विज्ञापन

मां को खिलाया गुटखा और बच्चे को नाश्ते के बहाने ले गया युवक... गुजरात में रेलवे स्टेशन से मासूम का अपहरण

गुजरात के मेहसाणा रेलवे स्टेशन से तीन साल के राहुल का अपहरण हो गया. अज्ञात युवक ने मां रेशमाबेन का भरोसा जीतकर बच्चे को नाश्ते के बहाने ले गया और फरार हो गया.

मां को खिलाया गुटखा और बच्चे को नाश्ते के बहाने ले गया युवक... गुजरात में रेलवे स्टेशन से मासूम का अपहरण
रेलवे स्टेशन से बच्चे का अपहरण.
Photo: NDTV
  • मेहसाणा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात युवक ने मां का विश्वास जीतकर 3 साल के राहुल का अपहरण कर लिया.
  • युवक ने पहले बच्चों को चाय-नाश्ता कराया, फिर एक बच्चे को नाश्ते के बहाने साथ ले गया.
  • पुलिस ने जांच शुरू की है और 4-5 टीमें बनाईं. CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
महेसाणा:

गुजरात में एक रेलवे स्टेशन से तीन साल के मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक अज्ञात युवक ने पहले बच्चे की मां का विश्वास जीता, फिर नाश्ता कराने के बहाने राहुल को साथ ले गया और फरार हो गया. काफी वक्त तक बेटे की तलाश करने के बाद आखिरकार उसकी मां रेशमाबेन ने मेहसाणा रेलवे पुलिस थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी है और इसके लिए कई टीमें बनाई गई हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए 4 से 5 टीमें गठित की हैं. रेलवे स्टेशन और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. वहीं, अहमदाबाद लोकल क्राइम ब्रांच को भी मामले की जानकारी देकर जांच में शामिल किया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

क्या है पूरा मामला? 

दरअसल, गुजरात के मेहसाणा रेलवे स्टेशन पर तीन साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया गया. एक अज्ञात युवक ने पहले बच्चे की मां से बातचीत कर उसका विश्वास जीता और फिर बच्चों को नाश्ता कराने के बहाने तीन साल के राहुल को अपने साथ लेकर फरार हो गया. काफी देर तक युवक और बच्चे के वापस नहीं लौटने पर मां ने रेलवे स्टेशन पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार महिला ने मेहसाणा रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. 

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, मूल रूप से कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ के सोनुर गांव से संबंध रखने वाली रेशमाबेन रामसिंग मारवाड़ी (40) अहमदाबाद के गोमतीपुर इलाके में रहती हैं. वे प्रीति बेन बिहारी की होटल में छिटपुट मजदूरी और घरेलू काम करके अपना गुजारा करती हैं. इसके अलावा, बच्चों के पालन-पोषण के लिए अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर भीख भी मांगती हैं.

महिला ने पुलिस को बताया कि करीब आठ साल पहले पारिवारिक विवाद के चलते वे मुंबई चली गई थीं. इसके बाद लॉकडाउन के दौरान अहमदाबाद आ गईं. अहमदाबाद में कालूपुर के मोतीमहल के सामने स्थित बापू होटल में भोजन करने के दौरान उनकी मुलाकात रामसिंह मारवाड़ी से हुई थी. इसके बाद दोनों साथ रहने लगे. राजस्थान के शिवगंज तहसील के छोटा लोटीवाड़ा गांव में भी उनका आना-जाना था. इस संबंध से उनके दो बच्चे हुए, जिनमें तीन साल का बेटा राहुल और दो साल की बेटी सौना शामिल हैं.

हालांकि, आपसी विवाद की वजह से पति रामसिंह उन्हें छोड़कर चला गया. पिछले करीब डेढ़ साल से रेशमाबेन अपने दोनों बच्चों के साथ बापू होटल के पास फुटपाथ पर रहकर उनका पालन-पोषण कर रही थीं.

ट्रेन बदलने के लिए मेहसाणा स्टेशन पर उतरी थी महिला

शिकायत के मुताबिक, दिवाली के दूसरे दिन सोमवार सुबह करीब 6 बजे रेशमाबेन अपने दोनों बच्चों के साथ साबरमती रेलवे स्टेशन से जनरल कोच में सवार होकर पति के गांव लोटीवाड़ा जाने के लिए निकली थीं. ट्रेन में सफर के दौरान उन्हें नींद आ गई. जब ट्रेन मेहसाणा रेलवे स्टेशन पहुंची तो उनकी नींद खुली. पूछताछ करने पर पता चला कि ट्रेन पाटन की ओर से जोधपुर जा रही है, जबकि उन्हें सिरोही की तरफ जाना था. इसके बाद वे अपने दोनों बच्चों के साथ मेहसाणा रेलवे स्टेशन पर उतर गईं.

इसके बाद महिला प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 के उत्तर दिशा की ओर स्थित एक स्टॉल के पास बैठ गईं. वहां करीब 25 से 30 साल का एक अज्ञात युवक भी बैठा हुआ था. महिला ने उस युवक से विमल गुटखे की दो पुड़िया ली. धीरे-धीरे युवक बच्चों के साथ घुलने-मिलने लगा और उन्हें खिलाने लगा.

आरोपी ने ऐसे जीता विश्वास...

महिला के मुताबिक, युवक ने आसपास के स्टॉल्स से बच्चों को चाय-पानी और नाश्ता भी करवाया. युवक का बच्चों के प्रति व्यवहार देखकर रेशमाबेन को उस पर भरोसा हो गया. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि बच्चों के साथ घुल-मिल रहा यह युवक उनके तीन साल के बेटे को लेकर फरार हो जाएगा.

Latest and Breaking News on NDTV

शाम करीब 5 बजे तीन साल के राहुल को भूख लगी तो युवक उसे नाश्ता कराने के बहाने अपने साथ ले गया. महिला को लगा कि युवक कुछ देर में बच्चे को लेकर वापस आ जाएगा, लेकिन करीब एक घंटा गुजर जाने के बाद भी युवक राहुल के साथ नहीं लौटा.

इसके बाद रेशमाबेन ने प्लेटफॉर्म और रेलवे स्टेशन परिसर में युवक और बच्चे की तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चला. महिला को लगा कि शायद युवक बच्चे को नजदीकी पुलिस स्टेशन में छोड़कर चला गया होगा. इसी उम्मीद में महिला ट्रेन पकड़कर आबूरोड पहुंची. मेहसाणा, अहमदाबाद और पालनपुर सहित अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर बेटे राहुल का कोई सुराग नहीं मिला.

तलाश में जुटीं पुलिस टीमें...

मामले की जांच कर रहे अधिकारी जे.जी. देसाई ने बताया कि अपहृत बच्चे की तलाश के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है. रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच और एनालिसिस किया जा रहा है. इसके लिए 4 से 5 पुलिस टीमें अलग-अलग दिशाओं में काम कर रही हैं. इसके अलावा, अहमदाबाद लोकल क्राइम ब्रांच को भी मामले की जानकारी दी गई है, जिसके बाद वहां भी बच्चे और संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है.

(रिपोर्ट- रावल अपूर्व कांजीभाई)

यह भी पढ़ें | गोल्डी बराड़ अमेरिकी एजेंसी FBI की 10 मोस्ट वांटेड की लिस्ट में शामिल, गिरफ्तारी पर साढ़े 8 करोड़ का इनाम

यह भी पढ़ें | ₹5,000 के UPI ट्रांजैक्शन ने खोला अपहरण का राज, दिल्ली पुलिस ने 3 घंटे में बच्चे को छुड़ाकर किडनैपर को दबोचा

यह भी पढ़ें | गोली मारो, चाकू से गोद डालो, या नंगे होकर भागो; कोलकाता के पिता-पुत्र को हैवानों ने दिए थे तीन रास्ते

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat, Gujarat Crime, Mehsana Crime News, Kidnaping Case, Gujarat Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com