'भारत कहां है, ये भी नहीं पता था...' सोनिया गांधी ने सुनाए निजी जिंदगी के अनसुने किस्से
सोनिया गांधी ने अपनी किताब के विमोचन कार्यक्रम में निजी जिंदगी से जुड़े कई भावुक और अनसुने किस्से साझा किए. उन्होंने बताया कि 1968 में भारत आने पर उन्हें देश और राजनीति के बारे में बहुत कम जानकारी थी. इंदिरा गांधी को 'मां' कहने में भी उन्हें शुरुआत में झिझक होती थी, लेकिन समय के साथ रिश्ता गहरा हुआ. सोनिया ने कहा कि वह नहीं चाहती थीं कि राजीव गांधी राजनीति में जाएं, लेकिन हालात ने उन्हें स्वीकार करना सिखाया. उन्होंने यह भी बताया कि राजीव गांधी की हत्या के बाद राहुल और प्रियंका ने उन्हें संभाला, जबकि सुरक्षा कारणों से दोनों बच्चों का बचपन और पढ़ाई भी काफी हद तक सामान्य नहीं रह पाई.
दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब लॉन्च, अमरिंदर सिंह और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं की रही मौजूदगी
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के लॉन्च कार्यक्रम में विभिन्न दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए. दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, फारूक अब्दुल्ला और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी समेत कई नेताओं की मौजूदगी रही. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में पहुंचे. अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की एक मंच पर मौजूदगी ने इस आयोजन को सिर्फ साहित्यिक नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी खास बना दिया.
UP 2027 के लिए कांग्रेस की बड़ी तैयारी, सीट बंटवारे पर SP से बातचीत को बनी 5 सदस्यीय कमेटी
2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत 5 सदस्यीय कमेटी गठित की है. 17 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस और SP नेताओं के बीच बैठक होने की संभावना है. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस 403 में से 181 सीटों की मांग कर रही है. कांग्रेस ने दिसंबर के पहले सप्ताह से राज्यव्यापी चुनाव अभियान शुरू करने का भी फैसला किया है. खड़गे और वेणुगोपाल ने दावा किया कि INDIA गठबंधन यूपी में BJP को कड़ी चुनौती देगा और यह चुनाव राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करेगा.
'अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी', मथुरा से केशव मौर्य का बड़ा सियासी संदेश
मथुरा में भाजपा की योजना बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 में बीजेपी लगातार तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है और विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य केवल भाजपा ही पूरा कर सकती है. मौर्य ने यह भी दावा किया कि यूपी का 60 प्रतिशत वोट भाजपा के साथ है. इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मथुरा आकर कारसेवा करनी चाहिए. बैठक से निकला सबसे चर्चित राजनीतिक संदेश रहा, "अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी."
रोहित पवार का बड़ा दावा, कहा- टेंडर बदला न जाता तो अजित पवार जिंदा होते, VSR को मिल रहा है सत्ता का सरंक्षण
एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने विधानसभा में VSR और उसके मालिकों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि विमान सेवा से जुड़े एक टेंडर की शर्तों में दबाव में बदलाव किया गया और अगर ऐसा नहीं होता तो "दादा" आज जीवित होते. रोहित पवार ने यह भी आरोप लगाया कि VSR के मालिकों की विदेशी संपत्तियां हैं और उन्हें सत्ता में बैठे लोगों का संरक्षण मिल रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम लेते हुए भी सवाल उठाए. हालांकि, ये सभी आरोप रोहित पवार के दावे हैं और संबंधित पक्षों की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.
कोहरे से उत्तर भारत बेहाल, दक्षिण पर चक्रवात का खतरा... IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
IMD के मुताबिक 17 नवंबर को उत्तर भारत, खासकर दिल्ली, यूपी और आसपास के इलाकों में घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. वहीं बंगाल की खाड़ी में बना दबाव गहरा होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की आशंका है. कई शहरों में प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है, जिससे दृश्यता और वायु गुणवत्ता प्रभावित रह सकती है.
खबर विस्तार से पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में कोहरा , बंगाल-आंध्र में बारिश और चक्रवात, IMD ने 18 राज्यों में जारी किया अलर्ट
चर्च और मंदिरों में भी लोग नाचते हैं...DJ पार्टी को बदनाम क्यों कर रहे हैं: केरल हाईकोर्ट
केरल हाईकोर्ट ने राज्य में DJ पार्टियों और नाइटलाइफ के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ संगीत पर नाचने को नशे या गैरकानूनी गतिविधियों से नहीं जोड़ा जा सकता. कोर्ट ने पूछा कि जब होटल को रात 3 बजे तक बार चलाने का लाइसेंस है तो DJ कार्यक्रमों पर ही रोक क्यों लगाई जा रही है. सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि पुलिसिंग पूर्वाग्रहों और रूढ़ धारणाओं के आधार पर नहीं हो सकती. मामला कोच्चि के एक होटल से जुड़ा है, जिसने देर रात DJ कार्यक्रमों पर पुलिस की रोक को चुनौती दी थी.
गुरदासपुर में पुलिसकर्मी की हत्या से सनसनी, हत्या के बाद खालिस्तानी धमकी से हड़कंप
पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हुआ, जिसमें 'तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान' नामक संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की सत्यता की जांच कर रही हैं. पुलिस हत्या के कारणों और संभावित आतंकी या संगठित नेटवर्क के एंगल से जांच में जुटी है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है.
"मुझे अपनी जिंदगी की उम्मीद नहीं..." जेल से इमरान खान का जजों को खुला खत
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल से जजों को एक खुला पत्र लिखकर अपनी सेहत और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. पत्र में खान ने कहा कि उन्हें अपनी जिंदगी की उम्मीद कम नजर आ रही है और अदालत से हस्तक्षेप की अपील की है. इस पत्र के सामने आने के बाद पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'मैं शायद जिंदा वापस न आऊं': पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान ने छोड़ी जिंदगी की आस, जजों को लिखा खुला खत
अमिताभ बच्चन को मारने की साजिश? दिल्ली पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों गैंग के 3 शूटर दबोचे
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान सामने आया कि गैंग हाई-प्रोफाइल टारगेट्स पर हमले की साजिश रच रहा था. रिपोर्ट के मुताबिक अमिताभ बच्चन और उनके परिवार को लेकर भी धमकियों का जिक्र सामने आया है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इसे हमले की पक्की साजिश नहीं बताया है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क, हथियारों तथा संभावित टारगेट्स की जांच की जा रही है.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लो, फिर भी मारेंगे गोली...', गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की अमिताभ और अभिषेक बच्चन को धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं