विज्ञापन

दिन की 10 बड़ी खबरें: राहुल को SC से क्या मिला जवाब, लॉरेंस की विजिटर लिस्ट और धोनी खेलेंगे या नहीं?

राहुल गांधी की नई याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी, यूपी की नई वोटर लिस्ट, ASEAN Summit में PM मोदी का बयान, लॉरेंस बिश्नोई गैंग जांच, बिलकिस बानो की प्रतिक्रिया, आजम खान को राहत, MS Dhoni के भविष्य पर सस्पेंस और पंचायत 5 का नया अपडेट समेत पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें.

दिन की 10 बड़ी खबरें: राहुल को SC से क्या मिला जवाब, लॉरेंस की विजिटर लिस्ट और धोनी खेलेंगे या नहीं?

राहुल गांधी की नई मांग पर SC ने कहा- पहले चुनाव आयोग का पक्ष सुनेंगे

सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की चुनाव आयोग और विभिन्न राज्यों में चल रही SIR प्रक्रिया से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई 9 दिसंबर तक टाल दी है. याचिकाकर्ताओं की ओर से कपिल सिब्बल ने नई अर्जी पर नोटिस जारी करने की मांग की, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) से 48 सवाल पूछने की अनुमति मांगी गई है. हालांकि CJI सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने फिलहाल नोटिस जारी करने से इनकार करते हुए कहा कि पहले चुनाव आयोग का पक्ष सुना जाएगा, उसके बाद नई अर्जी पर फैसला किया जाएगा.

यूपी की नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 19 लाख नए मतदाता जुड़े

उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने SSR के तहत नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. राज्य में करीब 18.84 लाख नए मतदाता जुड़ने के बाद कुल मतदाताओं की संख्या 13.58 करोड़ से अधिक हो गई है. सूची में 7.38 करोड़ पुरुष और 6.20 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 11.83 लाख से ज्यादा वोटर दर्ज किए गए हैं. 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी.
खबर विस्तार से पढ़ें: यूपी में SSR के बाद नई ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 18.84 लाख मतदाता बढ़े पर जनगणना से 2.58 करोड़ का अंतर

'एक चौथाई दुनिया का प्रतिनिधित्व करते हैं हम', आशियान समिट में PM मोदी का बड़ा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23वें आशियान समिट में कहा कि भारत और ASEAN देशों का भविष्य प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि सहयोग से तय होगा. फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित शिखर सम्मेलन में उन्होंने कहा कि भारत और ASEAN मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और क्षेत्र को शांति व स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि Act East Policy ने दोनों पक्षों के रिश्तों को नई गति दी है और साझेदारी अब संस्कृति से आगे बढ़कर डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों तक पहुंच गई है. उन्होंने 100 से अधिक पहलों, 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स और 10 हजार स्कॉलरशिप का भी उल्लेख किया.

जेल में कौन मिलता है लॉरेंस से? दिल्ली पुलिस ने मांगी सालों की पूरी लिस्ट

दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के कथित एक्सटॉर्शन नेटवर्क की जांच तेज करते हुए साबरमती सेंट्रल जेल प्रशासन से पिछले कुछ वर्षों में उससे मिलने आए लोगों की पूरी जानकारी मांगी है. पुलिस को शक है कि जेल में मुलाकात के जरिए बाहर की सूचनाएं और निर्देशों का आदान-प्रदान होता है. हाल के दिनों में कारोबारियों और बॉलीवुड हस्तियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली रंगदारी और जान से मारने की धमकियों के बाद यह कदम उठाया गया है. जांच एजेंसियां अब जेल के अंदर, बाहर और विदेशों तक फैली उस संपर्क चेन का पता लगाने में जुटी हैं, जिसके जरिए कथित तौर पर गैंग का नेटवर्क संचालित हो रहा है.

खबर विस्तार से पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई को लेकर दिल्ली पुलिस का बड़ा कदम, साबरमती जेल में मिलने वालों की मांगी लिस्ट; बड़ी जांच की तैयारी

बिलकिस बानो बोलीं- मुझे सुने बिना ही दोषियों को जमानत दे दी गई

सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले के दो दोषियों की आजीवन कारावास की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी है. दोनों दोषी 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं. फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बिलकिस बानो ने कहा कि उन्हें सुने बिना आदेश दिया गया और इसकी जानकारी उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स से मिली. उन्होंने हैरानी और दुख जताते हुए सवाल उठाया कि पीड़िता का पक्ष सुने बिना ऐसा फैसला कैसे लिया गया.
खबर विस्तार से पढ़ें: दो दोषियों की जमानत पर बिलकिस बानो का बयान- सुप्रीम कोर्ट ने मुझे सुने बिना दूसरी बार आदेश पारित किया

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र केस में आजम खान, पत्नी और बेटे को SC से राहत,यूपी सरकार की अपील खारिज

आजम खान और उनके परिवार को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें आजम खान को मिली राहत को चुनौती दी गई थी. अदालत ने उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे आजम खान की दोषसिद्धि पर भी रोक लगा दी. मामला आजम खान के कथित दो अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्रों से जुड़ा है, जिसमें 2023 में तीनों को सात साल की सजा सुनाई गई थी. हालांकि, यह अंतिम बरी होना नहीं है और मामले की कानूनी सुनवाई आगे भी जारी रहेगी.

रोहित पवार के आरोपों पर बोलीं सुप्रिया सुले- रिपोर्ट का इंतजार करें, CM ने तो खुद जांच तेज करने को कहा था

सुप्रिया सुले ने अजित पवार विमान हादसा जांच मामले में कहा कि जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद सार्वजनिक मंच से केंद्रीय गृह मंत्री से जांच में तेजी लाने की मांग कर चुके हैं. सुले ने बताया कि रोहित पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय वह सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम के लिए दिल्ली जा रही थीं और आरोपों की जानकारी उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स से मिली. उन्होंने कहा कि यह मामला राज्य सरकार नहीं बल्कि केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है और वह रोहित पवार से बात कर पूरे मामले को समझेंगी.

महाराष्ट्र में 34 हजार कोर्ट कर्मचारी हड़ताल पर, वेतन समानता को लेकर राज्य में न्यायिक कामकाज ठप

महाराष्ट्र की अधीनस्थ अदालतों के करीब 34 हजार कर्मचारियों ने 17 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. हड़ताल में क्लर्क, स्टेनोग्राफर, बेलिफ और चपरासी समेत न्यायिक कर्मचारी शामिल हैं, जिससे कई जिला और तहसील अदालतों में रजिस्ट्रेशन, रिकॉर्ड प्रबंधन और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ है. कर्मचारी बॉम्बे हाई कोर्ट के कर्मचारियों के बराबर वेतन और सेवा लाभ, पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, संविदा भर्ती खत्म कर स्थायी नियुक्तियां और स्वतंत्र शिकायत निवारण तंत्र की मांग कर रहे हैं.

क्या IPL 2027 में दिखेंगे धोनी? CSK की रिटेंशन लिस्ट पर टिकी करोड़ों फैंस की नजर

IPL 2027 के लिए सभी फ्रेंचाइजियों को अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करनी है, लेकिन सबसे ज्यादा नजर MS Dhoni और Chennai Super Kings पर है. पिछले सीजन चोट की वजह से एक भी मैच नहीं खेलने वाले 45 वर्षीय धोनी ने अब तक अपने भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. माना जा रहा है कि अगर CSK की रिटेंशन लिस्ट में उनका नाम शामिल होता है तो उनके अगले सीजन में खेलने की संभावना बनी रहेगी, जबकि नाम नहीं होने पर IPL में उनका शानदार सफर खत्म हो सकता है. यही वजह है कि फैंस और क्रिकेट जगत की नजर सबसे ज्यादा CSK की सूची पर टिकी हुई है.
खबर विस्तार से पढ़ें: आज होगा धोनी के भविष्य का फैसला! रिटेंशन लिस्ट में आया नाम तो खेलेंगे IPL 2027, नहीं तो खत्म होगा सफर

पंचायत 5 के लिए फैंस की बढ़ी मुश्किल, बनराकस ने फिर बदल दी शर्त

प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज'पंचायत 5' की रिलीज को लेकर नया अपडेट सामने आया है. पहले क्रांति देवी ने रिलीज डेट बताने के लिए 1 करोड़ गेंदे के फूलों का हार पहनाने की शर्त रखी थी, जिसे फैंस ने पूरा भी कर दिया. लेकिन अब बनराकस (दुर्गेश कुमार) ने नया ट्विस्ट देते हुए यह मांग बढ़ाकर 10 करोड़ हार कर दी है. फैंस सोशल मीडिया पर लगातार रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं, जबकि फुलेरा के नए सत्ता समीकरणों और क्रांति देवी के प्रधान बनने के बाद पांचवें सीजन को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है. फिलहाल रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Rahul Gandhi, Election Commission, UP Voter List
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com