- बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है.
- हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड में वृद्धि होगी.
- दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
Kal Ka Mausam 16 november 2026: देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. एक तरफ बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है, तो दूसरी तरफ पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. इसके असर से पहाड़ों में ठंड बढ़ेगी और कई मैदानी राज्यों में भी बारिश होने के आसार हैं. IMD का अनुमान है कि 16 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
IMD के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब तेजी से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कल यानी 16 नवंबर 2026 को इसके सक्रिय होकर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की पूरी संभावना है. इसके बाद, 17 नवंबर को यह और अधिक तीव्र होकर एक प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, जिससे तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है. आने वाले दिनों में आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
कल के लिए कहां क्या है मौसम का अलर्ट?
16 नवंबर 2026 को देश के कई हिस्सों के लिए मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में रात और सुबह के समय 'घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जिससे दृश्यता 200 मीटर से भी कम रह सकती है. बरेली, कुशीनगर, अयोध्या और आजमगढ़ जैसे जिलों में कोहरे का असर सबसे अधिक देखा जा सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है.
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
वहीं, बारिश की बात करें तो कल पूर्वी भारत के उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी कल छिटपुट स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में कल हल्की से छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है.
75 से 85 किमी प्रति घंटे तक चलेगी हवा
चक्रवात के कारण बंगाल की खाड़ी के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में समुद्र की स्थिति बेहद खतरनाक होने जा रही है. कल यानी 16 नवंबर को बंगाल की दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी में तूफानी हवाओं की गति 55-65 किमी प्रति घंटे से बढ़कर दोपहर तक 75 से 85 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मध्य बंगाल की खाड़ी में कल शाम से हवाओं की रफ्तार 90 से 120 किमी प्रति घंटे की खतरनाक सीमा को छू सकती है.
वहीं पहाड़ी राज्यों में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में दिखना शुरू हो गया है. यहां ठंड का असर बढ़ सकता है. उत्तर प्रदेश में आज पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश और घना कोहरा देखने को मिल सकता है. IMD ने 15 से 17 नवंबर तक पश्चिमी यूपी में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आज छिटपुट बारिश की संभावना है.
ये भी पढ़ें : अंगद का पैर कहां रखेंगे, जब जमीन नहीं बचेगी; अखिलेश यादव का आगरा से अमित शाह पर तंज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं