दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव ने शुक्रवार को तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भारतीय टीम से बाहर किए जाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनका समर्थन किया. उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें यह गेंदबाज पसंद है, लेकिन उनकी राय मायने नहीं रखती क्योंकि टीम का चयन करना चयनकर्ताओं, कप्तान और टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी है.
FICCI द्वारा आयोजित 'बिजनेस ऑफ स्पोर्ट्स' पर 16वें ग्लोबल समिट के दौरान मीडिया से बात करते हुए कपिल ने कहा,"मेरी बात करूं तो, मुझे वह पसंद है. आपकी पसंद-नापसंद अलग हो सकती है - हो सकता है कि कुछ लोग कहें कि वह इसके लायक नहीं हैं. लेकिन टीम का चयन चयनकर्ताओं, कप्तान और मैनेजर को करना होता है. हमारी पसंद-नापसंद से कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए. यह इस बात पर निर्भर करता है कि संगठन की क्या योजना है."
सिराज को टीम से बाहर किए जाने पर चल रहे विवाद के बारे में पूछे जाने पर, 1983 विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा कि सवाल उन लोगों से पूछा जाना चाहिए, जिन्हें टीम चुनने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने कहा,"चयनकर्ताओं से पूछिए. चयनकर्ताओं से पूछिए - मैं कौन होता हूं? देखिए, हम जैसे लोगों को इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. जिन लोगों के पास यह जिम्मेदारी है, उन्हें ही जवाब देना चाहिए. मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. आप हर किसी को खुश नहीं कर सकते."
कपिल ने मुख्य कोच गौतम गंभीर के प्रदर्शन पर भी कोई राय देने से परहेज किया और कहा कि उनके योगदान को लेकर लोगों की अलग-अलग राय हो सकती है.उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि यह आपकी राय है. दूसरे लोग कह सकते हैं कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. चलिए इस पर बात न करें. आप किसी सिस्टम की आलोचना नहीं कर सकते. सिस्टम को इसी तरह बनाया गया है. और वैसे भी, भारतीय क्रिकेट अच्छा प्रदर्शन कर रहा है - यही सबसे महत्वपूर्ण बात है."
पूर्व भारतीय कप्तान ने T20 क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि इस फॉर्मेट ने युवा पीढ़ी को काफी आकर्षित किया है और इसके बढ़ते महत्व में कुछ भी गलत नहीं है. पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा,"मुझे लगता है कि एक नई पीढ़ी आ गई है. वे फिर से वापसी करेंगे. बाकी फॉर्मेट - टेस्ट मैच और वनडे - भी वापस लौटेंगे. फिलहाल, यह एक नई चीज है, इसलिए हर कोई इसे पसंद कर रहा है. यह ठीक है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. लेकिन अगर T20 की वजह से खेल लोकप्रिय हो रहा है, तो इसमें बुराई ही क्या है?"
इससे पहले, समिट के एक सेशन के दौरान, कपिल ने बल्ले और गेंद के बीच बेहतर संतुलन बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि खेल अब पूरी तरह से बल्लेबाजों के पक्ष में झुक गया है, जिससे गेंदबाजों को नुकसान हो रहा है.उन्होंने माना कि चौके और छक्के दर्शकों को खूब लुभाते हैं, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि खेल प्रशासकों को गेंदबाजों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिए.
1983 विश्व विजेता कप्तान ने कहा,"खेल में बल्लेबाजों का पलड़ा 60 प्रतिशत और गेंदबाजों का 40 प्रतिशत होना चाहिए. लेकिन अभी यह बल्लेबाजों के पक्ष में 85-90 प्रतिशत है, क्योंकि हर कोई चौके और छक्के देखना पसंद करता है. यह ठीक है, लेकिन गेंदबाजों के बारे में भी तो सोचिए."
यह भी पढ़ें: फाइनल नहीं हुआ, फिर भी पाकिस्तान बना चैंपियन! भारतीय टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार किया
यह भी पढ़ें: 2 साल के इंतजार के बाद पाकिस्तान को नसीब हुई पहली जीत, 1-0 से अपने नाम की सीरीज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं