PM बालेन शाह के भारत दौरे पर बड़े फैसले, स्पेस से सिक्योरिटी तक 8 MoU पर हस्ताक्षर
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की बैठक के दौरान दोनों देशों ने स्पेस, सुरक्षा, स्वास्थ्य, संचार और सुशासन समेत विभिन्न क्षेत्रों में 8 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए. PM मोदी ने हाल की बाढ़ में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा भी की. दोनों देशों के बीच ISRO और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच साउथ एशिया सैटेलाइट के उपयोग के लिए SATCOM नेटवर्क स्थापित करने पर भी समझौता हुआ. वहीं अयोध्या धाम और जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को भी वर्चुअली हरी झंडी दिखाई गई. इससे दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
खबर विस्तार से पढ़ें: नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और राम भी अधूरे- बालेन शाह से पीएम मोदी
'बाहुबली' बनना बंद करें...बिहार के सेशन जज पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी
बिहार के एक सेशन जज की कार्यप्रणाली पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है. मामला एक पुलिस अधिकारी को FIR दर्ज नहीं करने पर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने से जुड़ा है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि अदालत के निर्देश का पालन न करना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता. जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने जज की कानूनी समझ पर सवाल उठाते हुए इसे "बेहद निराशाजनक" बताया और पूछा कि क्या वह अपने अधिकार क्षेत्र में रहकर कार्रवाई कर रहे थे. कोर्ट ने DM और SP को तलब कर उसी दिन दोषी ठहराने के तरीके पर भी आपत्ति जताई.
खबर विस्तार से पढ़ें: बिहार के सेशन जज पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी- कानून पर आपकी समझ निराशाजनक, खुद को बाहुबली न समझें
UP चुनाव: 15 मिनट ही चली सपा-कांग्रेस की बैठक, 3-4 दिन में सीट बंटवारे पर फैसला संभव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच दिल्ली में अहम बैठक हुई. हालांकि बैठक सिर्फ 15 मिनट चली, लेकिन दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया. कांग्रेस की ओर से आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम, जबकि सपा की ओर से रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन शामिल हुए. नेताओं का कहना है कि सीट शेयरिंग को लेकर सहमति बनने की दिशा में बात आगे बढ़ रही है. कांग्रेस को उम्मीद है कि अगले 2 से 4 दिनों में फॉर्मूला फाइनल हो जाएगा
खबर विस्तार से पढ़ें: दिल्ली में कांग्रेस-एसपी सीट बंटवारे पर महज 15 मिनट ही चली बैठक, कल फिर मीटिंग
अग्निवीर पर सियासत तेज: अखिलेश बोले- खत्म करेंगे योजना, कांग्रेस साथ आई
अग्निवीर योजना को लेकर सियासत फिर गरमा गई है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी सरकार बनने पर इस योजना को हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा. कांग्रेस ने भी उनके बयान का समर्थन करते हुए पुरानी सैन्य भर्ती व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई है. कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि अग्निवीर सेना के हित में नहीं है और पुरानी व्यवस्था से ही सेना का गौरव जुड़ा है. वहीं बीजेपी और NDA नेताओं ने विपक्ष पर राजनीतिक बयानबाजी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अग्निवीर योजना युवाओं और देश दोनों के हित में है. इससे योजना को लेकर विपक्ष और बीजेपी के बीच नई राजनीतिक लड़ाई शुरू हो गई है.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'सरकार बनी तो अग्निवीर योजना खत्म...', अखिलेश के ऐलान पर कांग्रेस समर्थन में, BJP का पलटवार
दिल्ली में पहली बार दौड़ेगी 3 डिब्बों वाली मेट्रो, गोल्डन लाइन से लाजपत नगर-साकेत होंगे कनेक्ट
दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन परियोजना को रफ्तार मिल गई है. लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक के बीच 8.3 किमी लंबे कॉरिडोर पर 8 एलिवेटेड स्टेशनों के निर्माण का टेंडर जारी कर दिया गया है. यह लाइन लाजपत नगर, एंड्रयूज गंज, ग्रेटर कैलाश, चिराग दिल्ली, पुष्प विहार और साकेत जैसे घने इलाकों को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगी. लाजपत नगर, चिराग दिल्ली और साकेत जी ब्लॉक पर इंटरचेंज की सुविधा मिलने से नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और पश्चिमी दिल्ली की यात्रा आसान होगी. इससे दक्षिणी दिल्ली में ट्रैफिक का दबाव घटने और यात्रियों का समय बचने की उम्मीद है.
खबर विस्तार से पढ़ें: दिल्ली में पहली बार चलेगी 3 डिब्बो वाली मेट्रो, गोल्डन लाइन देगी लाजपत नगर से साकेत तक कनेक्टिविटी, नोएडा जाना आसान
न्यायपालिका पर नेताओं के बयानों का मामला SC पहुंचा, कोर्ट बोला- राजनीति और अवमानना में फर्क है
न्यायपालिका के खिलाफ नेताओं की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से नहीं रोका जा सकता. सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ वकील गौरव भाटिया ने दलील दी कि मामला राजनीति का नहीं, बल्कि न्यायपालिका की गरिमा और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले बयानों का है. उन्होंने कहा कि याचिका दाखिल होने के बाद भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जो प्रथम दृष्टया अवमानना का मामला बन सकती हैं. इस पर अदालत ने पूछा कि यदि मामला राजनीतिक दलों का नहीं है तो अलग-अलग घटनाओं को एक साथ क्यों जोड़ा गया है.
खबर विस्तार से पढ़ें: राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से नहीं रोक सकते... न्यायपालिका के खिलाफ नेताओं के बयान पर बोला सुप्रीम कोर्ट
अटारी-वाघा बॉर्डर से पाकिस्तान गए 2300 से ज्यादा सिख तीर्थयात्री, ननकाना साहिब में मनाएंगे प्रकाश पर्व
सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 557वीं जयंती के अवसर पर 2,339 भारतीय सिख तीर्थयात्री अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान रवाना हुए हैं. पाकिस्तान सरकार ने इस अवसर के लिए करीब 3,000 भारतीय श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया है. तीर्थयात्री ननकाना साहिब में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे, जो गुरु नानक देव का जन्मस्थान माना जाता है. इस दौरान वे पाकिस्तान के कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों में भी मत्था टेकेंगे और अखंड पाठ साहिब व नगर कीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे. जत्थे का नेतृत्व ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने किया.
यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 2018 के मानहानि मामले में कार्रवाई
यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ 2018 के एक मानहानि मामले में दिल्ली की एक अदालत ने गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है. मामला एक शिकायत से जुड़ा है, जिसमें आरोप है कि राठी ने कथित रूप से मानहानिकारक वीडियो पोस्ट किया था. इससे पहले अक्टूबर में अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था. अब मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी, जहां इस मामले में आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा.
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ पर भड़के गांगुली, BCCI और गंभीर से पूछा- कुलदीप-मानव कहां हैं?
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने टीम चयन को लेकर सवाल उठाए हैं. भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाए, लेकिन मैच जीत नहीं सका. गांगुली ने कहा कि सपाट पिचों पर टेस्ट मैच जीतने के लिए एक स्पेशलिस्ट स्पिनर जरूरी होता है और केवल ऑलराउंडर के भरोसे नहीं रहा जा सकता. उन्होंने गौतम गंभीर और BCCI से सवाल किया कि कुलदीप यादव और मानव सुथार जैसे स्पिनर कहां हैं. दूसरी ओर कप्तान शुभमन गिल ने मैच ड्रॉ रहने के लिए पांचवें दिन पिच के काफी सपाट हो जाने को जिम्मेदार बताया.
6 साल बाद अलग होंगे सपना चौधरी-वीर साहू, तलाक की अर्जी दाखिल
हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी ने पुष्टि की है कि उन्होंने पति वीर साहू से तलाक के लिए अर्जी दायर कर दी है. शादी के करीब 6 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला लिया है. सपना ने कहा कि उनके रिश्ते के टूटने की असली वजह सिर्फ वही और वीर जानते हैं, लेकिन शादी के बाद वह अपनी पहचान और पेशेवर महत्वाकांक्षाओं से दूर हो गई थीं. उन्होंने रिश्तों और प्यार को लेकर भी खुलकर बात की और फिलहाल दोबारा शादी की संभावना से इनकार किया. वहीं, तलाक की खबरों के बीच वीर साहू का एक वीडियो भी चर्चा में है, जिसे सोशल मीडिया पर सपना के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि उन्होंने सीधे कोई टिप्पणी नहीं की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं