. उनके नेतृत्व में डिफेंसिव सॉलिडिटी इस टीम की ताकत है. 13 वर्ल्ड कप क्वालीफायर मैचों में आठ क्लीन शीट इस बात को दर्शाती है. गोल करने के लिए टीम काउंटर अटैक पर निर्भर करती है. 4-3-3 के फार्मेशन के साथ पिच पर उतरने वाली यह टीम ज्यादातर डिफेंड करने के लिए बैक फाइव के फारमेशन में चली जाती है. कप्तान और डिफेंडर चैंसेल बेंबा, मिडफील्डर नवाह सिदीकी और स्ट्राइकर सेड्रिक बाकम्बु टीम के सबसे जरूरी खिलाड़ी हैं. स्ट्राइकर बाकम्बु के पास वर्ल्ड कप में अपने देश के लिए पहला गोल दागने का रिकॉर्ड दर्ज करने का मौका है. लेकिन कोच देसबरे के लिए दिक्कत वाली बात है कि टीम के शुरूआती 11 में से 7 खिलाड़ी इस सीजन अपने-अपने क्लब में रेगुलर जगह बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं. 

किस टीम से है कांगो डीआर का पहला मैच

वर्ड कप ग्रुप स्टेज के पहले मैच में कांगो डीआर को क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल का सामना करना पड़ेगा. कांगो डीआर के लिए 41 साल की उम्र में अपना वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा करने के उतरने वाले रोनाल्डो का सामना करना आसान नहीं होगा. ग्रुप-के की दूसरी टीमें कोलंबिया और उज्बेकिस्तान हैं. पुर्तगाल और कोलंबिया की वजह से कांगो डीआर का सफर ग्रुप स्टेज पर ही खत्म होने की संभावना ज्यादा है. कोई चमत्कार ही कांगो को अगले राउंड के लिए क्वालीफाई करवा सकता है, क्योंकि पिछले कुछ सालों कांगो ने टॉप 20 टीमों में से केवल सेनेगल और मोरोक्को का ही सामना किया है. इन दोनों के खिलाफ उसका रिकॉर्ड खराब रहा है.

विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई करने के बाद मैनेजर सेबेस्टियन देसबरे के साथ जश्न मनाते खिलाड़ी.
Photo Credit: FIFA

काम न आई समय बरबाद करने की तकनीक

भले ही कांगो डीआर ने एक ही वर्ल्ड कप में भाग लिया है. लेकिन उस वर्ल्ड कप में एक ऐसी मशहूर घटना घटी जिसने हमेशा के लिए वर्ड कप इतिहास में जगह बना ली. जब टीम के आखिरी मैच में ब्राजील को एक खतरनाक पोजीशन में फ्री किक मिली तो राइट बैक म्वेपु इलुंगा ने डिफेंसिव वॉल से निकल कर गेंद को जोर से किक मार कर हवा में उड़ा दिया. इलूंगा की इस हरकत से सारे दर्शक हैरान रह गए थे. उनको नहीं पता था कि ये प्रोटेस्ट करने का एक तरीका था. मैच से कुछ देर पहले ही खिलाड़ियों को पता चला था की तानाशाह मेबूतु ने उनकी सैलरी और बोनस देने से इनकार कर दिया है और वो तीन से ज्यादा गोलों से हारे तो उनको देश से भी निकाल दिया जाएगा. इलूंगा का इरादा था की गेंद को दूर मार कर समय बर्बाद किया जाए, क्योंकि ब्राजील दो गोल दाग चुका था और प्रोटेस्ट के तौर पर रेड कार्ड हासिल करे. लेकिन उनको रेड कार्ड नहीं मिला. केवल येलो कार्ड मिला. ब्राजील ने यह मैच 3-0 से मैच जीता. कांगो डीआर के खिलाड़ी घर तो जा पाए, लेकिन उन्हें सैलरी और बोनस का पैसा नहीं मिला.

कौन है कांगो डीआर का सुपरफैन

डीआर कांगो की टीम के सुपरफैन मिशेल कुका मबोलडिंगा के साथ कोच सेबेस्टियन देसबरे.
Photo Credit: Sebastien Desabre X

डीआर कांगो की टीम का जिक्र उनके सुपरफैन के बिना अधूरा रह जाएगा. जैसे सचिन तेंदुलकर के सुपरफैन सुधीर चौधरी हैं, उसी तरह कांगो टीम के सुपरफैन मिशेल कुका मबोलडिंगा हैं. वो अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के दौरान वायरल हुए थे. उन्हें खिलाड़ियों के कहने पर ही कांगो के आधिकारिक विश्व कप प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया है. मबोलडिंगा 2013 से रंग-बिरंगे सूट पहनकर पूरे मैच के दौरान एक हाथ ऊपर उठाकर कांगो के क्रांतिकारी नेता पैट्रिस लुमुम्बा की मूर्ति की तरह शांत खड़े रहते हैं.

(डिस्क्लेमर: लेखक फ्रीलान्स राइटिंग और स्पोर्ट्स कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में पिछले छह साल से काम कर रहे हैं. उनकी दिलचस्पी क्रिकेट और फुटबॉल जैसे खेलों को फॉलो करने के साथ-साथ खेल और खिलाड़ियों का विश्लेषण करने में रही है. इस लेख में व्यक्त विचार उनके निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FIFA World Cup 2006, DR Congo
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com