विज्ञापन

तीन फुट के गड्ढे में कैसे आया करंट, जिसने ड्यूटी से लौट रहे शख्स की सड़क पर ली जान

पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में सड़क धंसने के बाद गड्ढे में फंसे 28 वर्षीय युवक संदीप की करंट लगने से मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

तीन फुट के गड्ढे में कैसे आया करंट, जिसने ड्यूटी से लौट रहे शख्स की सड़क पर ली जान
दिल्ली में करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत: सड़क धंसने के बाद बिजली के पोल की चपेट में आया संदीप
नई दिल्ली:

दिल्ली के सूरजमल विहार में कथित लापरवाही ने एक 28 वर्षीय युवक की जान ले ली. मेडिकल नर्सिंग केयरगिवर के तौर पर काम करने वाले संदीप की करंट लगने से मौत हो गई, जब वह ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था. पुलिस के अनुसार सड़क किनारे बिजली के खंभे के पास का हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वह कमर तक गड्ढे में फंस गया. इसी दौरान उसका संपर्क पोल में फैल रहे विद्युत करंट से हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 28 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है. वह सूरजमल विहार क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति की देखभाल का काम करता था. 26 अगस्त की रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने घर लौट रहा था. संदीप शाहदरा क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के साथ रहता था और रोजाना पैदल ही काम पर आता-जाता था.

सड़क धंसने के बाद कमर तक फंस गया

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सूरजमल विहार के सोमनाथ मार्ग पर डिवाइडर के पास स्थित एक बिजली खंभे के नजदीक सड़क का कच्चा हिस्सा अचानक धंस गया. संदीप वहां से गुजर रहा था तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब तीन फीट गहरे गड्ढे में गिर गया. गड्ढे में वह कमर तक फंस गया और बाहर नहीं निकल सका. पुलिस का कहना है कि बिजली के खंभे के निचले हिस्से में करंट प्रवाहित हो रहा था. गड्ढे में फंसे होने के दौरान युवक का संपर्क पोल से हुआ और उसे तेज बिजली का झटका लगा.

Delhi Electrocution Case Sandeep Death Electric Pole Current

Delhi Electrocution Case Sandeep Death Electric Pole Current

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

घटना की सूचना सुबह करीब 7:30 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदीप को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के लिए शव को जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने मौत का कारण इलेक्ट्रोक्यूशन यानी करंट लगना बताया है.

लापरवाही की जांच जारी

पुलिस अब इस मामले में संबंधित एजेंसियों की भूमिका और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना के पूरे क्रम को समझा जा सके. प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि सड़क की स्थिति और बिजली के पोल के रखरखाव में गंभीर खामियां हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें : रक्षाबंधन के दिन भाई की करंट से मौत, बहन ने शव को राखी बांधकर दी अंतिम विदाई; हर कोई रो पड़ा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Electrocution Death, Delhi Electrocution Case, Electrocution Death Delhi, Delhi Police, Road Caves In Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com