भोपाल में समर्थ को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया. मीडिया से बचने के लिए आरोपी को पीछे के रास्ते से गेट नंबर-3 के जरिए कोर्ट परिसर में लाया गया. यहीं से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. कोर्ट में सुनवाई शुरू होते ही पुलिस ने आरोपी की 7 दिन की रिमांड की मांग की. पुलिस का कहना है कि मामले में स्पॉट वेरिफिकेशन कराना है, अन्य साक्ष्यों की जब्ती करनी है और विस्तृत बयान दर्ज करने हैं, इसलिए पुलिस कस्टडी जरूरी है. कोर्ट ने पुलिस की दलील मानते हुए 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी है.
बता दें कि समर्थ के वकील ने पुलिस की 7 दिन की रिमांड वाली मांग का विरोध करते हुए कहा था कि एक दिन की रिमांड पर्याप्त है, क्योंकि जरूरी साक्ष्य पहले ही जब्त किए जा चुके हैं, ऐसे में लंबी रिमांड की जरूरत नहीं है. मामले की सुनवाई भोपाल की न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुदिता गुप्ता की अदालत में जारी है, जहां कोर्ट रूम में भारी भीड़ मौजूद है.
गिरिबाला को हाईकोर्ट का नोटिस
दूसरी ओर पुलिस ने समर्थ की मां पूर्व जज गिरिबाला सिंह को हाईकोर्ट का नोटिस सौंप दिया है, जिसमें उन्हें 25 मई को पेश होने के लिए कहा है. इसके साथ ही पुलिस की एक टीम गिरिबाला सिंह के घर की छत पर भी पहुंची है, जहां बहू ट्विशा शर्मा का शव फांसी पर लटका मिला था.
यह भी पढ़ें- जिम्नास्टिक हुक से लटका था शव, उस जगह की सामने आई तस्वीर; गिरिबाला को पुलिस ने सौंपा नोटिस
ट्विशा शर्मा केस में दूसरे पोस्टमॉर्टम की तैयारी
वहीं ट्विशा शर्मा मामले में दूसरे पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया भी तेज हो गई है. दिल्ली AIIMS की विशेष मेडिकल टीम आज भोपाल पहुंचेगी. कोर्ट के आदेश के मुताबिक, मेडिकल बोर्ड गठित करने का अधिकार केवल AIIMS दिल्ली के निदेशक को दिया गया था. इसके बाद फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने निदेशक की मंजूरी से चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित किया है, जो पोस्टमॉर्टम करेगा.
बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से रविवार सुबह AIIMS को आधिकारिक अनुरोध भेजा गया था. यह टीम अत्याधुनिक फॉरेंसिक उपकरणों के साथ आज शाम 6 बजे राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए चार्टर्ड विमान से भोपाल रवाना होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं