- दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन पर 8 एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण शुरू होगा और इसका टेंडर जारी हो चुका है.
- यह लाइन लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक 8.385 किलोमीटर लंबी होगी और दक्षिणी दिल्ली के घने इलाकों को जोड़ेगी.
- गोल्डन लाइन पर तीन इंटरचेंज स्टेशन होंगे जो यात्रियों को पिंक, वायलेट और मजेंटा लाइनों से कनेक्ट करेंगे.
दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन पर बड़ा अपडेट आया है. लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक के बीच बनने वाली गोल्डन लाइन के कॉरिडोर में 8 एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने इन स्टेशनों को बनाने का टेंडर दे दिया है. इस लाइन के तैयार होने से न केवल दिल्ली बल्कि एनसीआर के लोगों को भी फायदा होगा. इसमें तीन इंटरचेंज स्टेशन होंगे, जिसमें लाजपत नगर, चिराग दिल्ली और साकेत जी ब्लॉक होगा, इससे तीन तरफ जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा. जिससे दक्षिणी दिल्ली के लोगों को यात्रा का समय और बचेगा. 8.385 किलोमीटर के लंबे इस रूट पर अब तेजी से काम शुरू होगा.
दिल्ली के इन इलाकों को जोड़ेगी यह गोल्डन लाइन
लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक बिछने वाली यह गोल्डन लाइन दक्षिण दिल्ली के सबसे घने और सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाले इलाकों को आपस में जोड़ने वाली है, जिसका डबल फायदा होने वाला है. इससे न केवल यात्रियों का आने जाने में आसानी होगी, बल्कि ट्रैफिक का दवाब भी कम होगा. यह कॉरिडोर लाजपत नगर, एंड्रयूज गंज, ग्रेटर कैलाश, चिराग दिल्ली, पुष्प विहार और साकेत इलाकों को मेट्रो से जोड़ देगा. अभी इन इलाकों के कई हिस्सों से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए बस, ऑटो, ई-रिक्शा या निजी वाहनों से जाना पड़ता है. जिससे कई लोगों को आने जाने में 20 से 30 मिनट का समय लग जाता है. गोल्डन लाइन शुरू होने के बाद यह निर्भरता खत्म हो जाएगी. वहीं साकेत जिला अदालत से ऑफिस, बाजार और अस्पतालों तक पहुंच आसान होगी, पुष्पा भवन के पास सरकारी कार्यालयों में काम करने वालों को भी सीधा फायदा मिलेगा. ग्रेटर कैलाश-1 और एंड्रयूज गंज जैसे पॉश इलाकों में रहने वाले लोगों को भी पहली बार अपने घर के पास मेट्रो मिलेगी.
ये तीन इंटरचेंज स्टेशन होंगे
लाजपत नगर: यहां यात्री पिंक, वायलेट और गोल्डन लाइन के बीच मेट्रो बदल सकेंगे. जिससे यह एक ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन होगा. लाजपत नगर से आप सीधे नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और पश्चिमी दिल्ली की तरफ जा सकेंगे.
चिराग दिल्ली: यहां मजेंटा लाइन और गोल्डन लाइन के बीच इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी, इससे जनकपुरी, बॉटनिकल गार्डन, नोएडा और कालकाजी की तरफ जाना आसान हो जाएगा.
साकेत जी ब्लॉक: इस स्टेशन को एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर जो गोल्डन लाइन की मेन लाइन से जोड़ देगा. इस स्टेशन को 4 प्लेटफॉर्म वाले एलिवेटेड इंटरचेंज के रूप में डिजाइन किया जा रहा है, ताकि क्रॉस-प्लेटफॉर्म ट्रांसफर आसान हो, यहां से यात्री सीधे एयरपोर्ट, वसंत कुंज, छतरपुर, तुगलकाबाद और कालिंदी कुंज की तरफ जा सकेंगे.
दिल्ली मेट्रो ने रखा 22 महीने का टारगेट
दिल्ली मेट्रो की इस गोल्डन लाइन को 22 महीने में पूरा करने का टारगेट रखा गया है. यानि पूरी परियोजना को जून 2029 तक पूरी हो सकती है. करीब 8.385 किलोमीटर लंबे इस रूट पर स्टेशन निर्माण का काम 137.92 करोड़ रुपये में आवंटित किया गया है. कॉरिडोर के निर्माण की प्रक्रिया पिछले साल दिसंबर 2025 में शुरू हो चुकी है, जब पुष्पा भवन के पास पहली टेस्ट पाइल का काम हुआ था. अब स्टेशन बनाने का काम भी शुरू होने जा रहा है.
इन 8 स्टेशनों का होगा निर्माण
- लाजपत नगर
- एंड्रयूज गंज
- ग्रेटर कैलाश-1
- चिराग दिल्ली
- पुष्पा भवन
- साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर
- पुष्प विहार
- साकेत जी ब्लॉक
इस गोल्डन लाइन पर चलेगी मिनी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो के इस गोल्डन लाइन की सबसे खास बात यह है कि इस पर पहली बार मिनी मेट्रो चलेगी, जिसमें केवल तीन कोच ही होंगे. सामान्य मेट्रो में 6 या 8 कोच होते हैं, लेकिन यह रूट छोटा है, इसलिए DMRC ने 3 कोच वाली ट्रेन चलाने की योजना बनाई है. हर ट्रेन में करीब 900 यात्री सफर कर सकेंगे, यानी हर कोच में करीब 300 यात्री होंगे. दिल्ली मेट्रो का अनुमान है कि शुरुआत में इस रूट पर रोजाना 60,000 से 80,000 यात्री सफर करेंगे और 2041 तक यह संख्या 1.2 लाख होंगे. जबकि दिल्ली मेट्रो ने यह भी बताया है कि अगर यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो फिर कोच भी बढ़ाए जाएंगे.
दिल्ली-NCR के इन इलाकों को फायदा
दिल्ली मेट्रो की इस गोल्डन लाइन का केवल दिल्ली को ही फायदा नहीं होगा. बल्कि दिल्ली-NCR के पूरे कॉरिडोर को फायदा होगा.नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम-एयरपोर्ट, फरीदाबाद-बदरपुर, पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली तक कनेक्टिविटी देगा. इस लाइन के शुरू होने से ट्रैफिक का असर भी कम होगा. क्योंकि अभी इस इलाके में वाहनों का इस्तेमाल ज्यादा होता है, लेकिन यह रूट शुरू होने से यात्री मेट्रो का सहारा ले सकेंगे.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली से नोएडा-गुरुग्राम जाना होगा आसान, मैजेंटा लाइन के 6 नए स्टेशन तैयार, जनवरी 2027 तक शुरू!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं