- दिल्ली में आज कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे पर मीटिंग
- कांग्रेस की तरफ से आराधना मिश्रा, इमरान मसूद, राजेंद्र पाल गौतम शामिल हुए
- एसपी की तरफ से रामगोपाल यादव, राजीव राय, इकरा हसन शामिल हुईं
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर आज दिल्ली में चर्चा हुई. हालांकि, ये बैठक महज 15 मिनट ही चली. बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने कहा कि बातचीत अच्छे माहौल में हुई है. यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने उम्मीद जताई है कि अगले दो-चार दिनों में दोनों दलों में सीट बंटवारे पर बात बन जाएगी.
इससे पहले कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के घर दोनों दलों की बैठक हुई. कांग्रेस की तरफ से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुई. समाजवादी पार्टी की तरफ से रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हुए. एसपी की तरफ से डेटा एक्सपर्ट भी मीटिंग में शामिल हुए.
बस 15 मिनट ही चली बैठक
हालांकि, सीट बंटवारे पर यह मीटिंग केवल 15 मिनट ही चली. मीटिंग से पहले प्रमोद तिवारी ने कहा था कि यूपी चुनाव में हमें दो तिहाई बहुमत मिलेगा. उन्होंने साथ ही जोड़ा कि सीट बंटवारे की हम कोई डेडलाइन नहीं बता सकते हैं. क्या पता आज ही हो जाए.
कल फिर होगी बैठक
यूपी कांग्रेस चीफ आराधना मिश्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि तीन-चार दिनों में सीट बंटवारे पर बात फाइनल हो जाएगी. उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर कल भी बैठक होगी. यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सीटों को लेकर दोनों दलों में सहमति है. उधर, समाजवादी पार्टी नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि अच्छे माहौल में बैठक हुई है और दोनों दल दो-तीन दिनों में सीट बंटवारा फाइनल कर लेंगे.
यह भी पढ़ें | कांग्रेस से सीट शेयरिंग पर चर्चा के लिए अखिलेश यादव ने बनाई कमेटी, दो डाटा एनालिस्ट भी शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं