विज्ञापन

दिन भर की 10 बड़ी खबरें: BJP का 2027 मंत्र, राहुल का शिव-पार्वती वाला पलटवार और धोनी युग का अंत

BJP की 2027 चुनावी रणनीति, राहुल गांधी का शिव-पार्वती पोस्ट, QUAD बैठक में PM मोदी और ट्रंप का वायरल पल, आजम खान को हाई कोर्ट से राहत, चक्रवात अकवान का अलर्ट, चारधाम यात्रा का रिकॉर्ड और IPL 2027 रिटेंशन लिस्ट में धोनी युग के अंत समेत पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें.

दिन भर की 10 बड़ी खबरें: BJP का 2027 मंत्र, राहुल का शिव-पार्वती वाला पलटवार और धोनी युग का अंत

 'राधे-राधे, कमल खिला दे'... 2027 के लिए BJP का यूपी मंत्र तैयार, 'जंगलराज बनाम सुशासन' होगा बड़ा मुद्दा

BJP ने मथुरा में हुई दो दिवसीय 'योजना बैठक' में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया. पार्टी का फोकस तीन बड़े मुद्दों पर रहेगा, विकास, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान/राष्ट्रवाद. कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान का केंद्र बनाने के साथ बूथ स्तर पर युवा मतदाताओं को जोड़ने की योजना पर जोर दिया गया.बैठक में 'राधे-राधे, कमल खिला दे' संदेश को राज्यभर के बूथों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई. साथ ही संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की जरूरत पर भी चर्चा हुई, ताकि चुनाव से पहले किसी तरह का असंतोष नुकसान न पहुंचाए.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'राधे राधे, कमल खिला दे', मथुरा से भाजपा का चुनावी नारा, कैसे अयोध्या जाने वाले अखिलेश को घेरने की तैयारी

आजम खान को बड़ी राहत, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत

आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है. आजम खान ने ED द्वारा की गई गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती दी थी. मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और उससे जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन की जांच से जुड़ा है. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका सुनने के बजाय मामले को हाई कोर्ट भेज दिया था. हाई कोर्ट से मिली इस राहत के बावजूद मामले की सुनवाई और ED की जांच आगे भी जारी रहेगी.
खबर विस्तार से पढ़ें: आजम खान को हाई कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत, ED केस में बड़ी राहत; जेल से आ सकते हैं बाहर

'मम्मी पापा की गोद' वाले बयान पर घिरे राहुल ने शिव-पार्वती की तस्वीर पोस्ट करके दिया जवाब 

राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी के रिश्ते पर की गई टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच भगवान शिव और पार्वती की तस्वीर साझा कर भाजपा और RSS पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भय, गुस्से और नफरत ने BJP-RSS समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जिससे वे प्रेम को महसूस और व्यक्त नहीं कर पाते.राहुल गांधी ने खुद को "सच्चा हिंदू" बताते हुए कहा कि उनका कर्तव्य है कि लोगों को इस नफरत से बाहर निकालें, ताकि वे प्रेम और अपनापन महसूस कर सकें. उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन "सत्यम शिवम सुंदरम" के साथ किया.
खबर विस्तार से पढ़ें: सोनिया-राजीव की केमिस्ट्री पर हुई ट्रोलिंग तो राहुल ने शिव-पार्वती की फोटो से दिया जवाब

QUAD बैठक में दिखा खास पल, PM मोदी ने ज़मीन पर पड़ा तिरंगा उठाया, ट्रंप बोले- 'इसे संभालकर रखिए'

फिलीपींस की राजधानी मनीला में QUAD नेताओं की बैठक के दौरान एक खास पल देखने को मिला. नेताओं के आगमन के लिए लगाए गए स्पॉट मार्कर के रूप में इस्तेमाल भारतीय ध्वज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पास उठा लिया. इसी दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, "Save it" यानी इसे संभालकर रखिए. यह छोटा सा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया, जहां कई लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान को लेकर पीएम मोदी के इस कदम की सराहना की. 

IMD की चेतावनी: अकवान बनेगा आफत, कई राज्यों में बारिश तो दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक चक्रवात अकवान के असर से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में घने कोहरे और ठंड का असर बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने दक्षिण और पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं उत्तर भारत में सुबह और रात के समय विजिबिलिटी कम होने की आशंका जताई है. आने वाले दिनों में चक्रवात की स्थिति और उसके प्रभाव पर नजर बनाए रखी जा रही है.
खबर विस्तार से पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली में कोहरा-ठंड, बंगाल से बिहार तक चक्रवात 'अकवान' का खतरा, 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट

आनंद विहार और नई दिल्ली स्टेशन से सुबह जल्दी मिलेगी मेट्रो, DMRC का बड़ा फैसला

DMRC ने छठ पूजा के बाद दिल्ली लौट रहे यात्रियों की सुविधा के लिए 18 से 22 नवंबर तक मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है. आनंद विहार मेट्रो स्टेशन की ब्लू और पिंक लाइन तथा नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन की येलो लाइन पर सुबह 5:15 बजे से सेवाएं शुरू होंगी.साथ ही राजीव चौक और कश्मीरी गेट जैसे प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि रेड, ग्रीन और वायलेट लाइन के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके. यह व्यवस्था छठ मनाकर राजधानी लौट रहे बड़ी संख्या में यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए की गई है. 

आस्था ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 65 लाख के पार पहुंचा चारधाम यात्रियों का आंकड़ा; बद्रीनाथ में सर्वाधिक दर्शन

उत्तराखंड में साल 2026 की चार धाम यात्रा समाप्त हो चुकी है. अब अगले साल 2027 में अप्रैल या मई के महीने में चार धाम यात्रा की शुरुआत होगी.साल 2026 में रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन करने के लिए आये थे. चार धाम में 65 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए जो कि पिछले साल 2025 के मुकाबले लगभग 15 लाख ज्यादा है जिसमें इस बार सबसे ज्यादा बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने दर्शन किये. उत्तराखंड के चार धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री ,यमुनोत्री के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद हुए हैं केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को बंद किए गए हैं. 

IPL 2027 के लिए सभी 10 टीमों की रिटेंशन लिस्ट जारी, धोनी युग खत्म, कई बड़े नाम रिलीज

IPL 2027 मिनी ऑक्शन से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपनी रिटेंशन और रिलीज लिस्ट जारी कर दी है, जिसके बाद लीग में बड़े बदलावों की तस्वीर साफ होने लगी है. सबसे बड़ी खबर एम एस धोनी का खिलाड़ी के रूप में सफर खत्म होना रही, क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें रिलीज कर टीम का मेंटर बना दिया है.रिटेंशन प्रक्रिया में कई बड़े नामों पर भी गाज गिरी. Mitchell Starc को दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज किया, जबकि ट्रेविस हेड सनराइजर्स हैदराबाद से अलग हो गए. मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स और अन्य टीमों ने भी अपनी रणनीति के तहत कई खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया है.

दिल्ली कैपिटल्स ने स्टार्क-नितीश राणा समेत 9 खिलाड़ियों को किया रिलीज, ऑक्शन से पहले बड़ा फैसला

Delhi Capitals ने IPL 2027 के लिए अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करते हुए बड़ा फेरबदल किया है. फ्रेंचाइजी ने Mitchell Starc, Nitish Rana समेत कुल 9 खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है. टीम प्रबंधन ने अगले सीजन के लिए नई रणनीति के तहत अपने कोर ग्रुप को बनाए रखते हुए कई बड़े नामों से दूरी बनाने का फैसला किया है.अब दिल्ली के पास मिनी ऑक्शन में खर्च करने के लिए बड़ा पर्स उपलब्ध होगा, जिससे वह अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए नए खिलाड़ियों पर दांव लगा सकती है. फ्रेंचाइजी के इस फैसले ने आगामी ऑक्शन को और दिलचस्प बना दिया है, क्योंकि रिलीज किए गए खिलाड़ियों पर अन्य टीमों की नजर रहने वाली है.

पंचायत 5 के लिए फैंस की बढ़ी मुश्किल, बनराकस ने फिर बदल दी शर्त

प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज'पंचायत 5' की रिलीज को लेकर नया अपडेट सामने आया है. पहले क्रांति देवी ने रिलीज डेट बताने के लिए 1 करोड़ गेंदे के फूलों का हार पहनाने की शर्त रखी थी, जिसे फैंस ने पूरा भी कर दिया. लेकिन अब बनराकस (दुर्गेश कुमार) ने नया ट्विस्ट देते हुए यह मांग बढ़ाकर 10 करोड़ हार कर दी है. फैंस सोशल मीडिया पर लगातार रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं, जबकि फुलेरा के नए सत्ता समीकरणों और क्रांति देवी के प्रधान बनने के बाद पांचवें सीजन को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है. फिलहाल रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Today Top News, Up Election 2027, Azam Khan Bail
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com