Kal Ka Mausam 12 September 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम ने एक बार फिर से पलटी मारी है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर स्थित है, जिसकी वजह से कई राज्यों में बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने कल के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है. वीकेंड में उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर मध्यम बारिश हो सकती है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में बारिश का रेड अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है. कई इलाकों में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई. मौसम विभाग ने रात तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. IMD ने कल भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है. अगले दो दिनों तक यानी रविवार तक बारिश जारी रहने की संभावना है.
राजस्थान के कई जिलों में बारिश
बंगाल की खाड़ी में बने एक कम दबाव के क्षेत्र के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में आज से बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने के अनुसार, कल राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. इसी तरह 13-14 सितंबर को कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. साथ ही पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और जोधपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी कल बारिश की संभावना जताई है. कल पूर्वी उत्तर प्रदेश में काफी बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी 12 से 17 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कल भी बिहार में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने का अनुमान जताया है. बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसके अलावा बिहार के कई जिलों में इन दिनों बाढ़ का भी अलर्ट है.
बंगाल, ओडिशा से लेकर छत्तीसगढ़ तक भारी बारिश
अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की आशंका है।.ऐसी स्थिति में उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल-ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर मछुआरों को नहीं जाने की सलाह दी गई है. ओडिशा के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है. छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
भारी बारिश: उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय.
हल्की से मध्यम बारिश: दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, कर्नाटक, तमिलनाडु.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम का मिजाज, हुई तेज बारिश, उमस से राहत नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं